क्या आपने कभी गौर किया है? हिंदी में हम जिसके भी आगे ‘उप’ शब्द लगा दें, बात समझ में आ जाती है – उपाध्यक्ष, उपसभापति, उपकप्तान या उप-संपादक। लेकिन जैसे ही हम इसका अंग्रेजी अनुवाद करने निकलते हैं, भाषा का गणित उलझ जाता है। विश्वविद्यालय के प्रमुख को हम ‘वाइस चांसलर’ (Vice-Chancellor) कहते हैं। किसी भी केंद्र शासित प्रदेश के उपराज्यपाल को ‘लेफ्टिनेंट गवर्नर’ (Lieutenant Governor) लिखा जाता है। और देश के उप प्रधानमंत्री को अंग्रेजी में ‘डिप्टी पीएम’ (Deputy PM) कहा जाता है।

अब सवाल यह है कि जब हिंदी में तीनों जगह एक ही शब्द ‘उप’ से काम चल जाता है तो अंग्रेजी में ये तीन अलग-अलग शब्द क्यों इस्तेमाल होते हैं? क्या उपराज्यपाल को ‘वाइस गवर्नर’ नहीं कहा जा सकता? या कुलपति को ‘उपकुलपति’ कहना गलत है? असल में यह मामला सिर्फ अंग्रेजी अनुवाद का नहीं है। इन तीनों शब्दों के पीछे अलग-अलग इतिहास, सेना की परंपराएं और संवैधानिक व्यवस्था छिपी है। आइए इसे आसान भाषा में समझते हैं।

‘वाइस (Vice)’ का मतलब: जो सीधे मुख्य व्यक्ति की कुर्सी पर बैठ सके

अंग्रेजी का Vice शब्द लैटिन भाषा से आया है। इसका मूल अर्थ होता है – ‘किसी के स्थान पर’ (In place of)। जब किसी पद के आगे ‘Vice’ लगता है तो उसका संवैधानिक या व्यावहारिक मतलब यह होता है कि मुख्य व्यक्ति की गैरमौजूदगी में यह व्यक्ति सीधे उसकी कुर्सी संभालेगा। जैसे…

  • Vice-President (उपराष्ट्रपति): राष्ट्रपति न रहें या छुट्टी पर हों तो उपराष्ट्रपति तुरंत उनका काम संभालते हैं।
  • Vice-Captain (उपकप्तान): जब खेल के मैदान में कप्तान नहीं होता है तो पूरा काम उपकप्तान करता है।
  • Vice-Chancellor (कुलपति): यही बात विश्वविद्यालयों पर लागू होती है। जो कुलाधिपति की जगह काम करते हैं।

यहां एक बड़ा भ्रम दूर कर लीजिए – कई लोग पूछते हैं कि Vice-Chancellor को ‘उपकुलपति’ क्यों नहीं कहते?

दरअसल, भारतीय व्यवस्था में विश्वविद्यालय का औपचारिक प्रमुख (Guardian) ‘चांसलर’ (Chancellor) होता है, जिसे हिंदी में ‘कुलाधिपति’ (आमतौर पर राज्य विश्वविद्यालय में उस राज्य के राज्यपाल और केंद्रीय विश्वविद्यालय में राष्ट्रपति) कहते हैं। रोजमर्रा का काम संभालने वाले कार्यकारी प्रमुख को Vice-Chancellor कहा जाता है, जिसका मानक और प्रचलित हिंदी नाम ‘कुलपति’ है। यानी वह कुलाधिपति की जगह काम करते हैं, इसलिए उनको हिंदी में कुलपति और अंग्रेजी में Vice-Chancellor कहते हैं।

अगर हम Vice-Chancellor को ‘उपकुलपति’ कह देंगे, तो वह गलत होगा। क्योंकि उपकुलपति उनके नीचे काम करने वाले Pro-Vice-Chancellor को कहा जाता है। इसलिए कागजों में भले ही कहीं ‘उपकुलपति’ दिख जाए, लेकिन सही पदनाम ‘कुलपति’ ही है।

‘लेफ्टिनेंट’ का मतलब: ‘लेफ्टिनेंट’ सेना से निकला प्रशासनिक पद है

उपराज्यपाल को अंग्रेजी में Lieutenant Governor कहते हैं। पहली बार सुनने में उपराज्यपाल के लिए ‘लेफ्टिनेंट गवर्नर’ शब्द थोड़ा अटपटा और अजीब लगता है।

दरअसल, यह शब्द फ्रांसीसी भाषा के दो शब्दों से मिलकर बना है – Lieu (जगह) और Tenant (रहने वाला)। यानी ‘किसी दूसरे की जगह पर तैनात व्यक्ति’।

अंग्रेजी साम्राज्य में जब दूर-दराज के इलाकों या उपनिवेशों पर राज करना होता था, तो राजा अपना एक प्रतिनिधि (Lieutenant) वहां भेजता था। यानी खुद राजा वहां नहीं रहता था, उसका जो प्रतिनिधि होता था, वह वहां रहता था। अंग्रेजों के समय में राजा अपनी सेना के किसी वरिष्ठ लेफ्टिनेंट को दूर-दराज के इलाकों या उपनिवेशों में अपना प्रतिनिधि बनाकर भेजता था। जो वहां पर राजा के आदेश पर उप राज्यपाल की तरह काम करता था। चूंकि वह सेना का लेफ्टिनेंट रैंक का अधिकारी होता था, इसलिए उसे लेफ्टिनेंट गवर्नर कहा जाता था। वही परंपरा आज भी चली आ रही है।

