किसी लेखक की जिंदगी में किताबें कब दाखिल होती हैं, इसका कोई तय समय नहीं होता। कभी वे किसी दोस्त के घर से आती हैं, कभी किसी मेले से और कभी घर की किसी पुरानी अलमारी से। धर्मवीर भारती की जिंदगी में किताबें भी कुछ इसी तरह आईं।
स्कूल में अंग्रेजी में अच्छे नंबर आए तो इनाम में उन्हें दो किताबें मिलीं। एक में दो बच्चे पक्षियों की दुनिया खोजते फिरते थे और दूसरी में पानी के जहाजों और समुद्री यात्राओं की बातें थीं। एक किताब ने उनके सामने पक्षियों से भरा आकाश खोल दिया, दूसरी ने समुद्र की दुनिया। घर लौटे तो पिता ने अलमारी का एक खाना खाली कर दिया। दोनों किताबें उसमें रखीं और कहा, अब यह तुम्हारी अपनी किताबों की जगह है। यही तुम्हारी छोटी-सी लाइब्रेरी है। बात छोटी थी, लेकिन शायद धर्मवीर भारती के जीवन में किताबों के प्रवेश का यही सबसे यादगार क्षण था।
आर्थिक हालत बहुत अच्छी नहीं थी। पिता के निधन के बाद मुश्किलें और बढ़ गईं। किताबें खरीदना तो दूर, लाइब्रेरी की सदस्यता का पैसा जुटाना भी आसान नहीं था। इसलिए भारती अपने मोहल्ले की लाइब्रेरी में बैठकर किताबें पढ़ते। लाइब्रेरियन जब कहते कि अब उठो, पुस्तकालय बंद करना है, तब मन मारकर उठना पड़ता। जिस दिन कोई उपन्यास अधूरा छूट जाता, उस दिन भीतर एक कसक रह जाती।
वहीं बैठकर उन्होंने बंकिमचंद्र चट्टोपाध्याय से लेकर टॉलस्टॉय, विक्टर ह्यूगो और गोर्की तक को पढ़ा। हिंदी में अनूदित किताबों के जरिए उन्हें लगा कि बिना कहीं गए भी पूरी दुनिया के लोगों से मिला जा सकता है।
एक बार दो रुपये हाथ में आए। फिल्म देखने का इरादा था। रास्ते में किताबों की दुकान दिखी। वहां शरतचंद्र की ‘देवदास’ रखी थी। कीमत एक रुपये थी। दुकानदार ने पुराने ग्राहक होने के नाते और भी कम में किताब देने की बात कही। फिल्म का विचार वहीं खत्म हो गया। भारती किताब लेकर घर लौट आए।
मां ने पूछा, फिल्म नहीं देखी? उन्होंने किताब दिखा दी। वह उनकी अपनी कमाई या अपने पैसों से खरीदी पहली निजी किताब थी। आगे चलकर वही बच्चा हिंदी और अंग्रेजी की हजारों किताबों के बीच रहने वाला लेखक बना। लेकिन किताबों के साथ उनका रिश्ता सिर्फ संग्रह का नहीं था। किताबें उनके लिए जीवन का हिस्सा थीं।
शब्दयात्री के अन्य लेखकों के बारे में यहां पढ़ें
धर्मवीर भारती की यही नजर उनकी दूसरी चीजों को देखने में भी दिखाई देती है। एक बार वह एक गुरुजन उपन्यासकार मित्र के साथ पान की दुकान पर खड़े थे। तभी बर्फ की सिलें लादे एक ठेला वहां से गुजरा। बात बर्फ से शुरू हुई और हिमालय तक पहुंच गई। उसी समय उनके मन में एक नाम कौंधा—‘ठेले पर हिमालय’। शीर्षक खोजने के लिए उन्हें कोई दूर की यात्रा नहीं करनी पड़ी थी। एक साधारण ठेले पर लदी बर्फ ने उन्हें अपना हिमालय दे दिया था। यह सिर्फ एक दिलचस्प किस्सा नहीं है। भारती की लेखकीय नजर का एक छोटा-सा नमूना है। वह मामूली चीज में भी कहानी खोज लेते थे।
बचपन की एक और स्मृति उनके भीतर लंबे समय तक रही। उन दिनों बारिश नहीं होती थी तो मोहल्ले में बच्चों की एक टोली निकलती थी। कहीं उन्हें ‘इंदर सेना’ कहा जाता, कहीं ‘मेढक-मंडली’। बच्चे घर-घर जाते, पानी मांगते और लोग उनके ऊपर पानी डालते। बच्चे कीचड़ में भीगते हुए बारिश के लिए पुकार लगाते।
बालक भारती को यह बात समझ नहीं आती थी। जब पानी की इतनी कमी है, तब पानी को इस तरह बहाया क्यों जा रहा है? बड़ा होने पर वही सवाल उनकी स्मृति में लौट आया। लोकविश्वास, परंपरा, पानी की कमी और मनुष्य की जरूरतों के बीच का वह बचपन का दृश्य बाद में ‘काले मेघा पानी दे’ में बदल गया। यानी भारती के यहां कहानी अक्सर किताब से नहीं, जिंदगी से शुरू होती थी।
