टाटा मोटर्स ने अपनी अपडेटेड टाटा टियागो के एक्सटीरियर की झलक दिखाने के कुछ दिनों बाद अब इसके इंटीरियर से भी पर्दा उठा दिया है। नई 2026 टाटा टियागो फेसलिफ्ट को 28 मई को आधिकारिक तौर पर लॉन्च किया जाएगा। नई टियागो के इंटीरियर में बड़े बदलाव किए गए हैं, जिसमें नया डैशबोर्ड लेआउट, फ्लोटिंग इंफोटेनमेंट स्क्रीन, डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर और कई प्रीमियम फीचर्स शामिल हैं।
2026 Tata Tiago Facelift Interior में क्या है नया?
नई टियागो फेसलिफ्ट के केबिन को पहले के मुकाबले काफी ज्यादा मॉडर्न और प्रीमियम बनाया गया है। फेसलिफ्ट मॉडल में सबसे बड़ा बदलाव दो नई फ्री-फ्लोटिंग स्क्रीन के रूप में देखने को मिलता है। इसके अलावा बड़ा फ्लोटिंग टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम और नया डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर भी शामिल किया गया है। पुराने मॉडल में मौजूद LCD डिस्प्ले की जगह अब फुल डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर दिया गया है, जो केबिन को ज्यादा हाई-टेक बनाता है।
मिलेंगे ये नए फीचर्स
नई टाटा टियागो में कई नए फीचर्स जोड़े गए हैं, जिसमें दो वायरलेस चार्जिंग पैड, 360-डिग्री कैमरा, फ्रंट सेंटर आर्मरेस्ट, नया डुअल-टोन ब्लैक-ग्रे फैब्रिक अपहोल्स्ट्री, नए एसी वेंट्स, रिडिजाइन सेंटर कंसोल और फ्लोटिंग एसी कंट्रोल पैनल शामिल हैं। हालांकि, अपडेटेड मॉडल में पुराना स्टोरेज स्पेस हटाया गया है। इसके अलावा रियर सेंटर आर्मरेस्ट और एडजस्टेबल हेडरेस्ट्स की कमी भी देखने को मिलती है।
डैशबोर्ड डिजाइन पूरी तरह बदला
पहले वाली घुमावदार डैशबोर्ड डिजाइन की जगह अब लेयर्ड डैशबोर्ड लेआउट दिया गया है। नई डोर पैड्स और ग्लॉस ब्लैक फिनिश वाला सेंटर कंसोल केबिन को ज्यादा प्रीमियम लुक देता है। हालांकि HVAC कंट्रोल्स और टू-स्पोक स्टीयरिंग व्हील पुराने मॉडल जैसा ही रखा गया है।
एक्सटीरियर में भी बड़े बदलाव
नई टाटा टियागो के एक्सटीरियर में भी कई कॉस्मेटिक अपडेट मिलेंगे, जिसमें नया फ्रंट और रियर बंपर, नई LED हेडलैंप्स, नई LED टेललैंप्स, कनेक्टिंग कॉन्ट्रास्ट बैंड और नए अलॉय व्हील्स शामिल हैं। इन बदलावों से कार पहले से ज्यादा मॉडर्न और फ्रेश नजर आती है।
इंजन और पावरट्रेन में नहीं होगा बदलाव
मैकेनिकली नई टियागो में कोई बड़ा बदलाव नहीं किया गया है। इसमें वही मौजूदा इंजन ऑप्शन मिलेंगे, जो 1.2-लीटर नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन है, जो 86 एचपी की पावर जनरेट करता है। इसका सीएनजी वर्जन 75.5 एचपी की पावर जनरेट करता है। इन दोनों इंजन के साथ 5-स्पीड मैनुअल और 5-स्पीड AMT गियरबॉक्स का विकल्प दिया जाएगा।
कीमत कितनी बढ़ सकती है?
फेसलिफ्ट अपडेट के बाद नई टाटा टिायागो की कीमत में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है। मौजूदा मॉडल की कीमत ₹4.60 लाख से ₹7.68 लाख (एक्स-शोरूम) के बीच है।
इन कारों से होगा मुकाबला
लॉन्च के बाद नई टियागो का सीधा मुकाबला मारुति सुजुकी सेलेरियो, वैगनआर, हुंडई ग्रैंड आई10 नियोस जैसी हैचबैक कारों से होगा।
