जब आप प्रयागराज में दारागंज की संकरी गलियों से गुजरते हुए दशाश्वमेध घाट की ओर बढ़ते हैं तो कदम अपने आप धीमे पड़ जाते हैं। प्रयागराज की हवा में ही कुछ ऐसा है – यहां वक्त दौड़ता नहीं, बल्कि गंगा की लहरों की तरह धीरे-धीरे आगे बढ़ता है। इस शहर की यादों में कहानियों का ऐसा असीम भंडार है, जो कभी खाली नहीं होता।
हर मोड़, हर पुराना दरवाजा और हर झुका हुआ नीम का पेड़ किसी न किसी दौर की कहानी अपने भीतर समेटे खड़ा मिलता है। संगम तीरे बैठकर जब भोर की हल्की धुंध में नावों को बहते देखते हैं, तो लगता है जैसे बीता हुआ कल और आज एक ही घाट पर आकर एक-दूसरे से हाथ मिला रहे हों।
लेकिन प्रयागराज सिर्फ गलियों, घाटों और पुराने बागों का शहर नहीं है। इसकी रगों में संवाद का एक लंबा और बदलते युगों को छूता इतिहास दौड़ता है – एक ऐसा इतिहास जिसने दुनिया के संदेश भेजने के तरीके को ही बदल दिया। यह वही धरती है जहां शब्दों ने पहली बार दूरी को चुनौती दी और आसमान की तरफ निकल पड़े।
जब चिट्ठियों को पंख लग गए
बात दिसंबर 1910 की है। किला घाट के पश्चिम तरफ यमुना किनारे फैली करीब दो सौ बीघा जमीन पर एक अलग ही हलचल थी। यहां एक विशाल राष्ट्रीय प्रदर्शनी लगी थी। देश-विदेश से लोग लगातार पहुंच रहे थे। सरकारी रिकॉर्ड बताते हैं कि करीब तीन महीने चली इस प्रदर्शनी को देखने आठ लाख से ज्यादा लोग आए। जर्मनी के युवराज से लेकर देशी रियासतों के सभी राजे-महाराजे तक यहां मौजूद थे। पुराने जानकार बताते हैं कि कुंभ के बाद अगर प्रयागराज ने कभी इतना बड़ा जनसमुदाय देखा था, तो वह यही आयोजन था।
इसी भीड़ और वैभव के बीच आया 18 फरवरी 1911 का वह दिन जिसने प्रयागराज को इतिहास के पन्नों पर एक नई पहचान दे दी। पोलो ग्राउंड में हलचल बढ़ी हुई थी। एक छोटे से हम्बर बाइप्लेन विमान में फ्रांसीसी पायलट हेनरी पेक्वेट (Henri Pequet) बैठे थे। उनके साथ कोई भारी सामान नहीं था, बस एक बड़ा थैला, जिसमें करीब 6000 पत्र और पोस्टकार्ड रखे थे। इंजन की आवाज तेज हुई, विमान ने रफ्तार पकड़ी और जमीन छोड़ दी। नैनी के परेड ग्राउंड की दिशा में वह उड़ान भरने लगा।
यह सिर्फ एक उड़ान नहीं थी। यह उस क्षण की शुरुआत थी जब संदेश पहली बार जमीन से उठकर हवा के रास्ते अपने ठिकानों तक पहुंचे। दुनिया की पहली आधिकारिक हवाई डाक सेवा यहीं से शुरू हुई। और इस शहर की हवा में पहली बार यह संदेश घुला – चिट्ठियां अब सिर्फ चलती नहीं, उड़ भी सकती हैं।
घोड़े की टाप से लोहे की पटरी तक
हवाई डाक से बहुत पहले प्रयागराज संवाद की बदलती परतों का गवाह बन चुका था। 1841 में जब न सड़कें सुगम थीं और न यातायात आसान, तब इलाहाबाद और कानपुर के बीच घोड़ा-गाड़ी आधारित डाक व्यवस्था शुरू हुई। ग्रैंड ट्रंक रोड की धूल उड़ाती राहों पर दौड़ते घोड़ों की टापें किसी दूर बैठे अपने की खबर जैसी लगती थीं।
फिर 1854 आया। लॉर्ड डलहौजी के समय ‘इम्पीरियल पोस्ट’ की नींव पड़ी। पूरे देश में एक समान डाक दर लागू हुई और एक केंद्रीकृत व्यवस्था बनी। प्रशासनिक रूप से अहम होने के कारण इलाहाबाद इस व्यवस्था का बड़ा केंद्र बनकर उभरा।
