होंडा कार्स इंडिया ने अपनी लोकप्रिय मिड-साइज एसयूवी होंडा एलिवेट (SUV Honda Elevate) का फेसलिफ्ट मॉडल भारतीय बाजार लॉन्च कर दिया है। नई एलिवेट में कंपनी ने एसयूवी के डिजाइन को ज्यादा मॉर्डन बनाने के साथ-साथ केबिन और फीचर लिस्ट में भी कई अहम बदलाव किए हैं। खास बात यह है कि भारत दुनिया का पहला बाजार है जहां नई होंडा एलिवेट को पेश किया गया है।
Honda Elevate Facelift में क्या बदला?
| बदलाव | नई Honda Elevate में क्या मिलेगा |
|---|---|
| फ्रंट डिजाइन | नया ग्रिल और अपडेटेड फ्रंट फेसिया |
| LED लाइटिंग | नए सेगमेंटेड LED DRLs |
| Honda Logo | बोनट पर नई जगह |
| रियर डिजाइन | कनेक्टेड LED लाइटिंग का नया ट्रीटमेंट |
| कैमरा | 360 डिग्री कैमरा |
| सीट्स | वेंटिलेटेड फ्रंट सीट्स |
| केबिन | ज्यादा प्रीमियम और हल्का कलर थीम |
| एंबिएंट लाइटिंग | डैशबोर्ड और डोर पैनल पर |
| इंजन | 1.5 लीटर पेट्रोल |
| गियरबॉक्स | 6-स्पीड मैनुअल और CVT |
डिजाइन में हुआ सबसे बड़ा बदलाव
होंडा एलिवेट फेसलिफ्ट के फ्रंट हिस्से को पहले की तुलना में ज्यादा आधुनिक लुक दिया गया है। SUV में नया ग्रिल डिजाइन देखने को मिलता है, जिसमें हॉरिजॉन्टल सेगमेंटेड एलईडी डीआरएल को शामिल किया गया है।
एक खास बदलाव होंडा के लोगो की पोजिशन में हुआ है। अब कंपनी का लोगो ग्रिल की जगह बोनट पर दिया गया है, जिससे फ्रंट प्रोफाइल पहले से अलग नजर आती है। एलईडी हेडलैंप और मौजूदा एसयूवी का मूल डिजाइन बरकरार रखा गया है। पीछे की तरफ भी डिजाइन में बदलाव किए गए हैं। यहां कनेक्टेड LED लाइटिंग और अपडेटेड बंपर के जरिए SUV को ज्यादा प्रीमियम लुक देने की कोशिश की गई है।
360 डिग्री कैमरा बना बड़ा फीचर
नई होंडा एलिवेट में सबसे अहम फीचर अपग्रेड में 360 डिग्री कैमरा शामिल है। मौजूदा मॉडल में इस तरह की सुविधा डीलर-लेवल एक्सेसरी के तौर पर उपलब्ध थी, लेकिन फेसलिफ्ट में इसे फैक्ट्री-फिटेड फीचर के रूप में शामिल किया गया है। इससे तंग जगहों में पार्किंग और SUV को चलाने में ड्राइवर को ज्यादा सुविधा मिलेगी।
वेंटिलेटेड सीट्स से बढ़ेगा आराम
होंडा ने नई एलिवेट के केबिन को भी ज्यादा प्रीमियम बनाने पर फोकस किया है। एसयूवी में वेंटिलेटेड फ्रंट सीट्स जैसे फीचर को शामिल किया गया है। भारतीय गर्म मौसम में यह फीचर खास तौर पर उपयोगी हो सकता है। केबिन में हल्के रंग की अपहोल्स्ट्री और डैशबोर्ड व डोर पैनल पर एंबिएंट लाइटिंग भी दी गई है। इससे इंटीरियर को पहले की तुलना में ज्यादा प्रीमियम फील मिलता है।
इंजन में नहीं किया गया बड़ा बदलाव
होंडा ने नई एलिवेट के मैकेनिकल सेटअप को बड़े स्तर पर बदलने के बजाय डिजाइन और फीचर्स पर फोकस किया है। SUV में मौजूदा 1.5-लीटर नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन जारी रखा गया है। यह इंजन करीब 121 PS की पावर और 145 Nm का टॉर्क पैदा करता है। इसे 6-स्पीड मैनुअल और CVT ऑटोमैटिक गियरबॉक्स के साथ जोड़ा गया है।
क्या Honda Elevate Facelift हाइब्रिड है?
इस अपडेट के साथ भी एलिवेट में हाइब्रिड पावरट्रेन नहीं दिया गया है। होंडा की ओर से इस फेसलिफ्ट के लिए मौजूदा पेट्रोल इंजन को ही आगे बढ़ाया गया है। यह बात इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि मारुति सुजुकी ग्रांड विटारा और टोयोटा अर्बन क्रूजर हाइराइडर जैसे प्रतिद्वंद्वी मजबूत हाइब्रिड पावरट्रेन के साथ उपलब्ध हैं।
कितना है व्हीलबेस और बूट स्पेस ?
फेसलिफ्ट के बावजूद होंडा एलिवेट की बेसिक एसयूवी संरचना में बड़ा बदलाव नहीं किया गया है। मौजूदा मॉडल का व्हीलबेस 2,650 mm, ग्राउंड क्लीयरेंस 220 mm और बूट स्पेस 458 लीटर है। इससे यह फैमिली SUV के तौर पर व्यावहारिक विकल्प बनी रहती है।
Honda Elevate Facelift की बुकिंग
नई होंडा एलिवेट की प्री-बुकिंग भारत में 21,000 के टोकन अमाउंट के साथ शुरू की गई थी। बुकिंग होंडा के अधिकृत डीलरशिप नेटवर्क के जरिए की जा सकती है। कंपनी ने भारत को इस अपडेटेड SUV के लिए पहला ग्लोबल मार्केट बनाया है।
Honda Elevate Facelift: कीमत क्या है?
होंडा ने अपने अपनी अपडेटेड होंडा एलिवेट को लॉन्च कर दिया, जिसकी कीमतों का खुलासा भी कंपनी ने कर दिया है। एलिवेट की शुरुआती कीमत 11.80 लाख (एक्स शोरूम) है, जो टॉप मॉडल में जाने पर 18.40 लाख रुपये (एक्स शोरूम) हो जाती है।
नई Honda Elevate किन SUV को देगी टक्कर?
नई होंडा एलिवेट का मुकाबला मिड-साइज एसयूवी सेगमेंट की कई लोकप्रिय कारों से होगा। इनमें प्रमुख रूप से हुंडई क्रेटा, किआ सेल्टोस, मारुति सुजुकी विक्टोरिस, मारुति सुजुकी ग्रांड विटारा, टोयोटा अर्बन क्रूजर हाइराइडर, फॉक्सवैगन टाइगुन और स्कोडा कुशाक शामिल हैं।
