Maruti Suzuki Wagon R Flex Fuel: देश की सबसे बड़ी कार निर्माता कंपनी मारुति सुजुकी ने अपनी फ्लेक्स-फ्यूल कार वैगनआर बायोफ्लैक्स की डिलीवरी शुरू कर दी है। पहले माना जा रहा था कि यह मॉडल केवल कमर्शियल ग्राहकों के लिए उपलब्ध होगा लेकिन अब कंपनी ने इसे निजी खरीदारों के लिए भी उपलब्ध करा दिया है। कंपनी ने नई Wagon R Bioflex को एक्स-शोरूम कीमत 7.24 लाख रुपये के साथ मार्केट में उतारा है।
नई दिल्ली में हुई पहली डिलीवरी
मारुति सुजुकी ने नई दिल्ली के करोल बाग स्थित अपने शोरूम से इंडियन शुगर एंड बायो-एनर्जी मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन (ISMA) के सदस्यों को वैगनआर बायोफ्लैक्स की पहली यूनिट्स सौंपीं। इसके अलावा दिल्ली के 13 निजी ग्राहकों को भी इस फ्लेक्स-फ्यूल कार की डिलीवरी दी गई।
क्या है Wagon R Bioflex?
वैगनआर बायोफ्लैक्स भारत की पहली बड़े पैमाने पर उत्पादन की गई फ्लेक्स-फ्यूल कार मानी जा रही है। यह कार ई20 से लेकर ई100 तक के एथेनॉल मिश्रण पर चल सकती है। यानी इसमें पेट्रोल के साथ अलग-अलग अनुपात में एथेनॉल का इस्तेमाल किया जा सकता है।
इंजन और परफॉर्मेंस
नई वैगनआर बायोफ्लैक्स में वही 1.2-लीटर नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन दिया गया है जो स्टैंडर्ड वैगनआर में मिलता है। यह इंजन 91 एचपी की पावर और 114 एनएम का पीक टॉर्क जनरेट करता है। इस इंजन के साथ 5-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स मिलता है। हालांकि, ज्यादा एथेनॉल मिश्रण पर चलाने के लिए इसमें कई मैकेनिकल बदलाव किए गए हैं।
फ्लेक्स-फ्यूल तकनीक के लिए किए गए बदलाव
वैगनआर बायोफ्लैक्स में कंपनी ने नए फ्यूल इंजेक्टर, अपग्रेडेड फ्यूल पंप, नई फ्यूल लाइन्स, री-कैलिब्रेटेड ECU और एथेनॉल सेंसर जैसे अपग्रेड दिए हैं। इन बदलावों की मदद से कार E20 से E100 तक के एथेनॉल मिश्रण को आसानी से सपोर्ट कर सकती है।
माइलेज पर क्या होगा असर?
मारुति सुजुकी ने अभी वैगनआर बायोफ्लैक्स का आधिकारिक ARAI माइलेज जारी नहीं किया है। हालांकि, विशेषज्ञों का मानना है कि ज्यादा एथेनॉल मिश्रण के इस्तेमाल से माइलेज में कुछ कमी आ सकती है।
कीमत कितनी है?
वैगनआर बायोफ्लैक्स फिलहाल केवल एक ही फुली-लोडेड वेरिएंट में उपलब्ध है, जिसकी एक्स शोरूम कीमत 7.24 लाख रुपये है। दूसरी तरफ वैगनआर जेडएक्सआई प्लस एमटी पेट्रोल की एक्स शोरूम कीमत 6.38 लाख रुपये है। नई फ्लेक्स-फ्यूल कार नियमित पेट्रोल मॉडल की तुलना में 86,000 रुपये महंगी है।
डिजाइन में क्या है नया?
डिजाइन के मामले में वैगनआर बायोफ्लैक्स लगभग स्टैंडर्ड मॉडल जैसी ही दिखती है। हालांकि इसमें कुछ खास बदलाव किए गए हैं, जिसमें साइड पर ‘Flex Fuel’ डीकल, पीछे ‘Bioflex’ बैजिंग, ब्लैक और बेज थीम वाला इंटीरियर शामिल हैं।
फीचर्स की लंबी सूची
नई वैगनआर बायोफ्लैक्स में कई आधुनिक फीचर्स दिए गए हैं, जिनमें 7-इंच टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, एंड्रॉयड ऑटो और एप्पल कारप्ले सपोर्ट, 6 एयरबैग, इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी कंट्रोल (ESP), मैनुअल एसी और रियर एसी वेंट, चारों पावर विंडो, फॉग लैंप, रियर पार्किंग सेंसर, रियर वाइपर और वॉशर, ORVM-माउंटेड टर्न इंडिकेटर शामिल हैं।
