विभाजन पर बहुत कुछ लिखा गया है- दंगे, पलायन, शरणार्थी शिविर, ट्रेनें, सरहदें, दिल्ली, लाहौर, अमृतसर, कोलकाता और ढाका। लेकिन अगर विभाजन को सिर्फ 1947 की घटना मान पढ़ा जाए, तो उसकी असली कहानी का एक बड़ा हिस्सा छूट जाता है।

विस्थापन की कहानी 1947 के बाद भी कई दशकों तक चलती रही, जमीन पाने, बसने, रोजी-रोटी, नागरिकता, भाषा, पहचान और सम्मान की लड़ाई के रूप में।

‘पुलिनबाबू: विस्थापन का यथार्थ, पुनर्वास की लड़ाई’ इसी छूटे हुए हिस्से को सामने लाती है। यह एक साथ संस्मरण है, पारिवारिक कहानी है, सामाजिक इतिहास है और लंबे समय तक चले एक विस्थापित आंदोलन का दस्तावेज भी।

मेरे लिए इस किताब को पढ़ने की एक और वजह है। विभाजन के अध्ययन पर शोध और लेखन के दौरान मेरी दिलचस्पी हमेशा इस बात में रही है कि 1947 ने आम लोगों की जिंदगी को किस तरह बदला। इसीलिए पुलिनबाबू की कहानी पढ़ते हुए कई जगह मुझे सचमुच हैरानी हुई। यहाँ विभाजन की कहानी दिल्ली, लाहौर या बड़े राजनीतिक केंद्रों से नहीं, बल्कि तराई के जंगलों, छोटे गाँवों, शरणार्थी शिविरों और पूर्वी बंगाल से आए दलित विस्थापित परिवारों की नजर से दिखाई देती है। और शायद यही इस किताब की सबसे खास बात है।

पुलिनबाबू का संघर्ष : पुनर्वास सिर्फ जमीन देने का नाम नहीं था

पुलिनबाबू की कहानी किसी बड़े पद या सरकारी कुर्सी से शुरू नहीं होती। यह एक ऐसे विस्थापित व्यक्ति की कहानी है जिसने अपने जैसे हजारों लोगों के लिए आवाज उठाई। तराई में जिन विस्थापितों को बसाया गया था, उनके सामने जमीन तो थी, लेकिन उस जमीन को रहने और खेती करने लायक बनाने की व्यवस्था नहीं थी। जंगल काटकर खेत बनाने थे। सड़कें नहीं थीं, सिंचाई नहीं थी और सरकारी मदद बहुत कम थी।

ऐसी ही एक सभा में मई 1956 में पुलिनबाबू ने अपनी कमीज उतार दी और प्रतिज्ञा की—

“बंधुगण! आमि शपथ निलाम, जतोदिन पर्यंत एइ भारतवर्ष एकजन उद्बास्तुरओ पुनर्बासन बाकी थाकबे, आमि आर जामा पोरबो ना।”

कमीज न पहनने की यह प्रतिज्ञा देखने में छोटी बात लग सकती है, लेकिन उस समय यह एक बड़े विरोध का प्रतीक बन गई। 1954 के आंदोलन और 1955 की कानूनी लड़ाई के बाद पुलिनबाबू की पहचान ऐसे व्यक्ति की बन चुकी थी जो विस्थापितों की समस्या को सिर्फ अपने गाँव तक सीमित नहीं रखना चाहता था। वे चाहते थे कि विभाजन के पीड़ितों को बंगाल के बाहर किसी एक जगह व्यवस्थित रूप से बसाया जाए, अंडमान-निकोबार, दंडकारण्य या नैनीताल जैसे इलाकों में।

उनकी लड़ाई सिर्फ जमीन की नहीं थी। वह इस बात की लड़ाई थी कि जिन लोगों ने अपना घर खोया है, उन्हें नए देश में इंसान और नागरिक के रूप में जगह मिले।

किताब में एक जगह लेखक पलाश बिस्वास अपने पिता के बारे में लिखते हैं:

“वे जहां भी जाते वहां लोगों के हक़हक़ूक की लड़ाई में शामिल हो जाते।”

