निर्मल वर्मा हिंदी साहित्य के उन कालजयी लेखकों में से एक थे, जिन्होंने मनुष्य के भीतर चलने वाली खामोश हलचलों, अकेलेपन, उदासी, स्मृतियों और रिश्तों की अनकही पीड़ा को अपनी रचनाओं का विषय बनाया। वह एक ऐसे साहित्यकार थे, जिन्होंने मनुष्य के मनोविज्ञान और संवेदनाओं को गहराई से समझा। निर्मल वर्मा का जन्म 3 अप्रैल 1929 को हुआ और उनकी मृत्यु 25 अक्टूबर 2005 को नई दिल्ली में हुई। निर्मल वर्मा का लेखन सामान्य घटनाओं या रोमांचक कथानकों के ईर्द-गिर्द नहीं घूमता बल्कि वे उन भावनाओं को पकड़ते थे, जिन्हें मनुष्य अक्सर दूसरों से कह नहीं पाता। वे आधुनिक हिंदी साहित्य में मनोवैज्ञानिक और संवेदनात्मक लेखन के लिए विशेष रूप से पहचाने जाते हैं। उन्हें हिंदी साहित्य के नई कहानी आंदोलन के प्रमुख स्तंभों में गिना जाता है। पढ़ो कहानी में आज हम जानेंगे उनकी पांच ऐसी कहानियों के बारे में जिन्हें जिसमें गहरी मानवीय संवेदनाएं छिपी हुई हैं।
1- परिंदे
निर्मल वर्मा की कहानी ‘परिंदे’ हिंदी साहित्य की प्रसिद्ध कहानियों में गिनती होती है। इसे कहानी में प्रेम, अकेलापन, स्मृतियां, भावनात्मक दूरी और मानवीय रिश्तों की अनिश्चितता को बहुत संवेदनशील ढंग से प्रस्तुत किया गया है। कहानी का परिवेश पहाड़ी शहर और वहां स्थित एक स्कूल है। इसकी प्रमुख पात्रा लतिका है, जो स्कूल के हॉस्टल में रहती है और वहां काम करती है। उसके जीवन में एक पुरानी प्रेम स्मृति है, जिससे वह अब तक पूरी तरह मुक्त नहीं पाई है। लतिका के जीवन में कैप्टन गिरीश के एक समय प्रेम और अपनापन भरा था, लेकिन उनकी मृत्यु के बाद उसकी जिंदगी में एक खालीपन आ गया। वह अपने अतीत की यादों में उलझी रहती है। समय आगे बढ़ रहा है, लेकिन उसका मन अतीत के एक हिस्से में ठहरा हुआ है।
2- जलती झाड़ी
कथाकार और उपन्यासकार निर्मल वर्मा की ‘जलती झाड़ी’ उनकी प्रसिद्ध कहानियों में से एक है। यह कहानी एक अनजान शहर में आए यात्री के अनुभवों और उसकी मानसिक उथल-पुथल पर आधारित है। यात्री शहर के किनारे स्थित एक छोटे से टापू पर जाता है, जहां उसकी मुलाकात एक बूढ़े मछुआरे से होती है। वहां वह कुछ लड़कों को भी देखता है, जो सूखे पत्तों से खेलते और उन्हें पानी में बहाते हैं। शाम के समय झाड़ीस के भीतर से कुछ अजीब आवाजें सुनाई देती हैं, जिन्हें सुनकर यात्रा भयभीत और विचलित हो जाता है। वह वहां से भाग निकलता है और पूरी रात बेचैनी में भटकता रहता है। कहानी के माध्यम से निर्मल वर्मा मनुष्य के अकेलेपन, अजनबीपन, भय और मन की रहस्यमय अनुभूतियों को उकेरा है।
3- दो घर
