देश की सबसे बड़ी कार निर्माता कंपनी मारुति सुजुकी ने अपनी कारों की कीमतों में बढ़ोतरी करने का ऐलान किया है। कंपनी के अनुसार नई कीमतें 1 जून 2026 से लागू होंगी और यह बढ़ोतरी अलग-अलग मॉडल्स पर निर्भर करेगी, जिसमें अधिकतम 30,000 तक की बढ़ोतरी हो सकती है। कीमत बढ़ाने के इस फैसले का कारण कंपनी ने लगातार बढ़ रही इनपुट कॉस्ट और महंगाई के दबाव को बताया है। हालांकि कंपनी ने यह भी स्पष्ट किया कि ग्राहकों पर असर कम से कम पड़े, इसके लिए लागत को लंबे समय तक खुद वहन किया गया।

क्यों बढ़ रही हैं Maruti Suzuki कारों की कीमतें?

मारुति सुजुकी के मुताबिक ऑटो सेक्टर में कच्चे माल, लॉजिस्टिक्स और मैन्युफैक्चरिंग लागत में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। इसी वजह से कंपनी को अब कीमतें बढ़ाने का फैसला लेना पड़ा।

कंपनी ने बताया कि उसने पहले आंतरिक स्तर पर कई उपायों के जरिए लागत को नियंत्रित करने की कोशिश की, लेकिन बढ़ते खर्चों के चलते अब उसका कुछ हिस्सा ग्राहकों तक पहुंचाना जरूरी हो गया है।

जनवरी 2026 में टाल दिया गया था फैसला

रिपोर्ट्स के अनुसार कंपनी जनवरी 2026 में भी कीमतें बढ़ाने पर विचार कर रही थी। हालांकि उस समय छोटी कारों की मजबूत बिक्री को देखते हुए यह फैसला टाल दिया गया था। मारुति सुजुकी के मार्केटिंग और सेल्स के सीनियर एग्जीक्यूटिव ऑफिसर पार्थो बनर्जी ने कहा था कि कंपनी “स्ट्रैटेजिक प्राइसिंग” जारी रखेगी ताकि पहली बार कार खरीदने वाले ग्राहकों पर ज्यादा असर न पड़े।

किन मॉडल्स पर पड़ेगा असर?

कंपनी ने अभी तक मॉडल-वाइज नई कीमतों की जानकारी साझा नहीं की है। हालांकि नियामकीय फाइलिंग्स के मुताबिक कीमतों में अधिकतम 30,000 तक की बढ़ोतरी की जा सकती है। इस फैसले का असर मारुति सुजुकी की लगभग सभी कारों पर देखने को मिल सकता है, जिनमें हैचबैक, SUV और सेडान मॉडल शामिल हैं।

अन्य ऑटो कंपनियां भी बढ़ा चुकी हैं कीमतें

ऑटो इंडस्ट्री में बढ़ती लागत का असर सिर्फ मारुति तक सीमित नहीं है। इससे पहले एमजी मोटर और टाटा मोटर्स ने अप्रैल 2026 में कीमतें बढ़ाई थीं। वहीं हुंडई मोटर कंपनी ने मई 2026 में अपने वाहनों की कीमतों में इजाफा किया। इसके अलावा बीवाईडी भी जुलाई 2026 से अपनी कारों की कीमतों में 2 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी करने जा रही है।

ग्राहकों पर क्या होगा असर?

1 जून 2026 के बाद मारुति की नई कार खरीदने वाले ग्राहकों को ज्यादा कीमत चुकानी पड़ सकती है। ऐसे में अगर कोई ग्राहक जल्द नई कार खरीदने की योजना बना रहा है, तो उसके लिए मई के अंत तक बुकिंग करना फायदेमंद हो सकता है।