लेखक से आगे बढ़कर जब भारती संपादक बने
इलाहाबाद की साहित्यिक दुनिया में अपनी पहचान बना चुके धर्मवीर भारती के सामने बाद में एक बिल्कुल अलग जिम्मेदारी आई। अब उन्हें सिर्फ लिखना नहीं था। उन्हें तय करना था कि लाखों लोग क्या पढ़ेंगे।
1960 में वह ‘धर्मयुग’ के संपादक बने और मुंबई चले गए। यहां उनकी भूमिका लेखक से कहीं बड़ी हो गई। सामने ऐसा पाठक था जो सिर्फ कविता-कहानी नहीं चाहता था। उसे देश-दुनिया की खबर चाहिए थी, समाज की हलचल चाहिए थी, सिनेमा और कला चाहिए थी, विज्ञान चाहिए था और साहित्य भी।
भारती को इसी पूरे संसार को एक साथ साधना था। और यहीं लेखक भारती का संपादक भारती से सामना हुआ। उनकी संपादकीय सख्ती के कई किस्से मिलते हैं। एक बार प्रूफ की गलतियों को लेकर बैठक चल रही थी। माहौल कुछ तनावपूर्ण था। बातचीत के दौरान गणेश मंत्री ने ‘सेबोटाज’ शब्द का इस्तेमाल कर दिया। भारती ने तुरंत रोक दिया। उनका कहना था कि ‘सेबोटाज’ शब्द ‘धर्मयुग’ में नहीं चलेगा।
बात एक शब्द की थी, लेकिन इसके पीछे संपादक की पूरी दृष्टि दिखाई देती है। भारती के लिए भाषा केवल शब्दों का मामला नहीं थी। भाषा पत्रिका की पहचान भी बनाती थी।

उनके यहां नए लेखक के लिए दरवाजा खुला था, लेकिन रचना के लिए कसौटी भी थी। परिचय या उम्र से ज्यादा महत्व रचना का था। किसी कहानी में संभावना दिखाई देती तो उसे बेहतर बनाने की कोशिश होती, लेकिन कमजोर हिस्से पर साफ बात भी कही जाती। कथानक अच्छा है तो ठीक, पात्र अच्छे हैं तो ठीक, लेकिन अगर भाषा ढीली है या बात दोहराई जा रही है तो संपादक उसे छोड़ने वाला नहीं था।
भारती की संपादकीय दुनिया में लेखक से प्रेम और रचना से कठोरता दोनों साथ-साथ चल सकते थे। यही वजह थी कि ‘धर्मयुग’ केवल साहित्य की पत्रिका नहीं रही। वह अपने समय के हिंदी मध्यवर्गीय घरों में पहुंचने वाली ऐसी पत्रिका बनी, जिसमें साहित्य के साथ समाज था, राजनीति थी, सिनेमा था, कला थी, विज्ञान था, यात्रा थी और दुनिया को समझने की बेचैनी भी थी।
भारती ने गंभीर विषयों को इस तरह पाठक तक पहुंचाया कि पाठक को यह महसूस न हो कि उस पर कोई भारी-भरकम ज्ञान लादा जा रहा है। यही वह जगह है जहां यह बात समझ में आती है कि उन्होंने ‘एक पूरे दौर की भाषा बदल दी’ का अर्थ क्या है। उन्होंने हिंदी का व्याकरण नहीं बदला था। उन्होंने पाठक और गंभीर विषयों के बीच की दूरी कम की थी। साहित्यिक भाषा और पत्रकारिता की भाषा के बीच एक ऐसा रास्ता बनाया था, जिस पर सामान्य पाठक भी चल सके।
1971 के बांग्लादेश मुक्ति संग्राम के दौरान उनका युद्ध क्षेत्र में जाना और वहां से रिपोर्ट लिखना भी इसी संपादकीय दृष्टि का हिस्सा था। वह केवल घटनाओं की सूचना देने वाले संपादक नहीं थे। उनकी रुचि यह जानने में भी थी कि बड़ी घटनाओं के बीच आम आदमी की जिंदगी पर क्या बीत रही है।
हजारों किताबों तक पहुंचा वह पहला छोटा-सा खाना
धर्मवीर भारती की कहानी को समझने के लिए उनके जीवन के दो दृश्यों को आमने-सामने रखिए। पहले दृश्य में एक बच्चा है। पिता ने अलमारी का एक छोटा-सा खाना खाली किया है। उसमें उसकी दो किताबें रखी हैं। यही उसकी अपनी लाइब्रेरी है। दूसरे दृश्य में वही आदमी है, जिसके कमरे की अलमारियां फर्श से छत तक किताबों से भरी हैं।
जुलाई 1989 में भारती को लगातार तीन हार्ट अटैक आए। हालत इतनी गंभीर थी कि एक समय नब्ज, सांस और धड़कन तक रुक गई थी। डॉक्टरों ने पूरी कोशिश की और वह बच गए। घर लौटे तो आराम के लिए उन्हें बेडरूम में रखने की बात हुई। लेकिन भारती की जिद थी कि उन्हें किताबों वाले कमरे में रखा जाए।