अब न राजा हैं और न ही उपनिवेश लेकिन जो केंद्र शासित प्रदेश हैं, वहां अब भी उसी परंपरा के तहत राष्ट्रपति के प्रतिनिधि के तौर पर तैनात उप राज्यपाल को लेफ्टिनेंट गवर्नर कहा जाता है। अंग्रेजों के समय राजा इनको पूरी स्वतंत्रता देता था और रोजमर्रा के कामकाज में वह स्वतंत्र होकर निर्णय लेते थे। यानी उनके ऊपर कोई राज्यपाल नहीं था। वही स्थिति आज भी है। उपराज्यपाल (Lieutenant Governor) के ऊपर कोई राज्यपाल नहीं होता है।

तो भारत में इन्हें ‘वाइस गवर्नर’ या ‘डिप्टी गवर्नर’ क्यों नहीं कहते?

भारत में दिल्ली, पुडुचेरी या जम्मू-कश्मीर जैसे केंद्र शासित प्रदेशों में Lieutenant Governor (LG) होते हैं, वहां वे किसी राज्यपाल (Governor) के अधीन या सहायक के रूप में काम नहीं करते। यानी उनके ऊपर कोई राज्यपाल या गवर्नर नहीं होता है, इसलिए उन्हें अंग्रेजों के समय से चली आ रही परंपरा के तहत Lieutenant Governor (LG) कहा जाता है, ‘वाइस गवर्नर’ या ‘डिप्टी गवर्नर’ नहीं। वे सीधे भारत के राष्ट्रपति के प्रतिनिधि के रूप में काम करते हैं। संविधान के अनुच्छेद 239 के तहत उन्हें प्रशासक का दर्जा हासिल है।

‘डिप्टी’ का मतलब: जिसे काम सौंपकर ‘अधिकृत’ किया गया हो

Deputy शब्द का इतिहास फ्रांसीसी और लैटिन के उस विचार से जुड़ता है, जिसका मतलब है – ‘किसी को अपना काम करने का अधिकार देना’ (To appoint/delegate)। जब किसी बड़े अधिकारी या नेता को अपने सहयोग के लिए किसी दूसरे व्यक्ति को विशेष अधिकार देने होते हैं, तो वहां ‘Deputy’ शब्द आता है।

जैसे Deputy Prime Minister (उप प्रधानमंत्री): भारत के संविधान में ‘उप प्रधानमंत्री’ नाम का कोई अलग से संवैधानिक पद दर्ज नहीं है। प्रधानमंत्री अपनी कैबिनेट के किसी वरिष्ठ सहयोगी को राजनीतिक सम्मान देने या काम बांटने के लिए ‘डिप्टी पीएम’ का ओहदा दे देते हैं।

सरदार वल्लभभाई पटेल से लेकर लालकृष्ण आडवाणी तक, जितने भी उप प्रधानमंत्री हुए, वे मूल रूप से कैबिनेट मंत्री ही थे। सुप्रीम कोर्ट भी साफ कर चुका है कि ‘डिप्टी पीएम’ कहने से किसी को प्रधानमंत्री की संवैधानिक शक्तियां खुद-ब-खुद नहीं मिल जाती हैं।

इसी तरह राज्यों में Deputy CM या विभागों में Deputy Director होते हैं। ये मुख्य व्यक्ति के ‘प्रतिनिधि’ होते हैं, उनकी जगह लेने वाले ऑटोमैटिक उत्तराधिकारी नहीं।

भाषा और प्रशासन के इस गणित को तीन लाइनों में समझा जा सकता है:

  1. Vice (वाइस): जो मुख्य व्यक्ति की गैरमौजूदगी में सीधे उसकी जगह ले सके (जैसे Vice-President)।
  2. Deputy (डिप्टी): जिसे मुख्य व्यक्ति ने अपनी मदद और अधिकारों के लिए नियुक्त किया हो (जैसे Deputy PM)।
  3. Lieutenant (लेफ्टिनेंट): जो किसी संप्रभु (जैसे राष्ट्रपति या केंद्र) के प्रतिनिधि के तौर पर किसी क्षेत्र का शासन चलाए (जैसे Lieutenant Governor)।

हिंदी भाषा अपनी उदारता में इन तीनों के भाव को समेटने के लिए ‘उप’ शब्द का प्रयोग कर लेती है। लेकिन जब बात शासन, संविधान और व्यवस्था की आती है, तो अंग्रेजी के ये तीन शब्द अपने-अपने सदियों पुराने इतिहास की कहानी खुद बयां करते हैं।

यह भी पढ़ें: बौद्ध धर्म: भंते, भिक्षु और लामा का ढाई हजार साल पुराना किस्सा

पीले या गेरुए चीवर पहनने वाला हर बौद्ध साधु लामा क्यों नहीं कहलाता इसको जानने के लिए हमें यह समझना होगा कि भंते, भिक्षु और लामा में अंतर क्या है? इस सवाल का जवाब केवल शब्दों की व्याख्या में नहीं, बल्कि बौद्ध धर्म की उस लंबी यात्रा में छिपा है, जो कभी गंगा के मैदानों से निकलकर श्रीलंका, चीन, तिब्बत, जापान और पूरे एशिया में फैल गई थी। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां पर करें क्लिक