पंडित हरि बाबू की उम्र करीब 55 साल थी। रायसेन जैसी छोटी जगह से आने के कारण भोपाल में शुरू-शुरू में तो उन्हें कुछ अजीब-सा लगा। नए लोग, नया माहौल, पर बच्चों के करियर के कारण पंडित जी को भोपाल जैसे शहर में तबादला कराकर आना पड़ा। वे भोपाल के वन विभाग कार्यालय में बड़े बाबू का पद संभाल रहे थे। उनकी बोली में गजब की मिठास थी। कुछ ही दिनों में अपने कामकाज और व्यवहार से लोगों के दिलों में जगह बना ली। ठीक सुबह दस बजे ऑफिस आ जाना और साढ़े पांच बजे तक काम करते रहना। बीच-बीच में कुर्ते की जेब में छोटी-सी चांदी की डिबिया में रखी लौंग-इलायची खाते थे।

पंडित जी लोगों का हाथ देखकर भविष्यफल भी बताते थे। कुछ लोग वहीं उनको अपना हाथ दिखाने पहुंच जाते। वे कोई दक्षिणा नहीं लेते थे। कोई कुछ देना भी चाहता, तो वो कहते, ‘देखो भाई, अगर आपको हाथ दिखाना ही है तो आप हमारे घर में छुट्टी के दिन आएं और वहां दान-दक्षिणा भी दें। पर ये कार्यालय है, यहां लेना-देना दोनों ही पाप है।’ कभी सहयोगियों में से कोई उनके चाय के पैसे देना भी चाहता तो पंडित जी साफ मना कर देते। तब कुछ लोग हंसकर कहते, ‘पंडित जी, आप में तो बाबू के एक भी गुण नहीं हैं।’

पंडित जी के आ जाने से दफ्तर के गिरधारी बाबू बहुत परेशान थे। उनकी पूछ-परख कम हो गई, साथ ही दफ्तर में चार पैसे की कमाई थी, वो भी उनके आने से नहीं रही। अब लोग सीधे पंडित जी के पास ही काम करवाने पहुंच जाते थे। दफ्तर के कुछ लोगों को तो पंडित जी फूटी आंखों नहीं सुहाते थे और हमेशा उन्हें नीचा दिखाने में लगे रहते। पर बड़े साहब सक्सेना जी उनकी काबिलियत पर विश्वास करते थे। इसी कारण उन्होंने पंडित जी को स्टोर का प्रभार भी सौंप दिया। अब तो गिरधारी बाबू को मौका मिल गया।

उन्होंने दफ्तर के चपरासी को अपने जाल में फंसाया और स्टोर का सामान गायब करवा दिया। बड़े साहब के निरीक्षण पर स्टोर से फर्नीचर गायब होने का पता चला। चोरी की रिपोर्ट लिखवाने से पंडित जी ने मना कर दिया। कुछ लोगों ने दबी जुबान से गिरधारी बाबू का नाम भी लिया, पर पंडित जी ने संदेह के आधार पर किसी पर इल्जाम लगाने से मना कर दिया। फिर क्या था, स्टोर की सामग्री की भरपाई में पंडित जी का पूरे दो महीने का वेतन कट गया। इसी को देखते हुए बड़े साहब ने स्टोर का प्रभार गिरधारी बाबू को सौंप दिया।

बड़े साहब सक्सेना जी का तबादला भोपाल से इंदौर हो गया। सक्सेना की जगह निगम जी आ गए। न जाने क्यों, उनको ऑफिस में पंडित जी का काम और सम्मान देखकर अच्छा नहीं लगा। उन्होंने आते ही पंडित जी को दूसरे काम भी सौंप दिए। निगम जी को गिरधारी बाबू का साथ मिल गया। निगम जी कभी पंडित जी से फाइलें गिनवाते, आए दिन काम में कुछ-न-कुछ गलती निकालते रहते। इसके बाद भी पंडित जी हंसते हुए काम करते।

बीबी चली गई: अठारह साल तक रोज खुलती थी वह खिड़की | कहानी

एक दिन दफ्तर में अचानक ऑडिट जांच की टीम आ गई। साथ ही संयुक्त निदेशक चावला जी भी थे। चावला जी ने निगम जी से कोई परेशानी पूछी तो बड़े साहब ने बहुत गंभीर होकर कहा, ‘क्या करूं चावला साहब! पूरे कर्मचारी योग्य व कर्मठ हैं। एक पंडित जी हर काम में लापरवाही करते हैं। ऑफिस देर से आते हैं। इन्हें या तो निलंबित किया जाए या जल्दी रिटायर किया जाए।’

