बजाज अपनी पॉपुलर पल्सर बाइक को लगातार नए फीचर्स के साथ अपडेट कर रही है। इसी कड़ी में Bajaj Pulsar N250 का नया SS वेरिएंट डीलरशिप पर पहुंच गया है। इस बार बाइक में केवल कॉस्मेटिक बदलाव नहीं, बल्कि टेक्नोलॉजी और मैकेनिकल से जुड़े कई बड़े अपडेट देखने को मिलेंगे। इसमें नया 5-इंच कलर TFT डिस्प्ले, 6-स्पीड गियरबॉक्स, बाय-डायरेक्शनल क्विकशिफ्टर और पांच राइडिंग मोड जैसे फीचर्स शामिल हैं।

नए अपडेट के साथ पल्सर एन250 पहले से ज्यादा हाईटेक और फीचर-लोडेड नजर आ रही है। हालांकि, कंपनी ने अभी नए SS वेरिएंट की आधिकारिक लॉन्च डेट और कीमत का ऐलान नहीं किया है।

Bajaj Pulsar N250 में क्या-क्या हुआ अपडेट?

नई Pulsar N250 SS में कई ऐसे फीचर्स जोड़े गए हैं, जो बाइक को रोजाना चलाने के साथ-साथ हाईवे राइडिंग के लिए भी ज्यादा उपयोगी बना सकते हैं।

नया अपडेट क्या होगा फायदा?

TFT डिस्प्ले से बाइक होगी ज्यादा स्मार्ट

नई पल्सर एन250 SS का सबसे बड़ा हाईटेक अपडेट इसका 5-इंच कलर टीएफटी इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर है। यह पुराने डिस्प्ले की तुलना में ज्यादा आधुनिक डिजिटल इंटरफेस देता है। इसमें गूगल मैप्स मिररिंग की सुविधा भी दी गई है, जिससे नेविगेशन की जानकारी डिस्प्ले पर देखी जा सकती है।

बाइक में नया स्विचगियर भी दिया गया है, जिससे डिस्प्ले और अन्य फंक्शन को नियंत्रित करना आसान हो सकता है। मोबाइल फोन चार्ज करने के लिए यूएसबी टाइप-सी पोर्ट भी मिलता है।

6-स्पीड गियरबॉक्स के साथ आएगी बाइक

पल्सर एन250 में अब तक 5-स्पीड गियरबॉक्स मिलता था लेकिन नए एसएस वेरिएंट में इसे बदलकर 6-स्पीड ट्रांसमिशन दिया गया है। अतिरिक्त गियर से हाईवे पर लगातार तेज रफ्तार में चलाते समय इंजन की गति को बेहतर तरीके से मैनेज करने में मदद मिल सकती है।

इसके साथ बाय-डायरेक्शनल क्विकशिफ्टर भी दिया गया है। इसकी मदद से राइडर क्लच लीवर का इस्तेमाल किए बिना ऊपर और नीचे गियर बदल सकता है। इससे स्पोर्टी राइडिंग के दौरान गियर बदलना आसान और तेज हो सकता है।

पांच राइडिंग मोड और ट्रैक्शन कंट्रोल

नई पल्सर एन250 एसएस में पांच राइडिंग मोड दिए गए हैं, जिनकी डिटेल इस प्रकार है।

Sport: स्पोर्टी राइडिंग के लिए

Road: सामान्य सड़क पर चलाने के लिए

Rain: बारिश या कम ग्रिप वाली परिस्थितियों के लिए

Off-road: खराब या कच्ची सतहों पर राइडिंग के लिए

Tour: लंबी दूरी की यात्रा के लिए

इसके अलावा बाइक में ट्रैक्शन कंट्रोल भी दिया गया है। यह सिस्टम पहिये की पकड़ बनाए रखने में मदद करने के लिए इंजन की पावर को नियंत्रित कर सकता है।

इंजन में भी मिलेगा बदलाव?

नई पल्सर एन250 एसएस में मौजूदा 249cc सिंगल-सिलेंडर एयर/ऑयल-कूल्ड इंजन दिया गया है। मौजूदा मॉडल में यह इंजन करीब 24.5 hp की पावर और 21.5 Nm का टॉर्क देता है। रिपोर्ट के मुताबिक, अपडेटेड मॉडल में परफॉर्मेंस में मामूली बढ़ोतरी हो सकती है, लेकिन कंपनी ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

लुक में कितना बदलाव हुआ?

नई पल्सर एन250 एसएस का डिजाइन मौजूदा बाइक जैसा ही है लेकिन इसमें नए ग्राफिक्स और कुछ अलग स्टाइलिंग एलिमेंट देखने को मिलते हैं। सामने की तरफ मस्कुलर फ्यूल टैंक, प्रोजेक्टर हेडलैंप और शार्प डीआरएल डिजाइन बरकरार हैं।

डीलरशिप पर पहुंची बाइक में लाल ग्राफिक्स, लाल अलॉय व्हील और मैचिंग रियर ग्रैब रेल जैसे एलिमेंट नजर आए हैं। गोल्ड फिनिश वाले USD फ्रंट फोर्क और स्पोर्टी बॉडी डिजाइन इसे ज्यादा आकर्षक बनाते हैं।

Bajaj Pulsar N250 SS की कीमत कितनी होगी?

फिलहाल बजाज ने नए एसएस वेरिएंट की आधिकारिक कीमत घोषित नहीं की है। मौजूदा पल्सर एन250 की एक्स-शोरूम कीमत करीब 1.45 लाख है। नए गियरबॉक्स, टीएफटी डिस्प्ले और अतिरिक्त इलेक्ट्रॉनिक फीचर्स को देखते हुए एसएस वेरिएंट की कीमत इससे ज्यादा हो सकती है।