‘दो घर’ कहानी एक ऐसे भारतीय व्यक्ति की कहानी है, जो विदेश में रहते हुए दो अलग-अलग घरों और परिवारों के बीच बंटकर रह जाता है। कहानी का कथावाचक लंदन में उसकी मुलाकात एक भारतीय व्यक्ति से करता है, जिसके दो घर हैं- एक कोलकाता में और दूसरे विदेश में। वह व्यक्ति विवाहित है, लेकिन विदेश में एक दूसरे स्त्री और उसके बच्चों के साथ भी उसका पारिवारिक जीवन बन गया है। इस तरह वह दो अलग-अलग जीवन जीने की कोशिश करता है, लेकिन किसी भी घर से पूरी तरह जुड़ नहीं पाता। वह अपने देश लौटना चाहता है, लेकिन परिस्थितियां उसे ऐसा करने नहीं देतीं। कहानी के माध्यम से निर्मल वर्मा ने प्रवासी जीवन, टूटते पारिवारिक संबंधों, विवाहेतर संबंधों और मनुष्य के अपनेपन की तलाश को बेहद संवेदनशील ढंग से प्रस्तुत किया है।
4- वीकएंड
‘वीकएंड’ एक ऐसी स्त्री की कहानी है, हर सप्ताह के अंत में अपने विवाहित प्रेमी से मिलने आती है और उसके साथ कुछ समय बिताती है। कहानी की शुरुआत रविवार की सुबह से होती है, जब स्त्री अपने प्रेमी के कमरे से वापस जाने की तैयारी कर रही होती है और प्रेमी अभी सो रहा होता है। इस दौरान वह बीते हुए सप्ताहांत की घटनाओं, अपने प्रेमी के साथ बिताए पलों और अपने रिश्ते के बारे में सोचती है। उसका प्रेमी विवाहित है और उसका अपना परिवार तथा बच्ची है। वह सप्हात के बाकी दिनों में अपने पारिवारिक जीवन में रहता है, जबकि स्त्री सप्ताहांत में उसके साथ कुछ समय बिताकर फिर अकेली लौट जती है। कहानी के माध्यम से निर्मल वर्मा ने आधुनिक शहरी जीवन, विवाहेतर संबंधों, प्रेम की जटिलता, भावनात्मक असुरक्षा और स्त्री के अकेलेपन को संवेदनशील ढंग से प्रस्तुत किया है।
5- माया दर्पण
‘माया दर्पण’ कहानी में निर्मल वर्मा ने स्त्री की स्वतंत्रता, पीढ़ियों के बीच टकराव, सामंती मानसिकता, अकेलेपन और पारिवारिक रिश्तों की जटिलता को संवेदनशीलता से चित्रित किया है। ‘ माया दर्पण’ की मुख्य पात्र तरन हैं, जो अपने पिता दीवान साहब और बुआ के साथ एक छोटे, उजाड़ कस्बे में रहती हैं। उसके पिता पुराने सामंती संस्कारों और प्रतिष्ठा से बंधे हुए हैं। मां की मृत्यु के बाद पिता और बेटी के बीच भावनात्मक दूरी और बढ़ जाती है। तरन का भाई भी परिवार से दूर असम में रहता है। घर में रहते हुए भी तरन खुद को अकेला और बंधा हुआ महसूस करती है। इसकी दौरान उसकी मुलाकात एक युवा इंजीनियर से होती है, जिसके साथ बातचीत और समय बिताने पर उसे जीवन में एक नई संभावना दिखाई देने लगती है।
बताते चलें कि इस कहानी पर 1973 में कुमार शहानी ने ‘माया दर्पण’ नाम से फिल्म भी बनाई थी, जिसे सर्वश्रेष्ठ हिंदी फीचर फिल्म का राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार मिला था।
(सुधी पाठक हर बुधवार को ‘पढ़ो कहानी’ श्रृंखला की कहानियां जनसत्ता ऑनलाइन पर पढ़ सकते हैं।)
यह भी पढ़ें: प्रेम, विवाह और आजादी के बीच उलझते रिश्तों की दास्तां, पढ़ें प्रवीण ‘बनजारा’ की कहानी ‘सहयात्री’
दो तीन साल के रोमांस के बाद ब्याह करती तो भी ऐसा ही अनुभव होता जैसे कि किसी अनजान आदमी के साथ रहना शुरु कर रही हो। कोई फर्क नहीं पड़ता। एक दूसरे को नए सिरे से पहचानना पड़ता है, पति पत्नी की तरह। यह सदा ही एक… आगे की कहानी यहां पढ़ें