यह वाक्य पुलिनबाबू के पूरे जीवन को समझने की कुंजी है।

पुलिनबाबू बहुत पढ़े-लिखे नहीं थे, लेकिन जीवनभर पढ़ते और लिखते रहे। उनके झोले में पहनने के लिए दूसरे कपड़े नहीं होते थे, लेकिन पत्र-पत्रिकाएँ, साहित्य, अखबार और डायरी जरूर होती थी। वे रोज डायरी लिखते थे। उनकी डायरियाँ, सरकारी दफ्तरों के साथ पत्राचार और आंदोलन से जुड़े कागज एक लकड़ी के बक्से में रखे थे। बाद में दीमक ने सब नष्ट कर दिया।

यह प्रसंग मुझे विभाजन के इतिहास की एक बड़ी कमी की याद दिलाता है। सत्ता के दस्तावेज अक्सर बच जाते हैं, लेकिन आम लोगों की अपनी आवाजें बहुत बार खो जाती हैं। इसीलिए ऐसी किताबें सिर्फ किसी परिवार की कहानी नहीं हैं। वे उस इतिहास को बचाने की कोशिश भी हैं जो सरकारी कागजों में दर्ज नहीं हुआ।

रेफ्यूजी कैम्प में ठिठुरता हुआ जीवन

पुलिनबाबू के संघर्ष को समझने के लिए तराई को समझना भी जरूरी है। शरणार्थी शिविरों में एक छोटे से तंबू में स्त्री, पुरुष, बच्चे और कई परिवार रहते थे। गर्मी की तेज लू, आंधी-पानी, घना जंगल, बीमारी और जंगली जानवर, इन सबके बीच जीवन चलाना था। लोग जंगली फल, कंद-मूल खाकर गुजारा करते। बुजुर्गों और बच्चों के लिए एक-एक दिन काटना किसी पहाड़ या रेगिस्तान को पार करने जैसा था। खेत बनने से पहले इस जमीन को बसाने में कई बुजुर्गों और बच्चों की जान गई। लोग बाघों और सांपों के शिकार हुए। बच्चों को भेड़िये और लकड़बग्घे उठा ले जाते थे। बीमारी का अपना संसार था। मंत्र-तंत्र, ओझा, वैद्य, जड़ी-बूटियाँ और घरेलू इलाज। महामारी से बचने के लिए काली और शीतला माता की पूजा होती। खेत और जमीन की रक्षा के लिए वास्तु पूजा, सांपों से बचने के लिए मनसा देवी और जंगल के जानवरों से बचने के लिए वनबीबी की पूजा होती।

यानी पुनर्वास का मतलब सिर्फ सरकारी कागज पर जमीन मिल जाना नहीं था। जमीन को घर और जीवन में बदलना भी पुनर्वास का हिस्सा था।

पुलिनबाबू पिता के रूप में : परिवार, संघर्ष और जाति-बोध

किताब का सबसे मानवीय हिस्सा शायद तब सामने आता है जब पुलिनबाबू को नेता नहीं, पिता के रूप में देखा जाता है और यहाँ कहानी बिल्कुल आसान नहीं रह जाती।

1960 में एक सम्मेलन के दौरान लेखक की दो बहनों की बिना इलाज के मृत्यु हो जाती है। लेखक तब सिर्फ चार साल के थे। लेकिन सम्मेलन खत्म होते ही पुलिनबाबू असम के दंगा पीड़ित बंगाली विस्थापितों के साथ खड़े होने चले जाते हैं।

लेखक का सवाल बहुत सीधा है:

“क्या इतने निर्मम और इतने तटस्थ हो सकते थे एक पिता अपने परिवार के शोक, दुःख के समय?”

यह सवाल पुलिनबाबू को महान बनाने के लिए नहीं है। बल्कि उनके व्यक्तित्व की जटिलता सामने लाता है। एक तरफ अपना परिवार था। दूसरी तरफ हजारों परिवारों का दुख। पुलिनबाबू के लिए शायद दोनों अलग नहीं थे।

उनका मानना था:

“ये मेरे लोग हैं। मैं उनके लिए नहीं लडूँगा तो कौन लड़ेगा?”

