भारत में 125cc सेगमेंट की मोटरसाइकिलों की मांग लगातार बढ़ रही है और इस सेगमेंट में बजाज की पल्सर सीरीज का बड़ा योगदान है। हालांकि अब बजाज की स्पोर्टी 125cc बाइक Bajaj Pulsar N125 को लेकर एक बड़ी खबर सामने आ रही है। रिपोर्ट्स के अनुसार, कंपनी ने पल्सर एन125 की डीलरशिप स्तर पर डिस्पैच प्रक्रिया रोक दी है, जिससे इसके बंद होने की अटकलें तेज हो गई हैं।
हालांकि, कंपनी की ओर से अभी तक इस बारे में कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। ऐसे में यह स्पष्ट नहीं है कि बजाज पल्सर N125 को पूरी तरह बंद कर रही है या फिर इसके स्थान पर कोई नया या अपडेटेड मॉडल लाने की तैयारी कर रही है।
अक्टूबर 2024 में हुई थी लॉन्च
बजाज ने पल्सर एन125 को अक्टूबर 2024 में लॉन्च किया था, जिसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत लगभग 95,000 रुपये रखी गई थी। कंपनी ने इस बाइक को खासतौर पर युवाओं और स्पोर्टी बाइक पसंद करने वाले ग्राहकों को ध्यान में रखकर तैयार किया था। यह बाइक बाजार में हीरो एक्स्ट्रीम 125आर और होंडा सीबी 125 हॉर्नेट जैसी मोटरसाइकिलों को टक्कर देने के लिए लाई गई थी।
डीलर डिस्पैच रुकने से बढ़ी बंद होने की संभावना
ताजा रिपोर्ट्स के अनुसार, बजाज पल्सर एन125 की डीलर डिस्पैच प्रक्रिया फिलहाल रोक दी गई है। हालांकि बाइक अभी भी कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट पर सूचीबद्ध है। इससे यह संभावना भी जताई जा रही है कि बजाज जल्द ही इस मॉडल का अपडेटेड वर्जन या रिप्लेसमेंट मॉडल लॉन्च कर सकती है। बजाज ने वर्ष 2026 में कुल 8 नई मोटरसाइकिलें लॉन्च करने की योजना की घोषणा की थी। ऐसे में पल्सर एन125 के भविष्य को लेकर आने वाले समय में तस्वीर साफ हो सकती है।
डिजाइन और फीचर्स ने बनाई थी अलग पहचान
बजाज पल्सर एन125 को स्पोर्टी और अग्रेसिव डिजाइन के साथ पेश किया गया था। इसमें शार्प एलईडी हेडलैंप डिजाइन, आकर्षक बॉडी पैनल, स्प्लिट सीट्स और अंडरबेली एग्जॉस्ट जैसे फीचर्स दिए गए थे। इसके अलावा बाइक में स्पोर्टी ग्राफिक्स और रिम स्टिकर्स भी दिए गए थे, जो इसे युवाओं के बीच आकर्षक बनाते थे।
इंजन और परफॉर्मेंस
बजाज पल्सर एन125 में 124.59cc का सिंगल-सिलेंडर इंजन दिया गया था, जो 12 पीएस की अधिकतम पावर और 11 एनएम का पीक टॉर्क जनरेट करता है। इंजन को 5-स्पीड गियरबॉक्स से जोड़ा गया था।
कंपनी का दावा था कि यह बाइक 125cc सेगमेंट में सबसे तेज 0 से 60 किमी प्रति घंटा की रफ्तार हासिल करने वाली मोटरसाइकिलों में से एक है। बाइक का कुल वजन केवल 125 किलोग्राम था, जिससे इसका पावर-टू-वेट अनुपात काफी बेहतर बनता था।
टेक्नोलॉजी फीचर्स भी थे खास
पल्सर एन125 में ब्लूटूथ कनेक्टिविटी के साथ डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर दिया गया था। इसके जरिए राइडर कॉल एक्सेप्ट और रिजेक्ट, मिस्ड कॉल अलर्ट, मैसेज नोटिफिकेशन जैसी सुविधाओं का उपयोग कर सकते थे। इसके अलावा बाइक में फ्यूल एफिशिएंसी रीडआउट और USB चार्जिंग पोर्ट जैसे फीचर्स भी उपलब्ध थे।
प्रतिद्वंद्वियों से पिछड़ गई Pulsar N125?
भारत के 125cc स्पोर्ट्स बाइक सेगमेंट में प्रतिस्पर्धा काफी बढ़ गई है, जिसमें हीरो एक्स्ट्रीम 125R इस सेगमेंट की सबसे लोकप्रिय बाइक्स में से एक बन चुकी है। अप्रैल 2026 में इसकी बिक्री लगभग 20,000 यूनिट तक पहुंच गई थी, जो सालाना आधार पर 65.70 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाती है।
वहीं टीवीएस रेडर 125 की मई 2026 में लगभग 35,000 यूनिट्स की बिक्री दर्ज की गई, जो कंपनी की कुल बिक्री में 9 प्रतिशत से अधिक का योगदान देती है। दूसरी ओर, होंडा शाइन 125 और एसपी125 देश की सबसे ज्यादा बिकने वाली 125cc मोटरसाइकिलों में शामिल हैं। ऐसे में माना जा रहा है कि बढ़ती प्रतिस्पर्धा और बाजार की मांग के चलते बजाज अपनी 125cc लाइनअप में बड़े बदलाव की तैयारी कर सकती है।
क्या Bajaj Pulsar N125 की वापसी होगी?
फिलहाल बजाज ऑटो की ओर से पल्सर एन125 को बंद करने या उसके नए मॉडल को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है। लेकिन डीलर डिस्पैच रुकने की खबरों ने यह संकेत जरूर दिया है कि कंपनी अपनी 125cc पोर्टफोलियो रणनीति में बदलाव कर सकती है। अब देखना दिलचस्प होगा कि बजाज इस बाइक को अपडेटेड अवतार में वापस लाती है या फिर इसे हमेशा के लिए बंद कर देती है।
