Honda Alpha Electric SUV: होंडा ने भारत में अपनी पहली इलेक्ट्रिक एसयूवी के नाम का ऐलान कर दिया है। होंडा की इस नई इलेक्ट्रिक गाड़ी को होंडा अल्फा (Honda Alpha) नाम से भारतीय मार्केट में पेश किया जाएगा। इससे पहले इसे होंडा 0 अल्फा कॉन्सेप्ट के नाम से जाना जा रहा था। अब इसका प्रोडक्शन मॉडल 2 दिसंबर 2026 को भारत में ग्लोबल डेब्यू करेगा, जिसे बिक्री के लिए 2027 से मार्केट में उतारा जा सकता है।
Honda Alpha: होंडा की पहली इलेक्ट्रिक SUV
होंडा अल्फा कंपनी की भारत में पहली ऑल-इलेक्ट्रिक कार होगी, जिसे अक्टूबर 2025 में जापान मोबिलिटी शो में दिखाए गए होंडा 0 अल्फा कॉन्सेप्ट के आधार पर तैयार किया जा रहा है। कंपनी की योजना इस मॉडल को भारतीय बाजार के साथ दूसरे वैश्विक बाजारों में भी पेश करने की है।
नई होंडा इलेक्ट्रिक एसयूवी का डिजाइन मौजूदा होंडा कारों से अलग हो सकता है। कॉन्सेप्ट मॉडल में चौड़ा और सीधा फ्रंट, आधुनिक लाइटिंग, एयरो-डिजाइन अलॉय व्हील और पीछे की तरफ अलग आकार का टेलगेट देखने को मिला था। प्रोडक्शन मॉडल में इन डिजाइन एलिमेंट्स में कुछ बदलाव संभव हैं।
दो बैटरी विकल्पों के साथ आ सकती है Honda Alpha
होंडा ने अभी तक इस इलेक्ट्रिक एसयूवी की पूरी तकनीकी जानकारी सार्वजनिक नहीं की है। हालांकि, कंपनी ने दो बैटरी पैक विकल्प देने की पुष्टि की है। दोनों बैटरी पैक में एलएफपी यानी लिथियम आयरन फॉस्फेट तकनीक इस्तेमाल होने की जानकारी है।
उपलब्ध शुरुआती जानकारी के मुताबिक, बैटरी पैक की क्षमता लगभग 65kWh से 75kWh के बीच हो सकती है। लॉन्च के समय इसमें सिंगल-मोटर और फ्रंट-व्हील-ड्राइव सेटअप मिलने की संभावना है।
फिलहाल कंपनी ने इसकी आधिकारिक ड्राइविंग रेंज, मोटर की पावर, चार्जिंग टाइम और बैटरी की वारंटी का खुलासा नहीं किया है। इन जानकारियों के लिए प्रोडक्शन मॉडल की पेशकश का इंतजार करना होगा।
भारत में बनेगी Honda Alpha Electric SUV
होंडा अपनी नई इलेक्ट्रिक एसयूवी का निर्माण भारत में करेगी। राजस्थान के टपूकड़ा स्थित कंपनी के प्लांट को इसका प्रमुख प्रोडक्शन बेस बनाए जाने की उम्मीद है। भारत में बनने वाली इस एसयूवी को दूसरे देशों में भी भेजने की योजना है।
यह मॉडल होंडा की इलेक्ट्रिक मोबिलिटी रणनीति के लिए महत्वपूर्ण है। कंपनी भारतीय बाजार में इलेक्ट्रिक गाड़ियों की बढ़ती मांग को देखते हुए अपनी मौजूदगी मजबूत करना चाहती है।
कब लॉन्च होगी Honda Alpha और कितनी होगी कीमत?
होंडा अल्फा का प्रोडक्शन मॉडल 2 दिसंबर 2026 को भारत में पेश किया जाएगा। इसकी बिक्री 2027 में शुरू होने की उम्मीद है। हालांकि, कंपनी ने अभी तक इसकी सटीक लॉन्च तारीख और कीमत की घोषणा नहीं की है।
इसकी कीमत बैटरी पैक, फीचर्स और वेरिएंट के आधार पर तय होगी। फिलहाल इसकी एक्स-शोरूम कीमत को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी उपलब्ध नहीं है।
इन इलेक्ट्रिक SUVs से होगा मुकाबला
भारत में लॉन्च होने के बाद होंडा अल्फा का मुकाबला कई मिडसाइज इलेक्ट्रिक एसयूवी से होगा, जिसमें महिंद्रा बीई6, एमजी जेडएस ईवी, हुंडई क्रेटा इलेक्ट्रिक और मारुति सुजुकी ई-विटारा का नाम प्रमुख है।
