अगर आप इस दिवाली नई कार खरीदने का प्लान बना रहे हैं तो आपके मन में एक सवाल जरूर होगा की अभी दिवाली के दौरान कार खरीदना बेहतर रहेगा या फिर दिसंबर तक इंतजार करके ज्यादा डिस्काउंट का फायदा उठाना चाहिए? यह सवाल इसलिए भी जरूरी है क्योंकि कार कंपनियां और डीलर फेस्टिव सीजन के साथ-साथ साल के अंत में भी बिक्री बढ़ाने और स्टॉक कम करने के लिए अलग-अलग ऑफर देते हैं।
2026 में दिवाली 8 नवंबर को है, यानी इस बार फेस्टिव सीजन नवंबर तक चलेगा। इसके करीब डेढ़ महीने बाद दिसंबर में कैलेंडर ईयर खत्म होगा। ऐसे में दोनों समय कार खरीदने के अपने फायदे और नुकसान हैं।
मौजूदा बाजार में पैसेंजर व्हीकल डीलर इन्वेंट्री भी सामान्य स्तर से ऊपर है। FADA के मुताबिक, सितंबर 2026 में डीलर इन्वेंट्री करीब 43-45 दिन थी, जबकि संगठन करीब 21 दिन की इन्वेंट्री को सामान्य स्तर मानता है। इससे कुछ मॉडलों पर ग्राहक के पास बातचीत की गुंजाइश बढ़ सकती है।
दिवाली पर कार खरीदने के फायदे
दिवाली भारत में कार खरीदने के सबसे बड़े सीजन में से एक है। इस दौरान कंपनियां और डीलर ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए कैश डिस्काउंट, एक्सचेंज बोनस, कॉर्पोरेट बेनिफिट, एक्सेसरीज और फाइनेंस ऑफर जैसे फायदे दे सकते हैं, जिसकी डिटेल इस इस प्रकार है।
फेस्टिव ऑफर का फायदा
दिवाली के आसपास कार कंपनियां बिक्री बढ़ाने के लिए विशेष ऑफर पेश करती हैं। हालांकि, हर मॉडल पर एक जैसा डिस्काउंट नहीं मिलता। डिमांड, स्टॉक और मॉडल की लोकप्रियता के आधार पर ऑफर अलग हो सकता है।
पसंद का वेरिएंट मिलने की संभावना ज्यादा
अगर आपको किसी कार का खास कलर, वेरिएंट या ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन चाहिए तो दिवाली के आसपास खरीदना ज्यादा सुविधाजनक हो सकता है। दिसंबर तक इंतजार करने पर कुछ खास वेरिएंट का स्टॉक खत्म हो सकता है।
कार जल्दी मिल सकती है
अगर आपकी मौजूदा कार खराब हो गई है या परिवार में कार की तुरंत जरूरत है, तो सिर्फ ज्यादा डिस्काउंट के लिए डेढ़-दो महीने इंतजार करना जरूरी नहीं है।
डिस्काउंट और एक्सचेंज ऑफर साथ मिल सकते हैं
अगर आपके पास पुरानी कार है तो एक्सचेंज बोनस के साथ फेस्टिव ऑफर मिलाकर कुल डील को बेहतर बनाया जा सकता है। लेकिन सिर्फ विज्ञापन में दिख रहे कुल डिस्काउंट को देखकर फैसला नहीं करना चाहिए।
दिसंबर तक इंतजार करने पर क्या फायदा होगा?