1864 में रेलवे मेल सर्विस की शुरुआत हुई। अब डाक घोड़ों की जगह ट्रेनों पर दौड़ने लगी। रात के अंधेरे में डिब्बों के भीतर दीयों की रोशनी के बीच चिट्ठियों की छंटाई होती थी। इलाहाबाद स्टेशन का आरएमएस दफ्तर सिर्फ एक कार्यालय नहीं था, बल्कि एक ऐसा केंद्र था जहां हर दिन हजारों परिवारों की उम्मीदें और खबरें अलग-अलग दिशाओं में भेजी जाती थीं।
रजिस्ट्री और भरोसे की दुनिया
1877–78 के आसपास डाक विभाग ने रजिस्ट्री, वीपीपी और पार्सल सेवाओं की शुरुआत की। इनमें रजिस्ट्री की अपनी ही पहचान थी। यह सेवा भरोसे की एक मजबूत परत थी। पत्र सिर्फ उसी व्यक्ति के हाथ में दिया जाता था, जिसके नाम वह भेजा गया हो।
डाकिया घर आता, नाम पूछता, पहचान करता और फिर हस्ताक्षर लेकर लिफाफा सौंपता। यह सिर्फ एक कागज की डिलीवरी नहीं थी, यह एक जिम्मेदारी थी, एक भरोसा था जिसे पूरा करना अनिवार्य था। बाद में आई स्पीड पोस्ट ने सुविधा दी, लेकिन रजिस्ट्री का अनुशासन अपने आप में अलग ही था, एक तय वचन की तरह।
मौसी और दीदी को चरण-स्पर्श प्रणाम
आज जब स्मार्टफोन पर कुछ सेकंड में संदेश भेज दिए जाते हैं, तब पुराने पत्रों की आदतें और तरीके याद रह जाते हैं। पत्र लिखना सिर्फ काम नहीं था, वह एक पूरा अभ्यास था। ऐसे समय में बचपन की वे चिट्ठियां अक्सर याद आ जाती हैं। मेज पर साफ कागज रखा जाता, पेन सलीके से पकड़ा जाता और शुरुआत हमेशा एक तय अंदाज में होती –
मैं पटना में रहने वाली अपनी मौसी को अक्सर पत्र लिखा करता था। वह चिट्ठी कोई साधारण कागज नहीं होती थी, बल्कि अपने आप में रिश्तों का एक पूरा संसार होती थी। पत्र की शुरुआत लगभग हमेशा एक जैसी होती – “आदरणीय मौसी एवं मौसा जी, सादर चरण स्पर्श प्रणाम…”। इसके बाद कुशल-क्षेम का वह अनिवार्य वाक्य आता – “हम यहां कुशलपूर्वक हैं और आपकी कुशलता की कामना करते रहते हैं।”
मौसा जी आकाशवाणी में असिस्टेंट स्टेशन डायरेक्टर थे। उनके नाम के साथ घर में एक स्वाभाविक सम्मान जुड़ा हुआ था। शायद यही वजह थी कि पत्र लिखते समय हर शब्द सोच-समझकर लिखा जाता था। ऐसा लगता था जैसे कागज पर शब्द नहीं, रिश्ते उतारे जा रहे हों। फिर धीरे-धीरे पत्र खुलता जाता – पढ़ाई की बातें, प्रयागराज का मौसम, घर-परिवार की खबरें और कभी-कभी वह मासूम-सा गर्व भी कि अब हम इतने बड़े हो गए हैं कि अपने हाथों से चिट्ठी लिख सकते हैं।
ऐसा ही एक पत्र ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले के राजगांगपुर में रहने वाली अपनी ममेरी दीदी को भी भेजा जाता था। वहां संबोधन बदल जाता, लेकिन अपनापन वही रहता – “आदरणीय दीदी, सादर चरण स्पर्श प्रणाम…”। फिर वही धीमी और सुकून भरी दुनिया कागज पर उतरने लगती। स्कूल की छोटी-बड़ी बातें, मुहल्ले की खबरें, घर के किस्से और उन सबके बीच कहीं छिपा रहता जवाब का इंतजार।
