भारतीय साहित्य की ‘दुनिया के सबसे अनमोल रत्नों’ में शुमार प्रेमचंद को गुजरे आज 90 साल हो गए। इन नौ दशकों में साहित्य की दुनिया में बहुत कुछ बदला। उपन्यासों और कहानियों की कथावस्तु, शैली, भाषा और उद्देश्य समय के साथ बदलते गए, लेकिन एक चीज आज भी कायम है, प्रेमचंद की प्रासंगिकता और लोकप्रियता।
मुझे याद है कि मैं छठी या सातवीं कक्षा में रहा होऊंगा, जब पिताजी ने प्रेमचंद का उपन्यास ‘निर्मला’ खरीद कर दिया था। मेरे लिए यह पहला उपन्यास था। उस उम्र के हिसाब से इस तरह के गंभीर उपन्यास को पढ़ना मुश्किल हो सकता है, लेकिन मैंने न सिर्फ पूरा पढ़ा, बल्कि पूरी रुचि के साथ पढ़ा। याद है कि मैं वह किताब लेकर अपने गणित के शिक्षक के पास पहुंच गया था और एक अंश पढ़कर सुनाने लगा था। ठीक-ठीक याद नहीं कि वह अंश क्या था, लेकिन पाप-पुण्य से संबंधित कुछ था।
आज समझ आता है कि प्रेमचंद की लोकप्रियता का एक कारण यह है कि वह बहुत गंभीर बातों को भी बड़ी आसानी से एक बच्चे के मन में डाल सकते हैं। रोचक यह भी है कि निर्मला उपन्यास लिखे जाने के करीब 80 साल बाद उसे पढ़ रहा एक 11-12 साल का बच्चा उन्हीं नैतिक प्रश्नों पर चर्चा करने के लिए उतावला हो जाता है।
पांचवी या छठी कक्षा की हिंदी की किताब में प्रेमचंद की कहानी ‘दौ बैलों की कथा’ थी। जब ‘हीरा’ और ‘मोती’ ने संगठित मल्लयुद्ध में सांड को हराया और वह भाग खड़ा हुआ, तो ऐसा लगा कि मैं भी उन दो विजयी बैलों के साथ-साथ उस जख्मी सांड को दूर तक खदेड़े जा रहा हूँ। हीरा और मोती की चुहल और संवाद को आज भी यदा-कदा पढ़ लेने से दिल-ओ-दिमाग खुश हो जाता है।
जीवंत पात्र और रोचक संवाद
प्रेमचंद की लोकप्रियता के बरकरार रहने का एक अन्य कारण यह है कि वह जिस भी पात्र को उठाते हैं उसे जीवंत कर देते हैं। उन्होंने न सिर्फ दो बैलों को अपनी कहानी का नायक बनाया है, बल्कि इस प्रकार गढ़ा है कि पढ़ते वक्त वे अपनी चौकस और ऊंची डील एवं पूरी सुंदरता के साथ आँखों के सामने खड़े हो जाते हैं।
प्रेमचंद सिर्फ पात्रों के रोचक बाहरी विवरण तक ही नहीं रुकते, बल्कि उन्हें सुंदर भाषा और संवाद से भी रंगते हैं, फिर चाहे वे दो बैल ही क्यों न हों। हीरा और मोती के बीच के संवाद का एक उदाहरण देखिए-
दोनों मित्र जीत के नशे में झूमते चले जाते थे।
मोती ने सांकेतिक भाषा में कहा—मेरा जी चाहता था कि बचा को मार ही डालूँ।
हीरा ने तिरस्कार किया—गिरे हुए बैरी पर सींग न चलाना चाहिए।
‘यह सब ढोंग है, बैरी को ऐसा मारना चाहिए कि फिर न उठे।’
पात्रों से गहरी संवेदना
दसवीं कक्षा में ‘पूस की रात’ पढ़ी थी। हल्कु जब पूस की हाड़ कंपाती ठंड से बचने की जद्दोजेहद कर रहा होता है, तो यह व्यक्तिगत जद्दोजेहद बन जाती है। वह आम के बगीचे में गिरे पत्तों को अरहर के डंठल से बने झाडू से बुहार कर जमा करता है और आग लगा देता। कुछ देर को जब ठंड से उसे राहत मिलती है, तो कुछ देर को हमें भी राहत मिल जाती है।
लेकिन कुछ देर बाद ढंड फिर हड्डियों में घुसने लगती है। हमें भी सिहरन होने लगती है। वह अंततः बूझी हुई राख के पास ही चादर बिछाकर सो जाता है। सुबह तक फसल बरबाद हो चुकी होती है। हल्कु की पत्नी मुन्नी उसे डांटती है, जिसपर वह प्रसन्न होकर कहता है- रात को ठंड में यहाँ सोना तो न पड़ेगा। हमें भी लगता है कि ठीक ही तो कह रहा है- ऐसी भयानक ठंड में जान देने से तो कहीं अच्छा है कि मालगुजारी ही कर ले।
