हीरो मोटोकॉर्प ने इस दिवाली फेस्टिव सीजन में अपने पॉपुलर स्कूटर डेस्टिनी का नया एडिशन Hero Destini 110 Classique Edition लॉन्च कर दिया है। इस स्कूटर को 76,400 एक्स-शोरूम दिल्ली के साथ मार्केट में उतारा गया है। यह नया एडिशन मौजूदा डेस्टिनी 110 वीएक्स वेरिएंट पर आधारित है और इसमें नए डुअल-टोन रंग, अलग ग्राफिक्स और खास 3D बैजिंग दी गई है। इंजन और मैकेनिकल सेटअप में बदलाव नहीं किया गया है।

Hero Destini 110 Classique Edition की कीमत

नया डेस्टिनी 110 क्लासिक एडिशन को वीएक्स और जेडएक्स वेरिएंट के बीच लाइनअप किया गया है। इसकी कीमत वीएक्स से 1,400 रुपये ज्यादा है, तो जेडएक्स वेरिएंट से 7,400 कम है।

दो नए डुअल-टोन रंगों में मिलेगा स्कूटर

हीरो डेस्टिनी क्लासिक एडिशन में कंपनी ने डिजाइन पर खास ध्यान दिया है, जिसे दो रंगों में उपलब्ध कराया गया है।

मैट गोल्डफिश सिल्वर/लाइट इंडस्ट्रियल ग्रे: इसके साथ भूरे रंग के इनर पैनल मिलते हैं।

मैट एरीज ब्राउन: इस रंग में काले इनर पैनल दिए गए हैं।

दोनों विकल्पों में फ्रंट हैंडल कवर और साइड पैनल पर नई स्ट्राइप्स, रंग से मेल खाते मिरर और सीट, ब्रांडेड रिम टेप तथा खास 3D Classique Edition बैज मिलता है। कंपनी ने इस एडिशन में मुख्य रूप से कॉस्मेटिक बदलाव किए हैं।

Hero Destini 110 के फीचर्स

यह स्कूटर रोजाना के सफर और पारिवारिक इस्तेमाल को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। इसमें 785 मिमी लंबी सीट दी गई है। कंपनी का दावा है कि यह अपने सेगमेंट की सबसे लंबी सीट है। स्कूटर में दोनों तरफ 12-इंच के पहिये और पीछे चौड़ा 100/80-12 टायर मिलता है।

इसके अन्य प्रमुख फीचर्स इस प्रकार हैं:

19 लीटर का अंडर-सीट स्टोरेज

मोबाइल चार्जिंग सुविधा वाला फ्रंट स्टोरेज कंपार्टमेंट

सामान रखने की जगह में बूट लैंप

डिजिटल-एनालॉग इंस्ट्रूमेंट कंसोल

LED प्रोजेक्टर हेडलैंप

LED टेल लैंप और पोजिशन लैंप

अलॉय व्हील और क्रोम डिटेलिंग

इंजन और परफॉर्मेंस में बदलाव नहीं

हीरो डेस्टिनी 110 क्लासिक एडिशन में पहले वाला 110.9cc, एयर-कूल्ड, सिंगल-सिलेंडर इंजन दिया गया है। यह इंजन 7,250rpm पर 8.2hp की पावर और 5,750rpm पर 8.7Nm का टॉर्क जनरेट करता है। इसके साथ ऑटोमैटिक CVT ट्रांसमिशन मिलता है। स्कूटर में हीरो की i3S तकनीक भी दी गई है, जो रुकने के दौरान इंजन को बंद करके ईंधन बचाने में मदद करती है।

ब्रेकिंग के लिए दोनों पहियों पर ड्रम ब्रेक और कंबाइंड ब्रेकिंग सिस्टम (CBS) मिलता है। फ्रंट डिस्क ब्रेक की सुविधा केवल टॉप ZX वेरिएंट में है। सस्पेंशन के लिए आगे टेलिस्कोपिक फोर्क और पीछे सिंगल शॉक एब्जॉर्बर दिया गया है।