इसी बीच जांच टीम अपनी रिपोर्ट लेकर आ गई। उनमें से एक ने कहा, ‘सर! यहां के बड़े बाबू पंडित जी ने दो दिन का काम तीन-चार घंटे में ही निपटा दिया। पूरी फाइलें सही हैं। कहीं भी कुछ हिसाब गड़बड़ नहीं है।’ यह सुनते ही बड़े साहब बीच में बोल पड़े, ‘चावला जी, वो तो मैंने दिन-रात लगकर गिरधारी बाबू की मदद से सब काम पूरा करवा दिया है। पंडित जी को तो काम पूरा होने के बाद अपनी वाहवाही लूटने की आदत है। उन्होंने ज्योतिष, तंत्र-मंत्र से पूरे दफ्तर के लोगों पर न जाने कैसा जादू चला दिया है। इससे दफ्तर का काम भी प्रभावित होता है।’

चावला जी बड़े साहब की नीयत समझ चुके थे। इसी बीच उन्होंने दफ्तर के कुछ लोगों को बुलाकर अकेले में पंडित जी के बारे में छानबीन की। इसके बाद उन्होंने बड़े साहब निगम जी और पंडित जी को एक साथ बुला लिया और कहा, ‘देखिए पंडित जी, कार्य अक्षमता व लापरवाही के कारण आपको तुरंत प्रभाव से निलंबित किया जाता है।’ इसके साथ ही उन्होंने अपने साथ आए स्टेनो को निलंबन-पत्र टाइप करने के लिए कहा।

खुशी से फूले निगम जी ने कहा, ‘चावला साहब, पत्र तो हमारे गिरधारी बाबू तैयार कर देंगे।’ ‘हमारे स्टेनो ही करेंगे। तब तक हम आपका बगीचा भी देखते हैं। सुना है कि आपसे पहले जो सक्सेना साहब थे, उन्हें बागवानी का बहुत शौक था। या मैं अकेला ही घूमकर आता हूं, किसी को भी साथ ले लूंगा।’ चावला जी ने कमरे से बाहर निकलते हुए कहा।

बलुआघाट की बारादरी पर तीन दोस्त और 1942 का वह पीला पन्ना | कहानी

कुछ देर बाद जब बड़े साहब अपनी कुर्सी पर आराम फरमा रहे थे, तभी चपरासी ने आकर बंद लिफाफा दिया। बड़े साहब ने जब लिफाफा खोलकर पत्र देखा तो उसमें अपना नाम देखकर उन्हें चक्कर आ गया। पासा पलट गया था। निगम जी की ऐसी हालत देखकर चपरासी ने उन्हें फौरन पानी लाकर पिलाया। पानी पीकर जब कुछ तबीयत सुधरी तो वो फौरन बाहर दौड़कर गए, जहां चावला जी अपनी टीम के साथ जीप से निकल रहे थे। उन्होंने गाड़ी रुकवाकर कहा, ‘सर, आपके स्टेनो ने गलती से पंडित जी की जगह मेरा नाम लिख दिया है। इतनी बड़ी गलती कैसे कर दी?’

‘अरे निगम जी, गलती से नहीं, आपका ही नाम है। जांच में आपके खिलाफ ही अनियमितता पाई गई है।’ चावला जी ने कहा।

अब निगम जी सारा मामला समझ चुके थे। उन्होंने गिड़गिड़ाते हुए कहा, ‘सर, आप मुझे माफ कर दीजिए। मैंने पंडित जी पर झूठे इल्जाम लगाए। वो सच में एक ईमानदार, कर्मठ कर्मचारी हैं। मेरी गलती की इतनी बड़ी सजा मत दीजिए।’

‘निगम जी, आपको माफी ही मांगनी है तो पंडित जी से मांगें। अगर वो माफी दे देंगे तो मैं भी विचार करूंगा।’ चावला जी ने कहा।

निगम जी ने कहा, ‘पंडित जी, आपको समझने में मुझसे गलती हो गई। मुझे माफ कर दीजिए।’

‘नहीं निगम साहब, आप मुझसे माफी मत मांगिए। आप पद में बड़े हैं। मेरे मन में आपके प्रति कोई दुर्भावना नहीं है।’ पंडित जी ने यह कहते हुए सबको हाथ जोड़कर प्रणाम किया।

चावला जी ने निगम जी के हाथ से लिफाफा लिया और पत्र फाड़कर हंसते हुए कहा, ‘अब पूरी बात आपको भी बता ही दी जाए, निगम जी। मैंने तो ये नाटक आपको सबक सिखाने के लिए आपके पूरे दफ्तर की सहमति से ही किया था। आइंदा आप किसी को मानसिक रूप से परेशान न करें।’

तब तक गिरधारी जी के संग चपरासी मिठाई का डिब्बा लेकर आ गया, जो पंडित जी के निलंबन की बात सुनकर मंगाई गई थी। मिठाई बांटी गई, लेकिन दफ्तर का माहौल बदलने की खुशी में।