यही वाक्य उनके पूरे जीवन का सार लगता है।

लेकिन पिता-पुत्र का रिश्ता केवल श्रद्धा का रिश्ता नहीं था। उसमें गहरी असहमति भी थी। 1970 में लेखक मातृभाषा के सवाल पर आंदोलन में शामिल हुए। पुलिनबाबू इसके विरोधी थे। जुलूस में सबसे आगे चल रहे अपने बेटे को उन्होंने थप्पड़ मारा और बाद में सभा में उसे त्याज्य पुत्र तक घोषित कर दिया। उन्हें डर था कि बंगाल से बाहर रहने वाले बंगालियों की भाषा और पहचान की राजनीति कहीं उन्हें और कमजोर न कर दे।

आज हमें उनकी यह सोच सही लगे या गलत, लेकिन यह घटना उनके व्यक्तित्व की एक दूसरी तस्वीर दिखाती है। वह सिर्फ कोई आदर्श नायक नहीं है। वह अपने अनुभवों, अपने डर, अपनी समझ और अपनी सीमाओं वाला एक मनुष्य भी है। यही इस किताब को दिलचस्प बनाता है।

जाति और पहचान का सवाल

“हम लोग नमोशूद्रो हैं”

किताब में जाति का सवाल बहुत गहराई से आता है। पुलिनबाबू खुद दलित पृष्ठभूमि से थे और उन्होंने जीवनभर पूर्वी बंगाल के दलित विस्थापितों की लड़ाई लड़ी। लेकिन लेखक यह भी बताते हैं कि पुलिनबाबू ने कभी अपनी राजनीति को केवल दलित राजनीति नहीं बनाया।

लेखक का अपना जाति-बोध भी बहुत देर से बना।

“हम दलित हैं, हमें इसका कोई एहसास कभी नहीं हुआ। 1991 से पहले तक। हम अपनी जाति जरूर जानते थे। लेकिन बंगाल में हमारे लोगों की सामाजिक स्थिति क्या है, इसका हमें कोई अंदाजा नहीं था। उत्तर प्रदेश में हमें सिर्फ बंगाली माना जाता रहा है।”

और फिर…

“1991 में कोलकाता जाने के बाद ही हमें पता चला कि नमोशूद्र क्या हैं, पौण्ड्र क्या हैं या दलित क्या है?”

यह बात विभाजन के बाद पहचान बनने की प्रक्रिया को समझने के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। किसी व्यक्ति की पहचान केवल एक चीज से नहीं बनती। वह एक साथ बंगाली, विस्थापित, दलित, भारतीय, उत्तर प्रदेश का निवासी और किसी गाँव का रहने वाला हो सकता है।

बसंतीपुर की कहानी इसका अच्छा उदाहरण है। वहाँ अलग-अलग जातियों के परिवार थे; ब्राह्मण, नाई, माहिश्य, तेली, कायस्थ, नमोशूद्र और पौण्ड्र क्षत्रिय। फिर भी गाँव का नाम लेखक की माँ बसंती देवी के नाम पर रखा गया। यनि विस्थापन ने पुराने रिश्ते तोड़े थे लेकिन उसने नए रिश्ते भी बनाए।

जैसा लेखक बताते हैं :

“खून के रिश्तों के बदले बने धर्म के रिश्ते और मुँह बोले गाँव के रिश्तों के सहारे थी यह नई जिंदगी।”

यहाँ किताब सिर्फ विस्थापन की पीड़ा नहीं दिखाती। वह यह भी दिखाती है कि लोग टूटे हुए जीवन से एक नया समाज कैसे बनाते हैं।

पश्चिमी पाकिस्तान और पूर्वी बंगाल के विस्थापित : क्या सबका विस्थापन एक जैसा था?

किताब का सबसे महत्वपूर्ण और शायद सबसे असुविधाजनक सवाल यही है केि क्या सबका विस्थापन एक जैसा था?