वह चल नहीं सकते थे। बोलना और पढ़ना भी मना था। फिर भी चारों तरफ किताबों से भरी अलमारियों के बीच पड़े रहना उन्हें बेहतर लग रहा था। उन्होंने बाद में लिखा कि उन्हें ऐसा लगता था जैसे उनके प्राण उनके शरीर में नहीं, उन हजारों किताबों में बसे हैं, जो पिछले चार-पांच दशकों में धीरे-धीरे उनके पास जमा हुई थीं। इस दृश्य में धर्मवीर भारती की पूरी जिंदगी जैसे दिखाई देती है।
जिस बच्चे के पास कभी अपनी किताबों के लिए अलमारी का केवल एक खाना था, वह आगे चलकर हजारों किताबों के बीच पहुंचा। लेकिन किताबों की संख्या बढ़ने के साथ उनका महत्व कम नहीं हुआ। उलटे जिंदगी के सबसे कठिन क्षण में वही किताबें उन्हें अपने सबसे करीब लगीं। धर्मवीर भारती को सिर्फ ‘गुनाहों का देवता’, ‘सूरज का सातवां घोड़ा’ या ‘अंधा युग’ के लेखक के रूप में याद करना आसान है। लेकिन इससे उनका एक बड़ा हिस्सा छूट जाता है। वह लेखक थे, लेकिन केवल लेखक नहीं थे।
वह उन चीजों को देखने वाले आदमी थे, जिनके सामने से हम अक्सर गुजर जाते हैं। बर्फ के ठेले में उन्हें हिमालय दिखाई दिया। बारिश के लिए पानी मांगते बच्चों में उन्हें परंपरा और तर्क का सवाल दिखाई दिया। एक शब्द में उन्हें पूरी पत्रिका की भाषा का सवाल दिखाई दे गया। किसी लेखक की कमजोर कहानी में उन्हें उस रचना को बेहतर बनाने की संभावना दिखाई दी।

और अपनी जिंदगी के आखिरी कठिन वर्षों में उन्हें अपनी किताबों में अपने प्राण दिखाई दिए। शायद धर्मवीर भारती की सबसे बड़ी संपादकीय उपलब्धि यही थी कि उन्होंने साहित्य को अलमारी में बंद रहने वाली चीज नहीं रहने दिया। उसे उन्होंने रोजमर्रा की जिंदगी के बीच ला खड़ा किया।
उन्होंने पाठक से यह नहीं कहा कि पहले साहित्य समझो, फिर जिंदगी समझोगे। उनकी पत्रिका का संसार उलटा था। जिंदगी को देखो, उसके सवालों को पहचानो और फिर साहित्य को उसी के बीच खोजो।
इसलिए धर्मवीर भारती को याद करते हुए केवल यह कहना काफी नहीं कि वह एक बड़े लेखक थे। वह ऐसे संपादक भी थे, जिन्होंने एक पूरे दौर के पाठक को यह भरोसा दिया कि गंभीर बात सरल भाषा में भी कही जा सकती है और साहित्य आम जिंदगी से अलग कोई बंद कमरा नहीं है।
जिस बच्चे ने कभी लाइब्रेरी में अधूरी किताब छोड़कर घर लौटना सीखा था, उसी ने आगे चलकर लाखों पाठकों के लिए किताबों और दुनिया के बीच एक रास्ता बनाया।
लेखक के रूप में उन्होंने अपना संसार रचा। संपादक के रूप में उन्होंने दूसरों के संसारों के लिए भी जगह बनाई। और शायद यही धर्मवीर भारती की सबसे बड़ी कहानी है। वह लेखक जिसने बहुत कुछ लिखा, लेकिन संपादक बनकर एक पूरे दौर को पढ़ने का ढंग दे दिया।
यह भी पढ़ें: शब्दयात्री: जब कवि अज्ञेय कलम लेकर सूखे बिहार में उतर गए, साथ थे रेणु
किसी लेखक का नाम उसकी पहचान होता है। किताब के कवर पर वही नाम पाठक को लेखक तक ले जाता है। लोग उसी नाम से उसकी रचनाएं खोजते हैं और उसी नाम से उसे याद करते हैं। लेकिन हिंदी साहित्य के एक बड़े लेखक की कहानी कुछ उलटी तरह से शुरू हुई थी। उसकी कहानियां जेल से बाहर आ सकती थीं, लेखक का नाम नहीं। कहानियां लिखने वाला युवक उस समय जेल में था और बाहर उसकी पहचान जाना जाना ठीक नहीं था। इसलिए जब उसकी लिखी कहानियां संपादक तक पहुंचीं तो लेखक के नाम की जगह एक शब्द रख दिया गया – ‘अज्ञेय’। जिसे जाना न गया हो, जिसकी पहचान अभी सामने न लाई जा सकती हो। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां पर करें क्लिक
