EV Battery Warranty Conditions: इलेक्ट्रिक कार या स्कूटर खरीदते समय ग्राहक अक्सर सबसे पहले बैटरी की रेंज, कीमत और चार्जिंग टाइम देखते हैं लेकिन ईवी में सबसे महंगे कंपोनेंट में शामिल बैटरी की वारंटी की शर्तें नहीं समझते। इस लापरवाही के चलते ही अक्सर ग्राहकों को बैटरी में समस्या आने के बाद हजारों रुपयों का खर्च झेलना पड़ जाता है क्योंकि 8 साल या 1.60 लाख किलोमीटर की बैटरी वारंटी आपको पूरी तस्वीर नहीं दिखाता है।

दरअसल, बैटरी वारंटी में समय और किलोमीटर की सीमा, बैटरी की न्यूनतम क्षमता, पहले मालिक की शर्त, कमर्शियल इस्तेमाल, सर्विस हिस्ट्री और बाहरी नुकसान जैसी कई बातें शामिल हो सकती हैं। कुछ कंपनियां अब चुनिंदा ईवी पर लाइफटाइम बैटरी वारंटी भी दे रही हैं, लेकिन यहां भी लाइफटाइम का मतलब कंपनी की तय शर्तों के मुताबिक समझना जरूरी है।

EV खरीदने से पहले Battery Warranty में ये 8 बातें जरूर देखें

सिर्फ साल नहीं, किलोमीटर की सीमा भी देखें

कई इलेक्ट्रिक कारों में बैटरी वारंटी 8 साल या 1,60,000 किलोमीटर, जो पहले हो, जैसी शर्त के साथ आती है। इसका मतलब यह नहीं है कि आपको हर स्थिति में पूरे 8 साल की सुरक्षा मिलेगी। अगर आप बहुत ज्यादा ड्राइविंग करते हैं और तय किलोमीटर पहले पूरा हो जाता है, तो वारंटी की अवधि पहले समाप्त हो सकती है।

इसलिए खरीदने से पहले डीलर से पूछें की बैटरी वारंटी कितने साल की है?, अधिकतम कितने किलोमीटर तक लागू है? और दोनों में से कौन-सी सीमा पहले खत्म होने पर वारंटी समाप्त होगी?

70% Battery Capacity वाली शर्त सबसे महत्वपूर्ण है

बैटरी समय के साथ अपनी कुछ क्षमता खोती है। इसलिए वारंटी का मतलब यह नहीं होता कि कई साल बाद भी बैटरी बिल्कुल नई जैसी 100% क्षमता पर काम करेगी। उदाहरण के लिए, टाटा मोटर्स की मौजूदा कुछ ईवी बैटरी वारंटी शर्तों में 70% स्टेट ऑफ हेल्थ (SOH) का स्तर दिया गया है। कंपनी के मुताबिक, अगर वारंटी अवधि के दौरान हाई-वोल्टेज बैटरी की एसओएच 70% से नीचे जाती है, तो तय शर्तों के अनुसार बैटरी को रिपेयर या रिप्लेस करके निर्धारित स्तर तक लाया जा सकता है।

Lifetime Battery Warranty देखकर तुरंत प्रभावित न हों

आज कुछ ईवी कंपनियां लाइफस्टाइम बैटरी वारंटी का दावा करती हैं लेकिन इसका मतलब हमेशा यह नहीं होता कि बैटरी पर मालिक की पूरी जिंदगी तक बिना किसी सीमा के वारंटी मिलेगी। उदाहरण के लिए टाटा की मौजूदा ईवी वारंटी नीति में कुछ मॉडलों के लिए पहले रजिस्ट्रेशन पर लाइफटाइम की परिभाषा पहली रजिस्ट्रेशन तारीख से 15 साल की अवधि से जुड़ी है। साथ ही यह निजी इस्तेमाल और दूसरी निर्धारित शर्तों पर निर्भर करती है।

इसी तरह एमजी विंडसर ईवी के लिए कंपनी अपनी वेबसाइट पर लाइफटाइम बैटरी वारंटी बताती है, लेकिन FAQ में इसे पहले मालिक के लिए बताया गया है। इसलिए लाइफटाइम वारंटी देखकर खरीदने से पहले पूछें कि लाइफटाइम का पीरियड कितने साल माना जाएगा, क्या यह वारंटी सिर्फ पहले ओनर पर लागू होगी, क्या कार बेचने पर वारंटी ट्रांसफर होगी या नहीं, किलोमीटर की कोई सीमा है या नहीं और निजी और कमर्शियल के लिए नियम अलग अलग हैं या नहीं।

Second-Hand EV खरीद रहे हैं तो Warranty जरूर जांचें

अगर आप पुरानी इलेक्ट्रिक कार खरीद रहे हैं तो बैटरी वारंटी को लेकर अतिरिक्त सावधानी जरूरी है। कुछ कंपनियों में पहले मालिक को मिलने वाली विशेष वारंटी दूसरी बिक्री के बाद उसी तरह जारी नहीं रहती। उदाहरण के तौर पर टाटा की मौजूदा लाइफटाइम एचवी बैटरी वारंटी में दूसरे या बाद के मालिक के लिए अलग अवधि और किलोमीटर की सीमा निर्धारित है। कंपनी यह भी कहती है कि ओनरशिप ट्रांसफर की जानकारी देना जरूरी है।

