भारतीय ऑटोमोबाइल बाजार में मई 2026 के दौरान एक बार फिर मारुति सुजुकी का दबदबा देखने को मिला है, जिसने सबसे ज्यादा बिकने वाली कारों की सूची में पहले तीनों स्थानों पर कब्जा जमाया है, जबकि टॉप-10 में उसके कुल छह मॉडल शामिल हुए हैं।

मई 2026 में मारुति सुजुकी डिजायर 24,546 यूनिट बिक्री के साथ देश की सबसे ज्यादा बिकने वाली कार रही। इसके बाद मारुति फ्रोंक्स और मारुति अर्टिगा दूसरे और तीसरे स्थान पर रहीं। वहीं, टाटा पंच, टाटा नेक्सॉन, महिंद्रा स्कॉर्पियो और हुंडई क्रेटा भी टॉप-10 में जगह बनाने में सफल रही हैं।

मई 2026 की टॉप 10 बेस्टसेलिंग कारें

मारुति डिजायर मई में सबसे ज्यादा बिकने वाली कार

मई 2026 में मारुति सुजुकी डिजायर ने लगातार अपनी मजबूत पकड़ बनाए रखी है, जिसके चलते कंपनी ने इस कॉम्पैक्ट सेडान की 24,546 यूनिट बेचीं, जो पिछले साल मई 2025 की 18,084 यूनिट बिक्री के मुकाबले 36 प्रतिशत अधिक है।

डिजायर की कीमत 6.26 लाख रुपये से 9.31 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) के बीच है और इसका मुकाबला हुंडई ऑरा, टाटा टिगोर और होंडा अमेज के साथ होता है।

मारुति फ्रोंक्स ने लगाई लंबी छलांग

मारुति फ्रोंक्स ने मई 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए दूसरे स्थान पर कब्जा किया है और इस कॉम्पैक्ट क्रॉसओवर की 20,686 यूनिट बिकीं, जो पिछले वर्ष की तुलना में 52 प्रतिशत ज्यादा हैं।

फ्रोंक्स की कीमत 6.85 लाख रुपये से 11.84 लाख रुपये के बीच है और इसका मुकाबला निसान मेग्नाइट, रेनॉल्ट कीगर, सिट्रोएन सी3 और टोयोटा टायसोर से है।

अर्टिगा बनी देश की सबसे लोकप्रिय MPV

मारुति अर्टिगा ने लगातार दूसरे महीने तीसरा स्थान बरकरार रखा। मई 2026 में इसकी 20,350 यूनिट बिक्री दर्ज की गई, जो सालाना आधार पर 26 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाती है। अर्टिगा की कीमत 8.8 लाख रुपये से 12.94 लाख रुपये तक है और यह टाटा रुमियन और किया कैरेंस को टक्कर देती है।

टाटा पंच चौथे स्थान पर फिसली

एसयूवी सेगमेंट की लोकप्रिय कार टाटा पंच और पंच ईवी की कुल बिक्री 20,208 यूनिट रही। हालांकि अप्रैल के मुकाबले बिक्री बढ़ी, लेकिन रैंकिंग में यह चौथे स्थान पर पहुंच गई। पंच की कीमत 5.65 लाख रुपये से 10.60 लाख रुपये के बीच है और यह हुंडई एक्स्टर और सिट्रोएन सी3 जैसी कारों से मुकाबला करती है।

टाटा नेक्सॉन ने दर्ज की दमदार बढ़त

टाटा नेक्सॉन ने दो स्थान की छलांग लगाते हुए पांचवां स्थान हासिल किया। मई 2026 में इसकी 19,100 यूनिट बिक्री हुई, जो पिछले साल की तुलना में 46 प्रतिशत अधिक है। नेक्सॉन की कीमत 7.37 लाख रुपये से 14.02 लाख रुपये तक है। इसका मुकाबला मारुति ब्रेजा, हुंडई वेन्यू, महिंद्रा एक्सयूवी 3एक्सओ और किया सेरोस से होता है।

बलेनो ने दर्ज की सबसे ज्यादा ग्रोथ

मई 2026 की सूची में मारुति सुजुकी बलेनो सबसे तेज बढ़ने वाली कार रही। इसकी 18,396 यूनिट बिक्री हुई और सालाना आधार पर 58 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई, जो टॉप-10 में सबसे अधिक है।

वैगनआर और स्विफ्ट की बिक्री में हल्की गिरावट

मारुति वैगनआर की बिक्री 18,076 यूनिट रही, जबकि मारुति स्विफ्ट की बिक्री 17,519 यूनिट बिकीं। दोनों कारों ने सालाना वृद्धि दर्ज की, लेकिन अप्रैल 2026 के मुकाबले उनकी बिक्री थोड़ी कम रही।

महिंद्रा स्कॉर्पियो ने क्रेटा को पीछे छोड़ा

महिंद्रा स्कॉर्पियो और स्कॉर्पियो एन की कुल 15,774 यूनिट बिक्री हुई। इसके साथ ही यह हुंडई क्रेटा को पीछे छोड़ते हुए नौवें स्थान पर पहुंच गई। स्कॉर्पियो की कीमत 13.49 लाख रुपये से 24.95 लाख रुपये तक जाती है।

हुंडई क्रेटा की ग्रोथ सबसे कम

मिड-साइज एसयूवी सेगमेंट में मजबूत पकड़ रखने वाली हुंडई क्रेटा की 15,523 यूनिट बिक्री हुई। हालांकि यह अभी भी अपने सेगमेंट की लोकप्रिय एसयूवी बनी हुई है, लेकिन इसकी सालाना वृद्धि केवल 3 प्रतिशत रही, जो इस सूची में सबसे कम है। क्रेटा की कीमत 10.9 लाख रुपये से 19.91 लाख रुपये के बीच है।