इलेक्ट्रिक कार बनाने वाली कंपनी टेस्ला ने अपनी नई जनरेशन की रोडस्टर स्पोर्ट्स कार पेश कर दी है। इस कार की सबसे बड़ी खासियत इसका रॉकेट जैसी तकनीक वाला वर्जन है, जिसे हवा में करतब दिखाने के लिए तैयार किया गया है। कंपनी ने इसके प्रदर्शन के दौरान कार को हवा में घूमते और बैरल रोल करते हुए दिखाया है। टेस्ला का दावा है कि इसके सबसे तेज रॉकेट वर्जन को 0 से करीब 96 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ने में 0.59 सेकंड से भी कम समय लग सकता है। हालांकि, ये कंपनी के दावे हैं और कार का प्रोडक्शन 2028 में शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है।
Tesla Roadster के तीन वर्जन पेश
नई टेस्ला रोडस्टर को तीन कॉन्फिगरेशन में पेश किया गया है। इनमें परफोर्मेंस, थ्रस्ट और रॉकेट शामिल हैं। इनकी परफॉर्मेंस, इस्तेमाल और थ्रस्टर तकनीक अलग-अलग है।
| वर्जन | सीटिंग | 0-96 kmph कीदावा की गई रफ्तार |
|---|---|---|
| Performance | 2 सीट | 1.6 सेकंड से कम |
| Thrust | 2 सीट | 0.9 सेकंड से कम |
| Rocket | 1 सीट | 0.59 सेकंड से कम |
Rocket वर्जन में मिलेगी रॉकेट जैसी तकनीक
टेस्ला रोडस्टर के रॉकेट वर्जन में कोल्ड-गैस थ्रस्टर्स दिए गए हैं और कंपनी के मुताबिक, ये थ्रस्टर्स कार को आगे और ऊपर की ओर बल देने के साथ हवा में घूमने जैसी गतिविधियों में मदद कर सकते हैं। इसमें इस्तेमाल होने वाली तकनीक को टेस्ला और स्पेसएक्स के इंजीनियरिंग अनुभव से जोड़ा गया है।
कार में सक्शन सिस्टम भी दिया गया है, जो गाड़ी को ड्राइविंग सतह की ओर खींचकर पकड़ बनाने में मदद करता है। थ्रस्टर्स में संपीड़ित गैस को विशेष प्रेशर वेसल में रखा जाता है। हालांकि, कंपनी ने अभी यह साफ नहीं किया है कि, यह कार कितनी देर तक हवा में रह सकती है। उड़ने वाली कार के रूप में इस्तेमाल करने की मंजूरी और इसकी व्यावहारिक सीमाओं के बारे में भी अभी कोई जानकारी साझा नहीं की गई है।
टेस्ला का रेंज को लेकर दावा
टेस्ला ने नई रोडस्टर के लिए 300 मील यानी करीब 483 किलोमीटर से ज्यादा की रेंज का दावा किया है। कंपनी ने अभी तक यह जानकारी साझा नहीं की है कि, यह आंकड़ा किस वर्जन और किस टेस्टिंग साइकिल पर आधारित है।
रॉकेट वर्जन की टॉप स्पीड 230 मील प्रति घंटे यानी करीब 370 किलोमीटर प्रति घंटे से ज्यादा बताई गई है। कार में एक्टिव एयरोडायनामिक्स, रियर विंग और हल्के मटेरियल का इस्तेमाल किया गया है। इसके डिजाइन में लड़ाकू विमानों से प्रेरणा लेने की बात भी कही गई है।
कब शुरू होगा Tesla Roadster का प्रोडक्शन?
टेस्ला ने नई रोडस्टर का प्रोडक्शन 2028 में शुरू करने का लक्ष्य रखा है। कंपनी ने इसके लिए रिजर्वेशन भी शुरू किए हैं लेकिन कीमत और ग्राहकों को डिलीवरी से जुड़ी अंतिम जानकारी अभी तक जारी नही की गई है लेकिन अलग-अलग वर्जन के लिए रिजर्वेशन की शर्तें भी अलग निर्धारित की गई हैं।
क्या Tesla Roadster भारत में लॉन्च होगी?
फिलहाल भारत में नई टेस्ला रोडस्टर की लॉन्च डेट, कीमत और बुकिंग से जुड़ी आधिकारिक जानकारी उपलब्ध नहीं है। कंपनी की ओर से भारतीय बाजार के लिए कोई पक्की घोषणा होने तक इसकी संभावित कीमत या लॉन्च टाइमलाइन के बारे में कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी।