अगर आपकी कार खरीदने की जरूरत तुरंत नहीं है और आपकी प्राथमिकता सबसे कम कीमत पर कार खरीदना है, तो दिसंबर तक इंतजार करना एक अच्छा विकल्प हो सकता है। दिसंबर में डीलर कैलेंडर ईयर की बिक्री पूरी करने, टार्गेट मैच करने और पुराना स्टॉक निकालने पर ज्यादा ध्यान देते हैं। ऐसे समय में ग्राहक के पास नेगोशिएशन की बेहतर गुंजाइश बन सकती है।
दिसंबर में कार खरीदने पर ज्यादा कैश डिस्काउंट, एक्सचेंज बोनस, कॉर्पोरेट बेनिफिट, फ्री एक्सेसरीज, इंश्योरेंस पर डील, डीलर डिस्काउंट और पुराने स्टॉक पर अतिरिक्त छूट जैसे फायदे मिल सकते हैं।
लेकिन दिसंबर में कार खरीदने का भी एक बड़ा पेंच है, जिसकी डिटेल इस प्रकार है।
सिर्फ डिस्काउंट देखकर कार न खरीदें
मान लीजिए कोई डीलर आपको दिसंबर में 1 लाख का डिस्काउंट दे रहा है। पहली नजर में यह दिवाली के मुकाबले बहुत अच्छा सौदा लग सकता है। लेकिन संभव है कि यह छूट पुराने मैन्युफैक्चरिंग स्टॉक को निकालने के लिए दी जा रही हो। इसलिए 1 लाख की छूट हमेशा 1 लाख का बेहतर सौदा नहीं होती।
कार खरीदते समय इन 5 चीजों की जरूर जांच करें
Manufacturing Date: डीलर से साफ पूछें कि जिस कार की डिलीवरी हो रही है उसका मैन्युफैक्चरिंग महीना और साल क्या है।
Model Year: यह पता करें कि कार किस मॉडल ईयर की है। अगर दिसंबर में पुराना मॉडल ईयर मिल रहा है तो अतिरिक्त डिस्काउंट का कारण समझें।
Final On-Road Price: सिर्फ एक्स-शोरूम कीमत या डिस्काउंट न देखें। डीलर से फाइनल ऑन-रोड कीमत लिखित में लें।
Insurance: कई बार डिस्काउंट के साथ इंश्योरेंस पैकेज महंगा हो सकता है। अलग-अलग डीलर से इंश्योरेंस समेत फाइनल कोटेशन मांगें।
Exchange Value: अगर पुरानी कार एक्सचेंज कर रहे हैं तो सिर्फ एक्सचेंज बोनस नहीं, बल्कि आपकी पुरानी कार की वास्तविक एक्सचेंज वैल्यू भी देखें।
सबसे सही तरीका क्या है? दिवाली में ही दिसंबर वाली डील मांगें
अगर आप दिवाली में कार खरीदने जा रहे हैं तो डीलर से सीधे यह न पूछें कि “कितना डिस्काउंट है?”
इसके बजाय कहें कि, इस गाड़ी की फाइनल ऑन-रोड कीमत कितनी पड़ेगी? इसमें सभी डिस्काउंट और चार्ज शामिल करके लिखित कोटेशन दें। इसके बाद आप कम से कम 2 या 3 डीलर से कार की कोटेशन लें और हर कोटेशन में सभी खर्चों को अलग अलग लिखवाएं। इस तरह आपको पता चलेगा कि वास्तविक रूप से सबसे सस्ता सौदा कौन दे रहा है।
Jansatta Automobile Expert Conclusion
अगर आपको कार की जरूरत अभी है तो दिवाली पर खरीदना बेहतर है, जिसमें फेस्टिव सीजन में मिलने वाले ऑफर के साथ पसंद का वेरिएंट और कलर भी मिलने की संभावना ज्यादा रहती है। लेकिन अगर कार खरीदने की जल्दी नहीं है और आपका टार्गेट ज्यादा से ज्यादा बचत के साथ कार खरीदना है, तो दिसंबर तक इंतजार किया जा सकता है। साल के अंत में डीलर पुराने स्टॉक को निकालने के लिए बेहतर नेगोशिएशन दे सकते हैं।
हालांकि दिसंबर में मिलने वाले बड़े डिस्काउंट के पीछे पुराना मैन्युफैक्चरिंग स्टॉक हो सकता है। इसलिए केवल डिस्काउंट की रकम देखकर फैसला न करें बल्कि सभी तथ्यों को ध्यान में रखते हुए अपने विवेक और जरूरत के हिसाब से ही डील करें।
