भारत में सितंबर 2026 के दौरान कारों की बिक्री के आंकड़ों में बड़ा बदलाव देखने को मिला है, जिसमें मारुति सुजुकी बलेनो देश की सबसे ज्यादा बिकने वाली कार बनकर पहले नंबर पर पहुंच गई है। बलेनो की कुल 25,392 यूनिट्स डिस्पैच की गईं, जो पिछले साल सितंबर के मुकाबले 93 फीसदी ज्यादा हैं। वहीं, टाटा नेक्सॉन 20,456 यूनिट्स के साथ दूसरे और टाटा पंच 20,333 यूनिट्स के साथ तीसरे स्थान पर रही।

इस बार सबसे ज्यादा बिकने वाली 10 कारों की सूची में मारुति सुजुकी का दबदबा रहा। कंपनी के छह मॉडल टॉप-10 में शामिल हैं। टाटा मोटर्स की दो, जबकि हुंडई और महिंद्रा की एक-एक कार ने इस लिस्ट में जगह बनाई है। सितंबर 2026 में टॉप-10 कारों की कुल डिस्पैच 1,91,332 यूनिट्स रही, जो सितंबर 2025 के मुकाबले 15.5 फीसदी अधिक है।

सितंबर 2026 में सबसे ज्यादा बिकने वाली टॉप-10 कारें

सितंबर 2026 में मारुति बलेनो बनी नंबर-1 कार

Maruti Baleno
Maruti Baleno

मारुति सुजुकी बलेनो ने सितंबर में सबसे ज्यादा बिक्री के मामले में पहला स्थान हासिल किया। कंपनी ने इस महीने इसकी 25,392 यूनिट्स डिस्पैच कीं, जबकि सितंबर 2025 में यह आंकड़ा 13,173 यूनिट्स था। इस तरह बलेनो की सालाना वृद्धि 93 फीसदी रही।

प्रीमियम हैचबैक सेगमेंट में आने वाली बलेनो को इसके स्पेस, आरामदायक केबिन और किफायती इस्तेमाल के लिए जाना जाता है। इसकी बिक्री में हुई तेज बढ़ोतरी ने इसे टाटा नेक्सॉन और टाटा पंच जैसी लोकप्रिय गाड़ियों से आगे पहुंचा दिया।

सितंबर 2026 में टाटा नेक्सॉन दूसरे स्थान पर

Tata Nexon
Tata Nexon

टाटा नेक्सॉन 20,456 यूनिट्स के साथ सितंबर में दूसरी सबसे ज्यादा बिकने वाली कार रही। हालांकि, पिछले साल के मुकाबले इसकी बिक्री में 9 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई। सितंबर 2025 में इसकी 22,573 यूनिट्स डिस्पैच हुई थीं।

नेक्सॉन पेट्रोल, डीजल, सीएनजी और इलेक्ट्रिक विकल्पों में उपलब्ध है। अलग-अलग पावरट्रेन का विकल्प और SUV डिजाइन इसे ग्राहकों के बीच लोकप्रिय बनाए रखते हैं। इस बार यह बलेनो से पीछे रही, लेकिन तीसरे नंबर पर मौजूद टाटा पंच से इसकी बढ़त सिर्फ 123 यूनिट्स की रही।

सितंबर 2026 में टाटा पंच ने हासिल किया तीसरा स्थान

Tata Punch
Tata Punch

टाटा पंच ने सितंबर 2026 में 20,333 यूनिट्स की बिक्री के साथ तीसरा स्थान हासिल किया। पिछले साल इसी महीने में इसकी 15,891 यूनिट्स डिस्पैच हुई थीं। इस तरह पंच की बिक्री में सालाना आधार पर 28 फीसदी की बढ़ोतरी हुई। कॉम्पैक्ट SUV पंच पेट्रोल, सीएनजी और इलेक्ट्रिक विकल्पों में उपलब्ध है।

सितंबर 2026 में मारुति फ्रॉन्क्स चौथे नंबर पर

Maruti Fronx
Maruti Fronx

मारुति सुजुकी फ्रॉन्क्स 19,282 यूनिट्स के साथ चौथे स्थान पर रही। सितंबर 2025 में इसकी 13,767 यूनिट्स डिस्पैच हुई थीं। एक साल में इसकी बिक्री 40 फीसदी बढ़ी है। क्रॉसओवर डिजाइन वाली यह कार यह मारुति की उन कारों में शामिल है, जिनकी बिक्री में सितंबर के दौरान मजबूत सालाना बढ़ोतरी दर्ज की गई।

