भारत में कारों की सुरक्षा को बेहतर बनाने के लिए केंद्र सरकार एक बड़ा कदम उठाने की तैयारी कर रही है, जिसके लिए सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय (MoRTH) ने कारों में ऑटोमैटिक इमरजेंसी ब्रेकिंग सिस्टम (AEBS) अनिवार्य करने का प्रस्ताव रखा है। इस प्रस्ताव के तहत अक्टूबर 2030 से नए कार मॉडल में यह तकनीक देना जरूरी हो सकता है तो वहीं, पहले से बाजार में मौजूद और उत्पादन जारी रखने वाले कार मॉडल को इसके लिए अक्टूबर 2032 तक का समय देने का प्रस्ताव है।

प्रस्ताव के अनुसार, इस तकनीक का मकसद उन परिस्थितियों में दुर्घटना का खतरा कम करना है, जब ड्राइवर सामने मौजूद वाहन या किसी खतरे को देखकर समय पर ब्रेक नहीं लगा पाता। ऐसी स्थिति में सिस्टम चेतावनी देने के बाद जरूरत पड़ने पर अपने आप ब्रेक लगा सकता है। हालांकि, अभी यह सरकार का प्रस्ताव है, जिसे नियम बनने के लिए लंबी यात्रा करनी पड़ेगी।

क्या है Automatic Emergency Braking System?

एईबीएस का पूरा नाम एडवांस्ड इमरजेंसी ब्रेकिंग सिस्टम है, जो एक सक्रिय सुरक्षा तकनीक है, जिसे संभावित टक्कर का खतरा पहचानने और जरूरत पड़ने पर कार की ब्रेकिंग में मदद करने के लिए तैयार किया जाता है।

ड्राइवर सिस्टम सेंसर और इलेक्ट्रॉनिक तकनीक की मदद से सामने की सड़क और संभावित बाधाओं पर नजर रख सकता है। अगर कार के सामने चल रहे वाहन से टक्कर का खतरा पैदा होता है और ड्राइवर समय पर प्रतिक्रिया नहीं देता, तो सिस्टम पहले चेतावनी दे सकता है और जरूरत पड़ने पर अपने आप ब्रेक लगा सकता है।

इस तकनीक के मुख्य फायदे इस प्रकार हैं।

सामने चल रहे वाहन से टक्कर का खतरा कम करने में मदद।

ड्राइवर की प्रतिक्रिया में देरी होने पर समय रहते ब्रेक लगाने की संभावना।

कुछ दुर्घटनाओं को टालने या टक्कर के प्रभाव को कम करने में मदद।

शहरों के ट्रैफिक और अचानक ब्रेक लगाने वाली परिस्थितियों में अतिरिक्त सुरक्षा।

हालांकि, एईबीएस हर परिस्थिति में दुर्घटना रोकने की गारंटी नहीं देता। इसकी क्षमता सेंसर, मौसम, दृश्यता, सड़क की स्थिति और सामने मौजूद वस्तु के प्रकार पर निर्भर कर सकती है।

क्या AEBS और ADAS एक ही चीज हैं?

एईबीएस और एडीएएस दोनों में अंतर है। ADAS यानी एडवांस्ड ड्राइवर असिस्टेंस सिस्टम सुरक्षा और ड्राइविंग में मदद करने वाली कई तकनीकों का समूह है। एईबीएस इसी तरह की तकनीकों में से एक है।

ADAS में वाहन के मॉडल और वेरिएंट के हिसाब से ये फीचर्स शामिल हो सकते हैं:

क्या कारों की कीमत बढ़ सकती है?

यदि प्रस्ताव लागू होता है, तो वाहन कंपनियों को संबंधित मॉडल में एईबीएस तकनीक शामिल करनी होगी। इसके लिए सेंसर, इलेक्ट्रॉनिक कंट्रोल यूनिट, सॉफ्टवेयर और ब्रेकिंग सिस्टम के साथ इंटीग्रेशन की जरूरत पड़ सकती है।

इससे कंपनियों की निर्माण लागत पर असर पड़ सकता है। हालांकि, कारों की कीमत कितनी बढ़ेगी, इस बारे में अभी कोई आधिकारिक अनुमान नहीं है। यह वाहन के डिजाइन, पहले से मौजूद सुरक्षा तकनीक और कंपनी की लागत पर निर्भर करेगा।

ट्रक और बसों के लिए भी सुरक्षा नियमों पर जोर

सरकार व्यावसायिक वाहनों की ब्रेकिंग और स्थिरता से जुड़े नियमों को भी मजबूत करने की दिशा में काम कर रही है। रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रकों के लिए संशोधित ब्रेकिंग मानक 1 अक्टूबर 2027 से लागू करने का प्रावधान किया गया है। इसी तारीख से ट्रकों में AIS 162 के तहत इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी कंट्रोल (ESC) अनिवार्य करने की भी व्यवस्था बताई गई है।

प्रस्ताव कब तक अंतिम होगा?

एईबीएस से संबंधित नियम अभी ड्राफ्ट नोटिफिकेशन के चरण में हैं। रिपोर्ट के अनुसार, अधिसूचना की प्रतियां भारत के राजपत्र में प्रकाशित होने के बाद 30 दिन की अवधि समाप्त होने पर सरकार प्रस्ताव पर विचार करेगी।