Bajaj Auto upcoming bikes: देश की प्रमुख टू-व्हीलर निर्माता कंपनी बजाज ऑटो आने वाले चार से पांच महीनों में आठ नई मोटरसाइकिलें लॉन्च करने की योजना बना रही है। यह लॉन्च ऐसे समय में हो रहे हैं जब कंपनी पहले ही दीवाली 2025 के बाद 7 नए प्रोडक्ट और अपडेट पेश कर चुकी है, जिनमें रिफ्रेश्ड पल्सर 125 और पल्सर 150 शामिल हैं। कंपनी का साफ कहना है कि इन लॉन्च का मकसद अपने सबसे मजबूत ब्रांड Pulsar को दोबारा तेजी से आगे बढ़ाना है, खासकर 150cc से ऊपर के सेगमेंट में।

Pulsar ब्रांड बना रहेगा Bajaj Auto का कोर फोकस

Q3 FY2026 के नतीजों के बाद एनालिस्ट्स से बातचीत में बजाज ऑटो के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर राकेश शर्मा ने कहा कि कंपनी का प्राथमिक लक्ष्य Pulsar फ्रेंचाइज़ को रीबिल्ड करना है। उन्होंने बताया कि बीते कुछ क्वार्टर में कंपनी ने जानबूझकर प्रोडक्ट लॉन्च में देरी की ताकि फेस्टिव सीजन की बिक्री प्रभावित न हो, जबकि प्रतिस्पर्धी कंपनियां 125cc+ सेगमेंट में आक्रामक लॉन्च कर रही थीं। हालांकि, हाल ही में लॉन्च किए गए प्रीमियम Pulsar मॉडल्स को बाजार से शुरुआती स्तर पर पॉजिटिव रिस्पॉन्स मिला है।

हर महीने 2 नए प्रोडक्ट, मिड-ईयर तक बदलेगा पूरा पोर्टफोलियो

बजाज ऑटो अगले दो क्वार्टर में हर महीने दो नए प्रोडक्ट लॉन्च करेगी। इससे 2026 के मिड-ईयर तक कंपनी का मोटरसाइकिल पोर्टफोलियो पूरी तरह रिफ्रेश हो जाएगा। मैनेजमेंट को उम्मीद है कि, अगले 6 महीनों में मार्केट शेयर स्थिर होगा और इसके बाद कंपनी अगले ग्रोथ फेज की रणनीति पेश करेगी।

125cc सेगमेंट के लिए नया ब्रांड, Dominar का होगा विस्तार

बजाज ऑटो आने वाले वर्षों में अपने ब्रांड पोर्टफोलियो को और बड़ा करने की तैयारी में है, जिसमें उठाए जाने वाले कदम इस प्रकार हैं।

125cc सेगमेंट के लिए नया डेडिकेटेड ब्रांड

कंपनी मानती है कि Pulsar के नीचे एक शार्प प्राइस लैडर बनाने के लिए अलग 125cc ब्रांड की जरूरत है।

Dominar ब्रांड का ग्लोबल विस्तार

Dominar फ्रेंचाइज़ को खासतौर पर एक्सपोर्ट मार्केट के लिए और मजबूत किया जाएगा।

दिलचस्प बात यह है कि, Bajaj 250cc+ बाइक्स मेक्सिको में भारत से ज्यादा बेचती है और इससे साफ है कि इंटरनेशनल मार्केट कंपनी की प्लानिंग में अहम भूमिका निभा रहा है।

नई कैटेगरी पर भी नजर, आ सकती हैं Dual-Sport और Off-Road बाइक्स

बजाज ऑटो Dual-Sport और Off-Road मोटरसाइकिल सेगमेंट में भी एंट्री पर विचार कर रही है। ये मॉडल किसी नए ब्रांड के तहत आ सकते हैं या फिर कंपनी के पुराने लेकिन फिलहाल डॉर्मेंट ब्रांड नेम्स के साथ पेश किए जा सकते हैं। ऑटो इंडस्ट्री एक्सपर्ट्स के मुताबिक, यह सेगमेंट युवाओं और एडवेंचर राइडर्स के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रहा है।

टू-व्हीलर इंडस्ट्री में 12–15% ग्रोथ की उम्मीद

बजाज ऑटो को भरोसा है कि FY2026 में टू-व्हीलर इंडस्ट्री 12 से 15 प्रतिशत की दर से बढ़ेगी, जिसमें, बेहतर ग्रामीण मांग, फाइनेंस ऑप्शन्स और नए मॉडल्स की बड़ी भूमिका होगी।

Jansatta Automobile Expert Conclusion

Bajaj Auto की यह आक्रामक प्रोडक्ट रणनीति साफ संकेत देती है कि कंपनी, Pulsar को फिर से सेगमेंट लीडर बनाना चाहती है, जिसमें 125cc से लेकर 400cc+ तक मजबूत पकड़ बनाने की तैयारी में है और भारत के साथ-साथ ग्लोबल मार्केट पर भी बड़ा दांव खेलने जा रही है। आने वाले महीनों में Bajaj के ये लॉन्च भारतीय बाइक बाजार की दिशा बदल सकते हैं।

(Source – Autocar India)