Denza Z9 GT India Launch: भारत के लग्जरी इलेक्ट्रिक कार बाजार में जल्द ही एक नया नाम जुड़ने वाला है। बीवाईडी के प्रीमियम ब्रांड डेंजा की इलेक्ट्रिक कार Z9 GT पहली बार भारतीय सड़कों पर नजर आई है। कंपनी इसे 13 नवंबर 2026 को भारतीय बाजार में पेश करने की तैयारी में है। यह कार अपने स्पोर्टी डिजाइन, तीन इलेक्ट्रिक मोटर और हाई-परफॉर्मेंस के कारण चर्चा में है।

डेंजा जेड9 जीटी की अनुमानित एक्स-शोरूम कीमत 1.20 करोड़ रुपये से 1.50 करोड़ रुपये के बीच हो सकती है। भारत में इसे पूरी तरह बनी हुई कार के रूप में आयात किया जाएगा। इसकी खासियत यह है कि यह पारंपरिक एसयूवी या सेडान के बजाय ‘शूटिंग ब्रेक’ बॉडी स्टाइल में आती है, जो भारतीय बाजार में बेहद कम देखने को मिलता है।

Denza Z9 GT: भारत में कब होगी लॉन्च?

डेंजा जेड 9 जीटी को भारत में बीवाईडी के लग्जरी ब्रांड की शुरुआत करने वाले प्रमुख मॉडलों में शामिल किया गया है। कंपनी की योजना इस कार को 13 नवंबर 2026 को लॉन्च करने की है। इसके साथ डी9 लग्जरी एमपीवी भी भारतीय बाजार में ब्रांड की शुरुआती पेशकशों में शामिल हो सकती है।

भारत आने वाली जेड9 जीटी इलेक्ट्रिक पावरट्रेन के साथ पेश की जाएगी। इसकी बिक्री BYD के सामान्य शोरूम से अलग डेन्जा के विशेष शोरूम के जरिए किए जाने की योजना है। कीमत के लिहाज से यह प्रीमियम इलेक्ट्रिक कार सेगमेंट में उतरेगी।

क्या है शूटिंग ब्रेक डिजाइन?

डेंजा जेड9 जीटी की सबसे अलग पहचान इसका शूटिंग ब्रेक डिजाइन है। इसमें स्पोर्ट्स कार जैसी नीची और ढलानदार छत के साथ पीछे की तरफ ज्यादा उपयोगी स्टोरेज स्पेस देने वाली बनावट मिलती है। यह डिजाइन कूपे की स्पोर्टी अपील और एस्टेट कार की व्यावहारिकता को एक साथ लाने की कोशिश करता है।

कार के फ्रंट में स्प्लिट मैट्रिक्स एलईडी हेडलैंप, उभरी हुई बोनट डिजाइन और बंपर पर एयर इनटेक दिए गए हैं। इसकी छत के आगे LiDAR सेंसर भी दिखाई देता है, जो ड्राइवर असिस्टेंस तकनीक से जुड़ा है।

साइड प्रोफाइल में फ्लश डोर हैंडल, 20 इंच के अलॉय व्हील और Pirelli टायर मिलते हैं। पीछे की तरफ स्लोपिंग विंडस्क्रीन, LED टेललैंप और स्पोर्टी रूफ स्पॉइलर दिया गया है।

2.7 सेकंड में 100kmph

डेंजा जेड9 जीटी के अंतरराष्ट्रीय मॉडल में तीन इलेक्ट्रिक मोटर का सेटअप दिया गया है। एक मोटर आगे और दो मोटर पीछे के पहियों को पावर देती हैं। इनकी संयुक्त ताकत करीब 1,156hp है। पावर चारों पहियों तक पहुंचती है, जिससे इसे ऑल-व्हील ड्राइव सिस्टम मिलता है।

कंपनी के बताए आंकड़ों के अनुसार, यह इलेक्ट्रिक कार 0 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार केवल 2.7 सेकंड में पकड़ सकती है। इसकी अधिकतम रफ्तार 270 किलोमीटर प्रति घंटा बताई गई है।

इसमें 122.5kWh का बड़ा बैटरी पैक मिलता है। अंतरराष्ट्रीय मॉडल के लिए करीब 600 किलोमीटर की WLTP रेंज का दावा किया गया है। भारत में आने वाले मॉडल की अंतिम स्पेसिफिकेशन और प्रमाणित रेंज की पुष्टि लॉन्च के समय होगी।

9 मिनट में 10 से 97% तक चार्ज होने का दावा

डेन्जा जेड9 जीटी की एक और खासियत इसकी अत्यधिक तेज चार्जिंग तकनीक है। कंपनी के 1,500kW Flash चार्जर के साथ इसकी बैटरी को 10 प्रतिशत से 97 प्रतिशत तक करीब 9 मिनट में चार्ज करने का दावा किया गया है।

हालांकि, इतनी तेज चार्जिंग के लिए अनुकूल चार्जर और जरूरी तकनीकी परिस्थितियां होना आवश्यक है। भारत में इस स्तर की चार्जिंग सुविधा कितनी उपलब्ध होगी, यह देखना बाकी है।

कार कर सकेगी Crab Walk

डेंजा जेड9 जीटी में रियर-व्हील स्टीयरिंग तकनीक दी गई है। इसमें पीछे के पहिए भी जरूरत के अनुसार मुड़ सकते हैं। इससे कार को कम जगह में मोड़ने और तंग स्थानों पर चलाने में मदद मिल सकती है।

इस तकनीक के जरिए कार ‘क्रैब वॉक’ जैसी चाल भी कर सकती है, जिसमें वाहन तिरछी दिशा में आगे बढ़ सकता है। इसके अलावा, कुछ परिस्थितियों में यह 360 डिग्री टर्न लेने की क्षमता भी रखती है। यह फीचर बड़ी और लंबी कार को पार्किंग या संकरी जगहों पर संभालने में उपयोगी हो सकता है।

आकार में काफी बड़ी है Denza Z9 GT

डेंजा जेड9 जीटी की लंबाई और चौड़ाई के आंकड़ों से साफ है कि यह कॉम्पैक्ट इलेक्ट्रिक कार नहीं, बल्कि बड़ी और प्रीमियम श्रेणी की कार है।

भारत में कितनी होगी Denza Z9 GT की कीमत?

डेन्जा जेड9 जीटी की भारत में अनुमानित एक्स-शोरूम कीमत 1.20 करोड़ रुपये से 1.50 करोड़ रुपये के बीच हो सकती है। चूंकि इसे पूरी तरह बनी हुई कार के रूप में आयात किया जाएगा, इसलिए इसकी कीमत प्रीमियम स्तर पर रहने की उम्मीद है।

इस कार का मुकाबला सामान्य इलेक्ट्रिक एसयूवी से ज्यादा हाई-परफॉर्मेंस लग्जरी इलेक्ट्रिक कारों से होगा। इसका अनोखा बॉडी स्टाइल, तीन मोटर वाला पावरट्रेन और तेज चार्जिंग तकनीक इसे बाजार में अलग पहचान दे सकते हैं।