जब वह पत्र डाकघर के लाल डिब्बे में गिरता था, तभी से एक नई प्रतीक्षा शुरू हो जाती थी। पता होता था कि जवाब आने में कई दिन लगेंगे, लेकिन उसी इंतजार में एक अलग मिठास थी, एक अलग तरह की तड़प थी। लगता था जैसे हर गुजरता दिन उस चिट्ठी को हमारे थोड़ा और करीब ला रहा है। उस दौर में पत्र सिर्फ संदेश नहीं होते थे, वे रिश्तों की सांस होते थे। उनके आने से घर का माहौल बदल जाता था, चेहरे खिल उठते थे और दूरियां कुछ दिनों के लिए छोटी लगने लगती थीं। लेकिन उस खुशी तक पहुंचने का रास्ता इंतजार से होकर गुजरता था।
तीन दिन… चार दिन… कभी-कभी इससे भी ज्यादा
और फिर एक दिन वही पीला-सा पोस्टकार्ड या हल्का नीला अंतरदेशीय पत्र घर में आ जाता था। जैसे कोई छोटी-सी खुशी दरवाजे पर खड़ी हो गई हो। जवाब पढ़ते समय सिर्फ शब्द नहीं होते थे, उसमें उस व्यक्ति का समय, धैर्य और भावनाएं भी होती थीं। आज सोचता हूं तो लगता है – हम सिर्फ चिट्ठी नहीं लिखते थे, हम इंतजार लिखते थे।
नैनी के शुक्ला जी और थैले का वजन
नैनी में एक डाकिया हुआ करते थे – शुक्ला जी। खाकी वर्दी, कंधे पर भारी थैला और कदमों में थकान के बावजूद एक अलग ही ऊर्जा। बच्चे दूर से आवाज लगाते – “शुक्ला जी आ गए!” वे सिर्फ डाकिए नहीं थे। किसी के लिए नौकरी का लेटर, किसी के लिए शादी का संदेश और कभी-कभी किसी के लिए भारी खबर लेकर आते थे। वे बिना ज्यादा बोले ही चेहरे पढ़ लेते थे। अगर खुशी की चिट्ठी होती, तो मुस्कुराकर खुद ही कह देते— “अरे, मिठाई तैयार रखिए।”
उस दौर में संदेश सिर्फ सूचना नहीं होते थे। उनमें स्याही के साथ भावनाएं भी बहती थीं – कहीं आंसू के हल्के निशान, कहीं कांपते हाथों की लिखावट।
इसी शहर की डाक व्यवस्था भी अपने आप में एक चलता हुआ इतिहास थी। बड़े पोस्टबॉक्स, जिनमें लोग अपने पत्र डालते थे, सिर्फ लोहे के डिब्बे नहीं थे, वे हजारों कहानियों के प्रवेश द्वार थे। हर कुछ घंटों में डाक कर्मचारी उन्हें खोलते, छंटाई करते, मोहर लगाते और अलग-अलग दिशाओं में भेजते। लाल रंग की पोस्टल वैनें जब सड़कों पर चलती थीं, तो लगता था जैसे पूरा शहर अपनी खबरें लेकर यात्रा पर निकल पड़ा हो।
चिट्ठियां जब साहित्य बन जाती थीं
प्रयागराज की हवाओं में साहित्य हमेशा से घुला रहा है। शायद यही वजह थी कि यहां लिखी जाने वाली चिट्ठियां भी सिर्फ समाचार नहीं होती थीं, वे अपने भीतर भाषा का एक पूरा संसार लेकर चलती थीं। शायद यही वजह थी कि यहां की चिट्ठियों में भी भाषा का वही अपनापन और ठहराव दिखाई देता था, जिसके लिए प्रयागराज जाना जाता है। पत्र लिखने वाला व्यक्ति भले कोई कवि या लेखक न हो, लेकिन उसके शब्दों में एक अलग ठहराव, एक अलग लय होती थी। लोग जल्दबाजी में नहीं लिखते थे। हर वाक्य सोचकर लिखा जाता था, हर संबोधन में अपनापन होता था और हर पत्र में इतना अवकाश होता था कि पढ़ने वाला शब्दों के बीच छिपे भाव भी महसूस कर सके।
कई बार लगता था कि चिट्ठियां रिश्तों की सबसे सधी हुई भाषा थीं। उनमें उर्दू शायरी की नफासत भी थी, हिंदी की सहजता भी और बोलचाल की वह आत्मीयता भी, जो सीधे दिल तक पहुंचती थी। लोग लिफाफों के किनारों तक शब्द भर देते थे, ताकि कोई कोना खाली न रह जाए। शब्दों की बचत नहीं, भावनाओं की पूरी अभिव्यक्ति महत्वपूर्ण होती थी। शायद इसी कारण उस दौर की बहुत-सी चिट्ठियां आज पढ़ी जाएं, तो वे किसी संस्मरण, किसी कहानी या किसी छोटी-सी नज्म की तरह लगती हैं।