सितंबर 2026 में वैगनआर ने टॉप-5 में बनाई जगह

Maruti WagonR
Maruti WagonR

मारुति सुजुकी वैगनआर 18,835 यूनिट्स के साथ पांचवें नंबर पर रही। पिछले साल सितंबर में इसकी 15,388 यूनिट्स बिकी थीं। इस तरह इसकी बिक्री में 22 फीसदी की सालाना बढ़ोतरी हुई।

वैगनआर की लोकप्रियता की प्रमुख वजह इसका ऊंचा केबिन, उपयोगी इंटीरियर और रोजमर्रा के इस्तेमाल के लिए सुविधाजनक डिजाइन है। हालांकि, अगस्त 2026 के मुकाबले सितंबर में इसकी बिक्री 7 फीसदी कम रही।

डिजायर बनी सितंबर 2026 टॉप-10 की इकलौती सेडान

Maruti Dzire
Maruti Dzire

मारुति सुजुकी डिजायर 17,754 यूनिट्स के साथ छठे स्थान पर रही। यह सितंबर की टॉप-10 सूची में शामिल इकलौती सेडान है। सितंबर 2025 में इसकी 20,038 यूनिट्स डिस्पैच हुई थीं, यानी सालाना आधार पर बिक्री 11 फीसदी घटी।

हुंडई क्रेटा सितंबर 2026 में सातवें स्थान पर

Hyundai Creta
Hyundai Creta

हुंडई क्रेटा ने सितंबर 2026 में 17,657 यूनिट्स की बिक्री दर्ज की और सातवें नंबर पर रही। पिछले साल सितंबर में इसकी 18,861 यूनिट्स डिस्पैच हुई थीं। इस तरह इसकी बिक्री में 6 फीसदी की गिरावट आई।

सितंबर 2026 में मारुति स्विफ्ट आठवें नंबर पर

Maruti Swift
Maruti Swift

मारुति सुजुकी स्विफ्ट की सितंबर में 17,399 यूनिट्स डिस्पैच हुईं। सितंबर 2025 के 15,547 यूनिट्स के मुकाबले इसमें 12 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई। हालांकि, अगस्त 2026 के मुकाबले इसकी बिक्री 12 फीसदी कम रही।

सितंबर 2026 में महिंद्रा स्कॉर्पियो नौवें स्थान पर

Mahindra Scorpio
Mahindra Scorpio

महिंद्रा स्कॉर्पियो रेंज 17,313 यूनिट्स के साथ नौवें नंबर पर रही। इसमें स्कॉर्पियो-N और स्कॉर्पियो क्लासिक दोनों की बिक्री शामिल है। सितंबर 2025 में इस रेंज की 18,372 यूनिट्स डिस्पैच हुई थीं, यानी सालाना आधार पर 6 फीसदी की गिरावट आई।

मारुति अर्टिगा ने पूरा किया सितंबर 2026 टॉप-10

Maruti Ertiga
Maruti Ertiga

मारुति सुजुकी अर्टिगा 16,911 यूनिट्स के साथ दसवें स्थान पर रही। सितंबर 2025 में इसकी 12,115 यूनिट्स डिस्पैच हुई थीं। इस तरह इसकी बिक्री में 40 फीसदी की सालाना बढ़ोतरी दर्ज की गई।

क्या कहती है सितंबर की कार सेल्स रिपोर्ट ?

सितंबर 2026 की टॉप-10 सूची में मारुति सुजुकी ने छह मॉडल के साथ सबसे ज्यादा जगह बनाई। बलेनो की बिक्री में सबसे तेज सालाना बढ़ोतरी दर्ज हुई, जबकि फ्रॉन्क्स और अर्टिगा ने भी 40 फीसदी की वृद्धि हासिल की। टाटा नेक्सॉन और पंच ने दूसरे व तीसरे स्थान पर रहकर एसयूवी की मजबूत मांग दिखाई।

हालांकि, सभी कारों की बिक्री नहीं बढ़ी। नेक्सॉन, डिजायर, क्रेटा और स्कॉर्पियो की बिक्री पिछले साल के मुकाबले कम रही। इससे साफ है कि, लोकप्रिय मॉडल होने के बावजूद अलग-अलग कारों की मांग में महीने-दर-महीने और साल-दर-साल बदलाव आता रहता है।