Mercedes GLC Electric Price in India: मर्सिडीज बैंज ने भारतीय बाजार में अपनी नई जीएलसी इलेक्ट्रिक (GLC Electric) को लॉन्च कर दिया है, जिसे 78.50 लाख रुपये एक्स शोरूम कीमत के साथ मार्केट में उतारा जाएगा। कंपनी ने इसे भारत में स्थानीय स्तर पर असेंबल किया है और कंपनी के दावे के अनुसार, यह इलेक्ट्रिक एसयूवी एक बार फुल चार्ज होने पर WLTP सर्टिफिकेशन के मुताबिक 711 किलोमीटर तक चल सकती है।

Mercedes GLC Electric की कीमत और पोजिशनिंग

711KM की रेंज, 490hp की पावर

मर्सिडीज जीएलसी इलेक्ट्रिक को भारत में जीएलसी 400 4मैटिक वर्जन में पेश किया गया है। इसमें 94kWh की बैटरी के साथ आगे और पीछे दो इलेक्ट्रिक मोटर मिलती हैं। दोनों मोटर मिलकर 490hp की पावर और 800Nm का टॉर्क जनरेट करती हैं।

कंपनी के अनुसार, यह एसयूवी महज 4.3 सेकंड में 0 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ सकती है। इसमें दो-स्पीड गियरबॉक्स भी दिया गया है, जिसे बेहतर एक्सीलरेशन और एफिशिएंसी के लिए तैयार किया गया है।

रेंज की बात करें तो मर्सिडीज ने इसके लिए 711 किलोमीटर तक की WLTP-सर्टिफाइड रेंज का दावा किया है। यह अंतरराष्ट्रीय टेस्टिंग साइकिल का आंकड़ा है। भारत में वास्तविक ड्राइविंग रेंज ट्रैफिक, स्पीड, मौसम, एयर कंडीशनिंग और ड्राइविंग स्टाइल के आधार पर कम या ज्यादा हो सकती है।

10 मिनट की चार्जिंग में 300KM तक की रेंज

लंबी दूरी की यात्रा करने वालों के लिए इसकी चार्जिंग क्षमता भी अहम है। कंपनी की ओर से एसयूवी के साथ 22kW AC चार्जर स्टैंडर्ड दिया जा रहा है। वहीं, 330kW DC फास्ट चार्जर का इस्तेमाल करने पर करीब 10 मिनट में 300 किलोमीटर की ड्राइविंग रेंज के बराबर चार्ज हासिल किया जा सकता है।

Hyperscreen से लैस केबिन

नई जीएलसी इलेक्ट्रिक के केबिन में सबसे ज्यादा ध्यान खींचने वाला फीचर इसका 39.1 इंच का MBUX Hyperscreen है। यह स्क्रीन डैशबोर्ड की लगभग पूरी चौड़ाई में फैली है और ड्राइवर तथा यात्रियों के लिए डिजिटल इंटरफेस उपलब्ध कराती है।

इसके अलावा एसयूवी में 15-स्पीकर वाला 3D Burmester साउंड सिस्टम, एम्बिएंट लाइटिंग, दो वायरलेस फोन चार्जर और AI-आधारित फंक्शन दिए गए हैं। इसमें पैनोरमिक ग्लास रूफ भी मिलती है, जिसमें रोशन स्टार पैटर्न दिया गया है। फ्रंट सीटों में हीटिंग और मसाज फंक्शन उपलब्ध हैं। हालांकि, भारत में पेश किए गए मॉडल की फ्रंट सीटों में वेंटिलेशन नहीं दिया गया है।

9 एयरबैग और Level 2 ADAS

मर्सिडीज जीएलसी इलेक्ट्रिक में सुरक्षा और ड्राइविंग असिस्टेंस के लिए कई फीचर शामिल किए गए हैं। इनमें 9 एयरबैग, लेवल 2 ADAS, 360-डिग्री सराउंड-व्यू कैमरा और ऑटो पार्किंग असिस्ट शामिल हैं। ADAS सिस्टम में आठ कैमरे और पांच रडार दिए गए हैं।

एसयूवी में पावर्ड टेलगेट और पीछे की सीटों को इलेक्ट्रिक तरीके से फोल्ड करने की सुविधा भी मिलती है। सामान रखने के लिए 570 लीटर का बूट स्पेस और आगे 128 लीटर का फ्रंक दिया गया है। फ्रंक वह अतिरिक्त स्टोरेज स्पेस होता है, जो इलेक्ट्रिक कारों में बोनट के नीचे मिलता है।

कितनी अलग है इलेक्ट्रिक SUV?

नाम समान होने के बावजूद जीएलसी इलेक्ट्रिक, पेट्रोल और डीजल से चलने वाली जीएलसी का केवल इलेक्ट्रिक वर्जन नहीं है। यह एक अलग इलेक्ट्रिक प्लेटफॉर्म पर आधारित है। इसका आकार भी पारंपरिक जीएलसी से बड़ा है।

इलेक्ट्रिक SUV की लंबाई पेट्रोल-डीजल मॉडल से 140mm ज्यादा है, जबकि चौड़ाई 23mm और ऊंचाई 12mm अधिक है। इसका व्हीलबेस 2,972mm है, जो पारंपरिक GLC की तुलना में 84mm ज्यादा है। ज्यादा व्हीलबेस से केबिन में जगह के लिहाज से फायदा मिल सकता है।