महिंद्रा अपनी पॉपुलर कॉम्पैक्ट एसयूवी XUV 3XO का सीएनजी वर्जन 15 अक्टूबर को लॉन्च करने वाली है लेकिन उससे पहले कंपनी ने इसका एक टीजर जारी किया है, जिसमें इसके फ्रंट डिजाइन के साथ साथ इसमें पैनोरमिक सनरूफ मिलने की पुष्टि हो गई है। 3एक्सओ सीएनजी की कीमत, सीएनजी मोड में पावर, माइलेज और सभी वेरिएंट की जानकारी लॉन्च के दिन ही सामने आएगी।

Mahindra XUV 3XO CNG Teaser: कैसा होगा नई SUV का डिजाइन?

टीजर में लाल रंग की XUV 3XO दिखाई गई है। इसके फ्रंट में हेडलैंप के बीच बॉडी कलर का पैनल और बीच में महिंद्रा का ट्विन पीक्स लोगो नजर आता है। लोगो के दोनों तरफ मेटैलिक फिनिश वाले एलिमेंट दिए गए हैं। एसयूवी में पहले की तरह एलईडी डे टाइम रनिंग लाइट्स और परिचित हेडलैंप डिजाइन दिखाई देते हैं।

टीजर में पैनोरमिक सनरूफ को भी खास तौर पर दिखाया गया है। इससे संकेत मिलता है कि सीएनजी वर्जन में भी प्रीमियम फीचर पर ध्यान दिया जाएगा। हालांकि, सनरूफ किन-किन वेरिएंट में मिलेगी, इसकी पूरी जानकारी अभी सामने नहीं आई है।

Mahindra XUV 3XO CNG: 15 अक्टूबर को क्या होगा खास?

महिंद्रा ने टीजर के अंत में 15 अक्टूबर 2026 की तारीख दिखाई है। इस दिन कंपनी नई XUV 3XO CNG से जुड़ी जानकारी का खुलासा करेगी। कीमत, वेरिएंट, इंजन की क्षमता, ट्रांसमिशन और माइलेज जैसे सवालों के जवाब भी इसी दिन दिए जाएंगे। हालांकि, कंपनी लॉन्च के दिन ही इसकी कीमतों की घोषणा करेगी या सिर्फ मॉडल का औपचारिक डेब्यू होगा इसकी जानकारी अभी नहीं दी गई है।

Mahindra XUV 3XO CNG: कौन-सा इंजन मिल सकता है?

मौजूदा XUV 3XO में 1.2-लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन का विकल्प मिलता है लेकिन सीएनजी वर्जन में भी इसी परिवार के 1.2-लीटर टर्बोचार्ज्ड MPFI पेट्रोल इंजन पर आधारित पावरट्रेन मिलने की उम्मीद है।

पेट्रोल मोड में यह इंजन करीब 110 bhp की पावर और 200 Nm का टॉर्क देता है। लेकिन CNG पर चलने के दौरान पावर और टॉर्क के आंकड़े अलग हो सकते हैं। कंपनी ने अभी CNG मोड के आधिकारिक आंकड़े घोषित नहीं किए हैं।

Mahindra XUV 3XO CNG: किन वेरिएंट में हो सकती है पेश?

रिपोर्ट्स के मुताबिक, नई XUV 3XO CNG को REVX M और AX5 जैसे वेरिएंट में पेश किया जा सकता है। हालांकि, कंपनी ने अभी वेरिएंट की अंतिम सूची जारी नहीं की है।

मौजूदा पेट्रोल मॉडल में REVX और AX5 वेरिएंट अलग-अलग कीमतों और फीचर्स के साथ उपलब्ध हैं। सीएनजी मॉडल में भी कंपनी ग्राहकों को बजट और सुविधाओं के हिसाब से विकल्प दे सकती है। पैनोरमिक सनरूफ जैसे फीचर को देखते हुए यह जानना दिलचस्प होगा कि कंपनी इसे किस वेरिएंट में शामिल करती है।

Mahindra XUV 3XO CNG Price: कितनी हो सकती है कीमत?

महिंद्रा ने एक्सयूवी 3एक्सओ सीएनजी की कीमत का खुलासा नहीं किया है। अनुमान है कि इसकी शुरुआती कीमत पेट्रोल वर्जन से ज्यादा होगी, लेकिन अंतिम कीमत का पता कंपनी की घोषणा के बाद ही चलेगा।

मौजूदा एक्सयूवी 3एक्सओ पेट्रोल रेंज की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत करीब 7.79 लाख रुपये है। सीएनजी वर्जन की कीमत इंजन, फिटमेंट, वेरिएंट और फीचर्स के आधार पर तय होगी।

Tata Nexon i-CNG और Maruti Brezza S-CNG से होगा मुकाबला

Mahindra XUV 3XO CNG का मुकाबला कॉम्पैक्ट एसयूवी सेगमेंट में टाटा नेक्सॉन i-CNG और मारुति सुजुकी ब्रेजा एस-सीएनजी जैसे मॉडलों से हो सकता है। इन कारों में फैक्ट्री-फिटेड सीएनजी विकल्प मिलता है।