Tata Safari EV Spied: भारत में इलेक्ट्रिक एसयूवी सेगमेंट तेजी से बढ़ रहा है, जिसमें और तेजी लाने के लिए अब टाटा मोटर्स अपनी फ्लैगशिप 3-रो एसयूवी टाटा सफारी ईवी को लॉन्च करने की तैयारी में है। हाल ही में Tata Safari EV को पहली बार भारतीय सड़कों पर टेस्टिंग के दौरान देखा गया है।

स्पाई तस्वीरों से पता चलता है कि कंपनी इसमें हेरियर ईवी जैसा रियर सस्पेंशन और दमदार इलेक्ट्रिक पावरट्रेन देने वाली है। नई टाटा सफारी ईवी कंपनी की लाइनअप में सबसे प्रीमियम इलेक्ट्रिक एसयूवी होगी और इसका मुकाबला आगामी महिंद्रा एक्सईवी 9एस से होगा।

Tata Safari EV Spy Shots में क्या-क्या दिखा?

टेस्टिंग के दौरान देखी गई सफारी ईवी का डिजाइन मौजूदा आईसीई सफारी से काफी मिलता-जुलता नजर आया। हालांकि इसके पीछे एग्जॉस्ट पाइप नहीं दिखाई दिया, जिससे पुष्टि होती है कि यह पूरी तरह इलेक्ट्रिक मॉडल है।

स्पाई तस्वीरों में हेरियर ईवी जैसी इंडिपेंडेंट मल्टी-लिंक रियर सस्पेंशन सेटअप भी दिखाई दी है। इसके अलावा एसयूवी में साइड स्टेप भी नजर आया, जो मौजूदा सफारी डीजल मॉडल में उपलब्ध नहीं है।

हालांकि भारी कैमोफ्लाज के कारण अन्य डिजाइन डिटेल्स स्पष्ट नहीं दिखीं, लेकिन उम्मीद है कि इसमें नए फ्रंट और रियर बंपर, नए अलॉय व्हील्स और ईवी-बैजिंग देखने को मिलेगी।

Acti.ev+ प्लेटफॉर्म पर होगी तैयार

नई टाटा सफारी ईवी को कंपनी के Acti.ev+ प्लेटफॉर्म पर विकसित किया जा रहा है। यही प्लेटफॉर्म हेरियर ईवी में भी इस्तेमाल किया गया है। यह ICE-to-EV कन्वर्जन मॉडल होगा, यानी मौजूदा सफारी के प्लेटफॉर्म को इलेक्ट्रिक तकनीक के अनुरूप अपग्रेड किया जाएगा।

फीचर्स में मिलेगी नई TiDAL टेक्नोलॉजी

Safari EV का केबिन मौजूदा Safari जैसा ही रहने की संभावना है, लेकिन इसमें EV-विशिष्ट थीम और नई टेक्नोलॉजी देखने को मिलेगी। यूवी में टाटा इंटेलिजेंट डिजिटल आर्किटेक्चर लेयर (TiDAL) आर्किटेक्चर दिया जा सकता है, जिसके जरिए कई एडवांस फीचर्स मिलेंगे।

इन फीचर्स में ओटीए (Over-The-Air) अपडेट्स, ऑटो पार्क असिस्ट, समन मोड, लो स्पीड क्रूज कंट्रोल, यूपीआई आधारित इन-कार पेमेंट सिस्टम, 540-डिग्री सराउंड व्यू कैमरा जैसे फीचर्स शामिल हैं।

बैटरी और रेंज

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार Tata Safari EV में Harrier EV वाले बैटरी पैक दिए जा सकते हैं। जिसका संभावित बैटरी विकल्प 65kWh बैटरी पैक और 75kWh बैटरी पैक होगा।

कितनी होगी रेंज?

हेरियर ईवी में 65kWh बैटरी के साथ 538 किलोमीटर तक की दावा की गई रेंज मिलती है, जबकि 75kWh बैटरी वाले मॉडल में, 628Km (RWD) और 622Km (AWD) की दावा की गई रेंज मिलती है। हालांकि सफारी ईवी का आकार और वजन ज्यादा होने के कारण इसकी रेंज हेरियर ईवी से थोड़ी कम हो सकती है।

कब होगी लॉन्च?

रिपोर्ट्स के मुताबिक टाटा मोटर्स नई सफारी ईवी को भारत में 2026 के फेस्टिव सीजन के दौरान लॉन्च कर सकती है। लॉन्च के बाद यह Tata की सबसे प्रीमियम इलेक्ट्रिक SUV होगी और सीधे Mahindra XEV 9S को चुनौती देगी।