किआ इंडिया ने अपनी लोकप्रिय कॉम्पैक्ट एसयूवी सोनेट की अगली जनरेशन पर काम शुरू कर दिया है। कंपनी की आगामी सोनेट को हाल ही में टेस्टिंग के दौरान देखा गया है। आंतरिक रूप से QY2E कोडनेम वाली यह एसयूवी वर्ष 2027 में भारतीय बाजार में लॉन्च हो सकती है। नई जनरेशन सोनेट में डिजाइन, प्लेटफॉर्म, टेक्नोलॉजी और सेफ्टी के मोर्चे पर बड़े बदलाव देखने को मिलेंगे।
हाल ही में सामने आई स्पाई तस्वीरों से संकेत मिलते हैं कि किआ अपनी इस सब-4 मीटर एसयूवी को पहले से अधिक प्रीमियम और आधुनिक बनाने की तैयारी में है।
डिजाइन में होंगे बड़े बदलाव
हालांकि टेस्टिंग मॉडल पूरी तरह से कैमोफ्लाज में नजर आया, लेकिन इसकी बॉडी प्रोफाइल से कई अहम जानकारियां सामने आई हैं। नई सोनेट में फ्लैटर रूफलाइन, मजबूत व्हील आर्च और अधिक चौकोर रियर डिजाइन देखने को मिल सकता है।
इसके अलावा कंपनी किआ की नई ग्लोबल डिजाइन लैंग्वेज को अपनाएगी, जिसमें वर्टिकली ओरिएंटेड एलईडी लाइटिंग सिग्नेचर और अधिक प्रीमियम फ्रंट फेसिया शामिल हो सकता है। रियर सेक्शन को पहले की तुलना में ज्यादा सीधा रखा गया है, जिससे बूट स्पेस और पीछे बैठने वाले यात्रियों के लिए हेडरूम बेहतर हो सकता है।
नए K1 प्लेटफॉर्म पर होगी तैयार
नई जनरेशन किआ सोनेट का सबसे बड़ा बदलाव इसका नया प्लेटफॉर्म होगा। रिपोर्ट्स के अनुसार एसयूवी को किआ के K1 प्लेटफॉर्म पर विकसित किया जाएगा। यही प्लेटफॉर्म वर्तमान में किआ सेरोस में भी इस्तेमाल किया जा रहा है।
नया प्लेटफॉर्म बेहतर स्ट्रक्चरल रिगिडिटी, एडवांस सेफ्टी और अधिक केबिन स्पेस प्रदान करेगा। इसके साथ ही इलेक्ट्रॉनिक आर्किटेक्चर में भी सुधार होगा, जिससे बेहतर कनेक्टेड कार टेक्नोलॉजी और ओवर-द-एयर (OTA) अपडेट जैसी सुविधाएं मिल सकेंगी।
सेफ्टी में मिल सकता है बड़ा अपग्रेड
K1 प्लेटफॉर्म पर आधारित किआ सेरोस को 5-स्टार भारत एनसीएपी रेटिंग मिल चुकी है। ऐसे में उम्मीद की जा रही है कि नई सोनेट भी सेफ्टी के मामले में बड़ा सुधार लेकर आएगी। एसयूवी में मजबूत बॉडी स्ट्रक्चर, एडवांस ड्राइवर असिस्टेंस सिस्टम (ADAS) और नए सुरक्षा फीचर्स देखने को मिल सकते हैं। कंपनी भारत NCAP में बेहतर प्रदर्शन पर भी फोकस कर सकती है।
फीचर्स होंगे और ज्यादा एडवांस
नई किआ सोनेट अपने सेगमेंट में फीचर-लोडेड एसयूवी के रूप में जानी जाती है। अगली जनरेशन मॉडल में फीचर्स की सूची और भी लंबी हो सकती है। संभावित फीचर्स में बड़ा टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, फुली डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, नया डैशबोर्ड डिजाइन, एडवांस कनेक्टेड कार टेक्नोलॉजी और बेहतर यूजर इंटरफेस शामिल हैं।
इसके अलावा एसयूवी में 360 डिग्री कैमरा, वेंटिलेटेड सीट्स, पैनोरमिक डिस्प्ले सेटअप और मौजूदा Level-1 ADAS से अधिक उन्नत ड्राइवर असिस्टेंस सिस्टम मिलने की संभावना है।
इंजन विकल्पों में नहीं होगा बड़ा बदलाव
नई किआ सोनेट में लॉन्च के समय मौजूदा इंजन विकल्प जारी रखे जा सकते हैं। इनमें 1.2-लीटर नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल, 1.0-लीटर टर्बो पेट्रोल और 1.5-लीटर डीजल इंजन शामिल हो सकते हैं।
इन इंजनों के साथ मैनुअल और ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन विकल्प उपलब्ध रहेंगे। हालांकि भविष्य में Kia Sonet के लिए स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड तकनीक पर भी विचार कर रही है। यह विकल्प लॉन्च के समय नहीं, बल्कि बाद में लाइनअप का हिस्सा बन सकता है।
इन SUVs से होगा मुकाबला
भारतीय बाजार में लॉन्च होने के बाद नई जनरेशन किआ सोनेट का मुकाबला प्रमुख सब-4 मीटर SUVs से होगा। इनमें प्रमुख रूप से टाटा नेक्सॉन, मारुति ब्रेजा, महिंद्रा एक्सयूवी 3एक्सओ और हुंडई वेन्यू शामिल हैं।