विभाजन के दोनों तरफ से लोग भारत आए। लेकिन क्या भारत ने सभी विस्थापितों को एक जैसी नजर से देखा? किताब का जवाब है: नहीं।

पुस्तक का तर्क है कि पश्चिमी पाकिस्तान से आए विस्थापितों का पुनर्वास अपेक्षाकृत तेजी से हुआ, जबकि पूर्वी बंगाल से आए बहुत से विस्थापित लंबे समय तक शिविरों, बस्तियों और दूर-दराज के इलाकों में भटकते रहे। यहाँ लेखक जाति और सामाजिक हैसियत का सवाल भी उठाते हैं। उनके अनुसार पूर्वी बंगाल से आए विस्थापितों में बड़ी संख्या दलितों की थी और बंगाल का कुलीन वर्ग उनके हितों के प्रति उदासीन रहा।

किताब में पश्चिम बंगाल में जाति के आधार पर भेदभाव के उदाहरण भी आते हैं। ऋत्विक घटक की फिल्म ‘कोमल गांधार’ की बाग्दी बहू का उदाहरण देते हुए लेखक बताते हैं कि शरणार्थी शिविर के भीतर भी जाति मौजूद थी। यानी विस्थापन ने जाति को खत्म नहीं किया। कई जगह पुरानी सामाजिक असमानताएँ नई जगह पर भी चली गईं।

बंगाल से बाहर की कहानी

इस किताब की एक और बड़ी खासियत यह है कि यह कोलकाता की शरणार्थी बस्तियों से आगे जाती है। लेखक याद करते हैं कि अगर 1949 में पुलिनबाबू और उनके साथी आंदोलन नहीं करते, तो शायद उनके लोग चाय बागानों के मजदूर बना दिए जाते। कोलकाता के आसपास दमदम से बारासात, नैहाटी, बैंडेल और सोनारपुर तक सैकड़ों बस्तियाँ बनीं। लेकिन बंगाल से बाहर बसे विस्थापितों की कहानी अलग रही।

तराई में लोगों ने सिर्फ बंगाली गाँव नहीं बसाए गए। सिख, पंजाबी, देसी और पहाड़ी गाँव भी बसते गए।

लेखक इसे इस तरह देखते हैं:

“हम लोगों ने एक साथ बसंतीपुर और तराई को बसते देखा। सिर्फ बंगाली गाँवों को ही नहीं, सिख, पंजाबी, देसी, पहाड़ी गाँवों को भी हमने बसते हुए देखा। सामाजिक संरचना आजादी के बाद भारत विभाजन से जो बिगड़ गई थी, उस नए सिरे से बनते देखा हमने। विविधता और बहुलता का लघु भारत बनते देखा..”

यह पंक्ति मेरे लिए किताब के सबसे सुंदर हिस्सों में से एक है क्योंकि यहाँ विस्थापित सिर्फ पीड़ित नहीं हैं; वे नए समाज के बनाने वाले लोग भी हैं

इतिहास किसका ?

किताब बार-बार एक और सवाल पूछती है: इतिहास किसका लिखा जाता है?

लेखक लिखते हैं :

“इतिहास अधूरा है। कार्बन डेटिंग और पुरातात्विक खोजों में गाँव कहीं नजर नहीं आता। क्या समूची दुनिया में सिर्फ नगर सभ्यता है? आम लोगों का इतिहास होता है क्या? नहीं होता। क्योंकि आम लोग लेखक नहीं होते।”

यह बात विभाजन के इतिहास पर भी लागू होती है। हम दिल्ली, लाहौर, कोलकाता, ढाका और अमृतसर की बात करते हैं। बड़े नेताओं, समझौतों और सीमाओं की बात करते हैं। लेकिन उन हजारों छोटे गाँवों का क्या, जहाँ विस्थापितों ने जंगल काटकर खेत बनाए? उन परिवारों का क्या जिनकी जन्मतिथि तक किसी सरकारी रजिस्टर में नहीं थी? उन महिलाओं का क्या जिन्होंने शिविर में परिवार संभाला? उन बच्चों का क्या जिन्होंने स्कूल जाने से पहले विस्थापन देखा? और उन दलित परिवारों का क्या जिनकी पहचान लंबे समय तक केवल “बंगाली” या “शरणार्थी” कहकर ढक दी गई?