प्रेमचंद की लोकप्रियता का एक उदाहरण यह भी है कि किसी भी मौसम में पूस की रात पढ़ रहे हों, आप भौतिक रूप से किसी पूस की रात में पहुंच जाते हैं। ठंडी हवाएं आपके शरीर को चुभने लगती हैं और हल्कु की जद्दोजेहद महसूस होने लगती है। किसी रचनाकार के लिए यह सबसे बड़ी उपलब्धि है कि वह पाठकों को अपने पात्रों का दुख-सुख महसूस करवा दे। मानव संवेदना के स्तर पर इस तरह पहुंच जाने की कला प्रेमचंद को खास बना देती है।
चरित्रों को गढ़ने में तो जैसे प्रेमचंद को कमाल हासिल है। वह चरित्रों को न सिर्फ परिस्थितियों के आधार पर पकड़ते हैं, बल्कि मनोविज्ञान के स्तर पर भी खूब पकड़ते हैं। बूढ़ी काकी कहानी की बूढ़ी काकी हों या फिर ईदगाह का छोटा सा हामिद दोनों इतने वास्तविक हैं कि अपने ही आसपास के किरदार लगने लगते हैं। बुढ़ी काकी की पकवान खा लेने की इच्छा भी वास्तविक लगती है और हामिद की चिमटा खरीद लेने की इच्छा।
प्रेमचंद की रचना की जब बात होती है तो उनकी सरल भाषा की बात होती है, लेकिन उनकी भाषा केवल सरल ही नहीं है-पात्रों के अनुकूल भी है। युवा पात्रों के हिसाब से यह रुमानी हो जाती है, तो प्रौढ़ पात्रों के हिसाब से यथार्थवादी। ईदगाह का ही उदाहरण देख लीजिए जहाँ प्रेमचंद की भाषा एक बच्चे की भाषा बन जाती है।
महमूद ने एक जोर लगाया—वकील साहब कुरसी-मेज़ पर बैठेंगे, तुम्हारा चिमटा तो बावरचीखाने में जमीन पर पड़ा रहेगा।
हामिद को कोई फड़कता हुआ जवाब न सूझा, तो उसने धाँधली शुरू की—मेरा चिमटा बावरचीखाने में नहीं रहेगा। वकील साहब कुर्सी पर बैठेंगे, तो जाकर उन्हें जमीन पर पटक देगा और उनका कानून उनके पेट में डाल देगा।
प्रेमचंद सिर्फ संवेदना और चरित्र चित्रण के स्तर पर ही कमाल नहीं करते हैं, परिस्थितियों और वातावरण के चित्रण के स्तर पर भी कमाल करते हैं। पूरा का पूरा वातावरण सजीव हो उठता है और आप घटनाओं को अपनी आंखों के सामने घटते हुए देखने लगते हैं। कफन कहानी का एक उदाहरण देखिए-
झोंपड़े के द्वार पर बाप और बेटा दोनों एक बुझे हुए अलाव के सामने चुपचाप बैठे हुए थे और अंदर बेटे की जवान बीवी बुधिया प्रसव-वेदना में पछाड़ खा रही थी। रह-रहकर उसके मुँह से ऐसी दिल हिला देने वाली आवाज निकलती थी, कि दोनों कलेजा थाम लेते थे। जाड़ों की रात थी, प्रकृति सन्नाटे में डूबी हुई, सारा गाँव अंधकार में लय हो गया था।
प्रेमचंद अपनी रचनाओं में एक संपूर्ण दुनिया रचते हैं, जहाँ परिस्थितियों से लेकर वातावरण तक; पात्रों के बाहरी विवरण से लेकर मनोविज्ञान तक सब कुछ अपनी पूर्णता के साथ आते हैं। वह एक ऐसी दुनिया रच देते हैं, जो यथार्थ के करीब नहीं, बल्कि यथार्थ लगता है। पाठक उस दुनिया को सिर्फ बाहर से नहीं देखता, बल्कि उसका हिस्सा बन जता है। यह संपूर्णता ही प्रेमचंद की सतत लोकप्रियता का कारण है।
यह भी पढ़ें-‘अभी तो आए हो जल्दी कहाँ है जाने की’, महज 33 साल की उम्र में दुनिया से जाने वाले भारतेन्दु ने बदल दी आधुनिक हिन्दी की चाल
1857 में आजादी की पहली लड़ाई के बाद से देश में एक नई चेतना का उभार हो रहा था। सामाजिक और राजनीतिक स्तर पर विभिन्न नेता और विद्वान देश को गुलामी से मुक्त कराने के लिए कई सवालों से टकरा रहे थे। ऐसे में एक विद्वान ने कहा -‘निज भाषा उन्नति अहै, सब उन्नति को मूल’। संदेश स्पष्ट था कि जब तक अपनी भाषा का विकास नहीं होगा, तब तक किसी भी क्षेत्र में वास्तविक और स्थाई प्रगति संभव नहीं है। पूरी कहानी के लिए यहाँ क्लिक करें।