इसलिए सेकंड-हैंड ईवी खरीदते समय मूल खरीद बिल, वारंटी डॉक्यूमेंट, सर्विस रिकॉर्ड, Battery Health/SOH रिपोर्ट, पिछले मालिक की जानकारी और ओनरशिप ट्रांसफर से संबंधित रिकॉर्ड जैसे दस्तावेज जरूर मांगे।

Commercial इस्तेमाल पर अलग नियम हो सकते हैं

ईवी को निजी इस्तेमाल के लिए खरीदना और टैक्सी, फ्लीट या कमर्शियल काम में इस्तेमाल करना एक जैसा नहीं है। उदाहरण के तौर पर टाटा की मौजूदा लाइफटाइम एचवी बैटरी वारंटी में में कमर्शियल ऑपरेशन, टैक्सी, फ्लीट मैनेजमेंट, डेमो और कुछ अन्य गैर-निजी इस्तेमाल को लाइफटाइम कवरेज से बाहर रखा गया है। ऐसे मामलों में संबंधित मॉडलों पर सीमित अवधि/किलोमीटर की वारंटी लागू होती है।

इसलिए अगर आप ईवी को टैक्सी, कैब, डिलीवरी, फ्लीट, किराये या अन्य कमर्शियल काम में चलाने वाले हैं, तो सामान्य निजी ग्राहक वाली बैटरी वारंटी को लागू मानकर न चलें।

एक्सिडेंट या बाहरी नुकसान पर वारंटी अलग

बैटरी वारंटी का मतलब यह नहीं है कि बैटरी को किसी भी तरह का नुकसान होने पर कंपनी मुफ्त में नई बैटरी लगा देगी। दुर्घटना, बाहरी क्षति, गलत इस्तेमाल, अनधिकृत बदलाव या गलत तरीके से बैटरी/चार्जिंग सिस्टम से छेड़छाड़ जैसी स्थितियां कई कंपनियों की वारंटी शर्तों में अलग तरीके से देखी जाती हैं।

उदाहरण के तौर पर प्योर ईवी अपनी वारंटी FAQ में दुर्घटना, बाहरी शारीरिक नुकसान, अनधिकृत सर्विस, छेड़छाड़ और अनधिकृत एक्सेसरीज/चार्जिंग समाधान से जुड़े नुकसान को कवरेज से बाहर बताता है। इसलिए खरीदने से पहले वारंटी में क्या क्या शामिल है और क्या शामिल नहीं है जरूर जानें।

Authorized Service और सही Maintenance भी जरूरी

बैटरी वारंटी को बनाए रखने के लिए कंपनी की निर्धारित सर्विस और मेंटेनेंस प्रक्रिया का पालन करना जरूरी हो सकता है। हुंडई की सामान्य वारंटी नीति भी वाहन को निर्धारित तरीके से मेंटेन करने और सर्विस रिकॉर्ड संभालकर रखने की जिम्मेदारी ग्राहक पर डालती है। कंपनी के मुताबिक वारंटी सर्विस अधिकृत डीलर/सर्विस सेंटर के माध्यम से की जाती है।

इसलिए ईवी खरीदने के बाद, सर्विस रिकॉर्ड संभालकर रखें, वारंटी बुक/ओनर मैनुअल पढ़ें, बैटरी से जुड़े काम के लिए अधिकृत सर्विस सेंटर से ही करवाएं और अनधिकृत बदलाव या रिपेयर कराने से पहले कंपनी की शर्तें जांचें।

चार्जिंग की शर्तों को भी नजरअंदाज न करें

ईवी खरीदते समय यह भी समझें कि कंपनी ने कौन-सा चार्जर और कौन-सा चार्जिंग सेटअप अप्रूव किया है। अगर आप घर पर चार्जर लगवा रहे हैं या किसी थर्ड-पार्टी चार्जिंग सॉल्यूशन का इस्तेमाल करने वाले हैं, तो पहले निर्माता से उसकी स्वीकृति और वारंटी पर असर के बारे में पूछना बेहतर है। क्योंकि कुछ कंपनियां अनधिकृत चार्जिंग उपकरण, गलत इंस्टॉलेशन या गलत तरीके से इस्तेमाल से हुए नुकसान को वारंटी से बाहर रख सकती हैं।

EV खरीदने का सही तरीका क्या है?

नई ईवी खरीदते समय सिर्फ कितनी रेंज देती है? और कितनी छूट मिल रही है? न देखें। बैटरी वारंटी का पूरा डॉक्यूमेंट मांगें और उसमें खासतौर पर साल, किलोमीटर, मिनिमम एसओएच, ओनरशिप, यूजेज और शर्तों की पूरी जांच करें। अगर दो ईवी की कीमत और रेंज लगभग समान है, तो बेहतर बैटरी वारंटी और स्पष्ट शर्तें लंबे समय में ज्यादा फायदेमंद साबित हो सकती हैं।

सबसे सुरक्षित तरीका यही है कि बुकिंग या भुगतान से पहले कंपनी का लिखित वारंटी दस्तावेज और संबंधित ईवी के ओनर मैनुअल की शर्तें पढ़ें। इससे बाद में बैटरी से जुड़ी बड़ी लागत या वारंटी क्लेम को लेकर गलतफहमी से बचा जा सकता है।