Diwali Electric Car Offers 2026: दिवाली पर नई कार घर लाने का प्लान बना रहे हैं, तो इलेक्ट्रिक कारों पर मिल रहे ऑफर आपके लिए फायदेमंद हो सकते हैं। टाटा मोटर्स से लेकर एमजी, हुंडई और किआ तक की इलेक्ट्रिक कारों पर कैश डिस्काउंट, एक्सचेंज बोनस, स्क्रैपेज बोनस और लॉयल्टी बेनिफिट जैसे फायदे दिए जा रहे हैं। सबसे बड़ा ऑफर टाटा कर्व ईवी पर है, जिस पर चुनिंदा पुराने स्टॉक और वेरिएंट में कुल 3.35 लाख तक का फायदा मिल सकता है। वहीं, टाटा हैरियर ईवी और एमजी जेडएस ईवी पर भी लाखों रुपये तक के बेनिफिट मिल रहे हैं।

दिवाली के मौके पर कार कंपनियां ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए अलग-अलग तरह के ऑफर दे रही हैं। हालांकि, हर ग्राहक को पूरी छूट मिले, यह जरूरी नहीं है। कुछ ऑफर खास वेरिएंट, पुराने स्टॉक, एक्सचेंज या स्क्रैपेज और कंपनी की शर्तों पर निर्भर हैं। इसलिए बुकिंग से पहले डीलरशिप से अपने नाम पर लागू होने वाले ऑफर की पुष्टि करना जरूरी है।

दिवाली पर इन इलेक्ट्रिक कारों पर मिल रहा है कितना फायदा?

Tata Curvv EV: दिवाली पर 3.35 लाख तक की बचत

दिवाली पर इलेक्ट्रिक एसयूवी खरीदने वालों के लिए टाटा कर्व ईवी पर सबसे बड़ा ऑफर दिया जा रहा है। इसके प्री- सीरीज एक्स मॉडल पर कुल 3.35 लाख तक का फायदा मिल सकता है। इसमें 3 लाख तक का कैश डिस्काउंट और 35,000 तक का एक्सचेंज या स्क्रैपेज बोनस शामिल है।

प्री-सीरीज एक्स क्रिएटिव वेरिएंट पर कुल बेनिफिट 2.85 लाख तक है। वहीं, सीरीज एक्स वेरिएंट पर एक्सचेंज या स्क्रैपेज बोनस और लॉयल्टी इंसेंटिव मिलाकर 65,000 तक का फायदा मिल सकता है। कर्व ईवी में 45kWh और 55kWh बैटरी पैक के विकल्प मिलते हैं। इनकी दावा की गई रेंज क्रमशः 430 किलोमीटर और 502 किलोमीटर तक है।

Tata Harrier EV: 2.75 लाख तक का फायदा

टाटा हैरियर ईवी के फेयरलेस प्लस और एम्पावर्ड वेरिएंट पर दिवाली के दौरान 2.75 लाख तक के बेनिफिट मिल रहे हैं। इस पैकेज में 1 लाख का इंटरवेंशन ऑफर, 75,000 तक का एक्सचेंज या स्क्रैपेज बोनस और 1 लाख तक का लॉयल्टी इंसेंटिव शामिल है।

एडवेंचर वेरिएंट पर कुल फायदा 2.50 लाख तक बताया गया है। वहीं, टॉप एम्पावर्ड एडब्ल्यूडी स्टेल्थ 75 एसीएफसी वेरिएंट पर यह 2.25 लाख तक है। हैरियर ईवी में 65kWh और 75kWh बैटरी के विकल्प मिलते हैं। 75kWh रियर-व्हील ड्राइव मॉडल की दावा की गई रेंज 627 किलोमीटर तक है।

MG ZS EV: 2.70 लाख तक के बेनिफिट

दिवाली ऑफर में एमजी जेडएस ईवी पर भी अच्छा फायदा मिल सकता है। इसके एग्जीक्यूटिव वेरिएंट पर 1.80 लाख, एग्जीक्यूटिव प्रो पर 1.85 लाख और एक्सक्लूसिव प्लस व एसेन्स वेरिएंट पर 2.15 लाख तक का कैश डिस्काउंट उपलब्ध है।

इसके अलावा सभी वेरिएंट पर 20,000 का लॉयल्टी बोनस और 20,000 का कॉर्पोरेट डिस्काउंट मिलता है। मौजूदा एमजी कार मालिक के रेफरल से खरीदारी करने पर 15,000 का अतिरिक्त फायदा भी मिल सकता है। कंपनी की ओर से 25,000 कीमत का चार्जर मुफ्त देने का ऑफर भी शामिल है। इन लाभों को मिलाकर कुल फायदा 2.70 लाख तक हो सकता है।

Tata Tiago EV: 1.45 लाख तक का फायदा

कम बजट में इलेक्ट्रिक कार खरीदने वालों के लिए टाटा टियागो ईवी का प्री-फेसलिफ्ट मॉडल विकल्प हो सकता है। इसके बचे हुए स्टॉक पर 1.45 लाख तक के फायदे मिल रहे हैं। ऑफर में 70,000 तक का कैश डिस्काउंट, 50,000 का इंटरवेंशन ऑफर और 25,000 तक का एक्सचेंज या स्क्रैपेज बोनस शामिल है।

टाटा टियागो एक्सजेड प्लस लॉन्ग रेंज वेरिएंट पर 1.25 लाख तक का फायदा मिल सकता है, जबकि मीडियम रेंज वेरिएंट पर कुल बेनिफिट 65,000 तक है। टियागो ईवी में 19kWh और 24kWh बैटरी पैक के विकल्प हैं। यह ऑफर पुराने मॉडल के उपलब्ध स्टॉक पर है।

Tata Punch EV: 1.45 लाख तक की छूट

टाटा पंच ईवी के पुराने मॉडल पर भी दिवाली के दौरान 1.45 लाख तक के फायदे मिल सकते हैं। इसके लॉन्ग रेंज वेरिएंट पर 1.10 लाख तक का कैश डिस्काउंट और 35,000 तक का एक्सचेंज या स्क्रैपेज बोनस दिया जा रहा है।

मीडियम रेंज वेरिएंट पर कुल फायदा 1.25 लाख तक है। वहीं, बेस स्मार्ट वेरिएंट पर 95,000 तक का लाभ मिल सकते हैं। ये ऑफर पुराने पंच ईवी मॉडल पर लागू हैं, अपडेटेड 40kWh वर्जन पर नहीं।