प्रयागराज के ‘संगम तीरे’ स्तंभ में अन्य फीचर लेखों को पढ़ने के लिए यहां पर करें क्लिक
मिर्जा गालिब ने कभी कहा था कि उन्होंने पत्र को बातचीत बना दिया। सच भी यही है। उस समय की चिट्ठियां एकतरफा संदेश नहीं होती थीं, बल्कि दो लोगों के बीच चलने वाली लंबी बातचीत का हिस्सा होती थीं। एक पत्र लिखा जाता, फिर उसके जवाब का इंतजार होता और फिर उसी बातचीत का अगला अध्याय शुरू होता। शायद इसलिए चिट्ठियां सिर्फ कागज पर लिखे शब्द नहीं थीं, वे रिश्तों, स्मृतियों और समय को सहेजने का सबसे सुंदर तरीका थीं।
प्रयागराज की गलियों में एक और लोक-किस्सा अक्सर सुनाया जाता है कि एक बार एक बुजुर्ग पोस्टमैन कई दिनों तक एक ही घर की चिट्ठी लेकर आता रहा, लेकिन घर के लोग उसे हर बार “आज कुछ नहीं आया” कहकर लौटा देते थे। बाद में पता चला कि चिट्ठी दरअसल उसी घर के भीतर किसी पुराने बक्से में ही गिर गई थी। यह कहानी सच हो या स्मृति, लेकिन यह उस समय की एक सच्चाई जरूर बताती है कि चिट्ठी सिर्फ बाहर नहीं, घर के भीतर भी इंतजार बनकर रहती थी।
‘डबल टिक’ के दौर में खालीपन
अब समय बदल चुका है। डाक विभाग डिजिटल हो गया है। स्पीड पोस्ट, ट्रैकिंग और ऑनलाइन सिस्टम ने काम आसान कर दिया है। लेकिन बड़े लाल पोस्टबॉक्स और पुराने दफ्तर धीरे-धीरे कम होते जा रहे हैं।
अब संदेश मोबाइल स्क्रीन पर आते हैं – और कुछ ही सेकंड में “seen” या “डबल टिक” हो जाता है। जवाब न आए तो बेचैनी बढ़ जाती है।
आज दूरी किलोमीटर में नहीं, जवाब के समय में मापी जाती है। तकनीक ने दुनिया को तेज कर दिया है, लेकिन उस इंतजार को पीछे छोड़ दिया है जो रिश्तों को गहराई देता था।
क्या हम सच में आगे बढ़ गए हैं?
डाक विभाग में वरिष्ठ अधिकारी रहे नैनी के विद्याधर पांडेय बताते हैं कि अब तस्वीर पूरी तरह बदल चुकी है। पहले जहां हर दिन ढेरों पत्र आते थे, अब उनकी जगह स्पीड पोस्ट, पार्सल और सरकारी दस्तावेजों ने ले ली है। उन्होंने कहा – “अब लोग चिट्ठी नहीं लिखते, बस जरूरी कागज आते हैं। भावनाएं अब मोबाइल में चली गई हैं।” नई पीढ़ी के लिए पोस्टकार्ड और अंतरदेशीय पत्र अब किसी संग्रहालय की चीज हैं। संवाद अब तुरंत है – छोटे शब्द, छोटे जवाब, तेज रिएक्शन।
लेकिन संगम के किनारे बैठकर जब पानी की लहरें देखी जाती हैं, तो एक सवाल खुद उठता है – क्या हमने सच में आगे बढ़कर कुछ पाया है, या सिर्फ वह इंतजार खो दिया है जो रिश्तों को धीरे-धीरे मजबूत करता था?
पुराने डाकघरों की दीवारें आज भी उस समय की गूंज अपने भीतर समेटे हैं, जब चिट्ठियां सिर्फ कागज नहीं थीं – वे जीवन की सबसे बड़ी खबरें होती थीं। गंगा अब भी बह रही है, हवा अब भी धीमी है, और प्रयागराज अब भी अपने भीतर उस इतिहास को संभाले हुए है जब पहली बार किसी संदेश ने जमीन छोड़कर उड़ना सीखा था। और शायद तभी से इस शहर की स्मृतियों में चिट्ठियां सिर्फ डाक नहीं, बल्कि समय और रिश्तों की सबसे भरोसेमंद वाहक बनकर दर्ज हैं।
