मारुति सुजुकी आने वाले एक साल में अपनी कई कारों को अपडेट करने की तैयारी में है। कंपनी के आगामी मॉडल में नई 7-सीटर इलेक्ट्रिक एमपीवी, वाईएमसी, प्रीमियम एमपीवी इनविक्टो का फेसलिफ्ट, फ्रोंक्स फेसलिफ्ट और एक्सएल6 फेसलिफ्ट शामिल हैं। इन कारों में नए डिजाइन, बेहतर फीचर्स और तकनीकी बदलाव देखने को मिल सकते हैं। हालांकि, अभी कंपनी की तरफ से इन कारों के लॉन्च को लेकर अभी कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई है।
Upcoming Maruti Cars: जानें क्या है लेटेस्ट अपडेट
Maruti YMC Electric MPV: 7-सीटर इलेक्ट्रिक कार
मारुति सुजुकी की अपकमिंग वाईएमसी इलेक्ट्रिक एमपीवी कंपनी की इलेक्ट्रिक कार रणनीति का अहम हिस्सा हो सकती है। टेस्टिंग के दौरान देखे गए मॉडल में बॉक्सी डिजाइन, लंबी रूफलाइन और तीन रो वाली कार की झलक मिलती है। इसे कंपनी की पहली पूरी तरह इलेक्ट्रिक एमपीपवी माना जा रहा है।
इसमें मारुति ई-विटारा से जुड़ा HEARTECT-E प्लेटफॉर्म और 49kWh व 61kWh के बैटरी पैक मिलने की संभावना है। हालांकि, एमपीवी का साइज और वजन अलग होने के कारण इसकी रेंज ई-विटारा से कम भी हो सकती है।
इस नई एमपीवी की अनुमानित कीमत 14–18 लाख हो सकती है, जिसे मारुति सुजुकी 2027 के शुरुआती दिनों में लॉन्च कर सकती है।
Maruti Invicto Facelift: मिलेंगे नए फीचर्स
मारुति की प्रीमियम एमपीवी इनविक्टो को भी फेसलिफ्ट अपडेट मिलने की उम्मीद है। यह मॉडल टोयोटा इनोवा हाइक्रॉस पर आधारित है। आगामी अपडेट में फ्रंट और रियर बंपर के डिजाइन में बदलाव के साथ नया इंफोटेनमेंट सिस्टम और बदली हुई अपहोल्स्ट्री मिल सकती है।
फिलहाल इंजन में किसी बड़े बदलाव की जानकारी नहीं है। मौजूदा इनविक्टो में 2.0-लीटर स्ट्रॉन्ग-हाइब्रिड पावरट्रेन और e-CVT ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन मिलता है। फेसलिफ्ट मॉडल के फीचर्स और लॉन्च टाइमलाइन को लेकर कंपनी की आधिकारिक घोषणा का इंतजार है।
इनविक्टो की मौजूदा कीमत करीब 25.02 लाख से शुरू होती है और नए अपडेट मॉडल की कीमत इससे 50 हजार से 1 लाख तक ज्यादा हो सकती है। फेसलिफ्ट लॉन्च के बारे में अभी कोई तारीख घोषित नहीं की गई है।
Maruti Fronx Facelift: ADAS और नए डिजाइन की उम्मीद
मारुति फ्रोंक्स के फेसलिफ्ट में डिजाइन और सुरक्षा से जुड़े अपडेट देखने को मिल सकते हैं। टेस्टिंग के दौरान सामने आई तस्वीरों में ADAS मॉड्यूल और लेन-वॉच कैमरे से जुड़े संकेत मिले हैं। कार में नया फ्रंट बंपर और चारों पहियों पर डिस्क ब्रेक दिए जाने की भी संभावना है। हालांकि, इन फीचर्स की प्रोडक्शन मॉडल के लिए पुष्टि नहीं हुई है।
इंजन के मामले में मौजूदा 1.0-लीटर टर्बो-पेट्रोल यूनिट जारी रह सकती है। वहीं, चार-सिलेंडर नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन की जगह तीन-सिलेंडर यूनिट मिलने की संभावना जताई गई है।
मारुति सुजुकी फ्रोंक्स फेसलिफ्ट की संभावित कीमत 7–12 लाख तक रह सकती है, जिसे 2027 में होने वाले भारत मोबिलिटी ग्लोबल एक्सपो के आसपास लॉन्च किया जा सकता है।
Maruti XL6 Facelift: लुक में होंगे बड़े बदलाव
मारुति एक्सएल 6 के फेसलिफ्ट मॉडल में बाहरी डिजाइन से जुड़े कई बदलाव मिल सकते हैं। इंडोनेशिया में पेश की गई एक्सएल7 को देखकर आगामी अपडेट का अंदाजा लगाया जा रहा है। इसमें नए बंपर, फॉग लैंप के आसपास बदला हुआ डिजाइन, 16-इंच के अलॉय व्हील और नया रियर स्पॉयलर शामिल हैं।
इंजन में बड़े बदलाव की जगह मौजूदा 1.5-लीटर नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन जारी रहने की उम्मीद है। यह इंजन 102bhp की पावर और 137Nm का टॉर्क देता है। भारत में आने वाले XL6 फेसलिफ्ट के अंतिम फीचर्स और डिजाइन की आधिकारिक जानकारी आना बाकी है।
एक्सएल 6 फेसलिफ्ट की संभावित कीमत 11.52–14.47 लाख हो सकती है, जिसके लॉन्च की आधिकारिक तारीख घोषित होने का इंतजार किया जा रहा है।
