अगर आप लंबी रेंज वाली इलेक्ट्रिक कार खरीदना चाहते हैं लेकिन प्रीमियम ईवी पर बहुत ज्यादा पैसा खर्च करने का बजट नहीं है, तो हुंडई की आने वाली नई इलेक्ट्रिक एसयूवी पर नजर रख सकते हैं। दरअसल, हुंडई एक छोटी और ज्यादा किफायती इलेक्ट्रिक एसयूवी पर काम कर रही है, जिसे हुंडई आयोनिक पी (Hyundai Ioniq P) नाम से भारत में लॉन्च किए जाने की संभावना है।

हालिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस सस्ती इलेक्ट्रिक एसयूवी का कोडनेम HE1i बताया जा रहा है। इस नई ईवी को भारतीय बाजार में टाटा पंच ईवी, टाटा नेक्सॉन और महिंद्रा एक्सयूवी 3 एक्सओ ईवी जैसी कारों के मुकाबले उतारा जा सकता है। रिपोर्ट के अनुसार, इसमें दो बैटरी विकल्प, मॉर्डन इंफोटेनमेंट सिस्टम और लेवल 2 ADAS जैसे फीचर्स हो सकते हैं। हालांकि, भारत में इसकी वास्तविक रेंज और कीमत का आधिकारिक खुलासा होना बाकी है।

Hyundai की नई इलेक्ट्रिक कार क्यों होगी खास?

हुंडई की नई इलेक्ट्रिक एसयूवी उन ग्राहकों को ध्यान में रखकर तैयार की जा रही है, जो रोजाना शहर में ड्राइविंग के साथ कभी-कभार लंबी दूरी की यात्रा भी करते हैं। कंपनी की रणनीति अपनी इलेक्ट्रिक कारों को ज्यादा ग्राहकों तक पहुंचाने की है। यह मॉडल क्रेटा इलेक्ट्रिक से नीचे के सेगमेंट में लाइनअप किया जा सकता है।

रिपोर्ट के मुताबिक, इस इलेक्ट्रिक कार का नाम Ioniq P होने की चर्चा है लेकिन हुंडई मोटर इंडिया ने अभी इसके नाम की आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की है। कंपनी ने यह जरूर संकेत दिया है कि बेयोन के बाद भारत के लिए एक नई मास-मार्केट इलेक्ट्रिक कार उसकी योजना का हिस्सा है।

355Km तक की रेंज, दो बैटरी विकल्प मिलने की उम्मीद

हुंडई की आगामी इलेक्ट्रिक एसयूवी को स्टैंडर्ड रेंज और लॉन्ग रेंज, दो विकल्पों में पेश किया जा सकता है। इसकी बैटरी क्षमता और भारतीय मॉडल की रेंज अभी सामने नहीं आई है।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में उपलब्ध हुंडई इंस्टेर ईवी में 42kWh और 49kWh के बैटरी पैक मिलते हैं। इसके लॉन्ग रेंज वर्जन की WLTP प्रमाणित रेंज 355 किलोमीटर तक है। इसी वजह से नई भारतीय इलेक्ट्रिक एसयूवी की संभावित रेंज को लेकर भी उम्मीदें हैं। हालांकि, 355 किलोमीटर की रेंज को अभी भारत में आने वाली आयोनिक पी की आधिकारिक रेंज नहीं माना जा सकता।

मिल सकते हैं Level 2 ADAS जैसे प्रीमियम फीचर्स

हुंडई की नई इलेक्ट्रिक एसयूवी में सिर्फ रेंज ही नहीं बल्कि तकनीक पर भी ध्यान दिया जाएगा। कंपनी ने आगामी कॉम्पैक्ट ईवी के लिए नेक्स्ट-जेनरेशन इंफोटेनमेंट सिस्टम और लेवल 2 असिस्टेड ड्राइविंग टेक्नोलॉजी की जानकारी दी है, जिसमें मिलने वाली संभावित सुविधाएं इस प्रकार हैं।

Level 2 ADAS: ड्राइविंग के दौरान कुछ परिस्थितियों में चालक की सहायता करने वाली तकनीक।

नेक्स्ट-जेनरेशन इंफोटेनमेंट: बेहतर कनेक्टिविटी और डिजिटल सुविधाओं वाला सिस्टम।

Pleos Connect: Hyundai का नया इंफोटेनमेंट सिस्टम मिलने की संभावना।

कॉम्पैक्ट SUV डिजाइन: शहर की सड़कों और रोजमर्रा के इस्तेमाल के लिए उपयुक्त आकार।

हालांकि, भारतीय मॉडल में कौन-कौन से ADAS फीचर्स और किस वेरिएंट में मिलेंगे, यह अभी साफ नहीं हुआ है।

Hyundai Ioniq P की कीमत कितनी हो सकती है?

नई इलेक्ट्रिक एसयूवी की कीमत पर सबकी नजर रहेगी। हुंडई इसे अपनी मौजूदा प्रीमियम इलेक्ट्रिक कारों से नीचे के सेगमेंट में उतार सकती है। एक रिपोर्ट के अनुसार इसकी शुरुआती कीमत 10 लाख से 12 लाख रुपये के बीच हो सकती है।

कब लॉन्च होगी Hyundai की नई इलेक्ट्रिक SUV?

हुंडई की इस नई इलेक्ट्रिक एसयूवी को जनवरी 2027 के आसपास पेश किए जाने की उम्मीद है। कुछ रिपोर्टों में इसे वित्त वर्ष 2026-27 की अंतिम तिमाही तक लॉन्च करने की संभावना भी बताई गई है। फिलहाल कंपनी ने बिक्री शुरू होने की निश्चित तारीख घोषित नहीं की है।