यहीं से यह किताब मेरे लिए एक संस्मरण से आगे बढ़कर सामाजिक इतिहास का जरूरी दस्तावेज बन जाती है।

एक अलग तरह की विभाजन-कथा

पुलिनबाबू की कहानी में एक और बात लगातार सामने आती है: विस्थापन के बाद भी अपनी जड़ों की तलाश।

बचपन में लेखक पिता से पूछते थे:

“(पूर्वी) पाकिस्तान से हमारा क्या नाता है? आप क्यों जाते हैं वहाँ बार बार?”
पिता जवाब देते थे:
“सैंकड़ों सालों से हमारे पुरखे वहाँ बसे थे। हमारी जड़ें वहीं हैं।”

इन छोटे-छोटे संवादों में विभाजन की पूरी त्रासदी छिपी है। जिस जमीन को अपना घर मानते थे, वहीं से निकलना पड़ा। भारत आए तो “शरणार्थी” और “बांग्लादेशी घुसपैठी” तक कहलाए। नई जगह घर बनाया तो पुरानी जमीन की याद बनी रही।

यही वजह है कि मुझे इस किताब को पढ़ते हुए बार-बार लगा कि विभाजन केवल सीमा खींचने की घटना नहीं था। वह लोगों की पहचान और स्मृति को लगातार बदलने वाली प्रक्रिया था।

आखिर में,

‘पुलिनबाबू : विस्थापन का यथार्थ, पुनर्वास की लड़ाई’ को केवल एक व्यक्ति की जीवनी की तरह पढ़ना शायद इसे छोटा कर देना होगा। यह उस पीढ़ी की कहानी है जिसने घर खोया, जमीन खोई, अपने रिश्तों की दुनिया खोई और कई बार अपनी नागरिक पहचान तक को दोबारा साबित करना पड़ा। लेकिन उसी पीढ़ी ने नए गाँव भी बनाए। खेत बनाए। स्कूल बनाए। रिश्ते बनाए। जंगलों को बसाया और अपने लिए एक नया संसार खड़ा किया।

इसीलिए पुलिनबाबू की कहानी सिर्फ दुख की कहानी नहीं है। यह जिद, संघर्ष और समाज को फिर से गढ़ने की कहानी भी है। मेरे लिए इस किताब की सबसे बड़ी खूबी यही है कि यह विभाजन को नक्शे पर खींची गई एक रेखा की तरह नहीं देखती। यह उसे एक परिवार के भीतर देखती है; एक पिता और बेटे के रिश्ते में देखती है; एक जाति की पहचान में देखती है; एक गाँव के बनने में देखती है; एक शरणार्थी शिविर के तंबू में देखती है और उस सवाल में देखती है कि आखिर इतिहास में किसकी आवाज बचती है।

विभाजन पर शोध और लेखन में मेरी अपनी रुचि को देखते हुए, इस किताब ने मुझे खासतौर पर इसीलिए चौंकाया कि यह विभाजन की उस कहानी को सामने लाती है जो बड़े शहरों और बड़े नेताओं की कहानी से बाहर है। शायद विभाजन के इतिहास को पूरा समझने के लिए हमें यह भी पूछना होगा कि किसका पुनर्वास हुआ, किसका नहीं हुआ, और क्या जाति, वर्ग और राजनीतिक ताकत ने इस फर्क को तय किया?

पुस्तक: पुलिनबाबू

लेखक: पलाश विश्वास

मूल्य: 424/रुपये

प्रकाशक: न्यू वर्ल्ड पब्लिकेशन

यह भी पढ़ें: पुस्तक समीक्षा- ‘विस्मृत नगरों की खोज’ में पढ़ें भारतीय पुरातत्व की रोमांचक दास्तान

कहते हैं कि हिन्दी पट्टी में हर कोई जन्मजात इतिहासकार और डाक्टर होता है। किसी भी रोग की चर्चा कीजिए हर किसी के पास उस रोग के दो-चार उपचार होते हैं। हर किसी के पास इतिहास का निजी संस्करण उपलब्ध रहता है। प्रमाणिक इतिहास के प्रति उदासी या लापारवाही हिन्दी समाज की आम प्रवृत्ती प्रतीत होती है। ऐसे समाज में सहज भाषा में प्रमाणिक इतिहास को .. आगे की कहानी यहां पढ़ें