मृत्यु इंसान के भौतिक अस्तित्व को तो जुदा कर देती है, लेकिन उससे जुड़ा व्यक्ति उसकी स्मृतियों में उलझा रह जाता है। फिर बिखरी स्मृतियों को जोड़ें कैसे? ऐन कार्सन अपने उपन्यास ‘नाक्स’ में अपने भाई की मृत्यु के बाद उसकी स्मृतियों को जोड़ती हैं। लेकिन इसे जोड़ने के बाद भी पाठक कार्सन और उनके भाई के बीच उस संबंध को भी महसूस करते हैं, जो अधूरे रह गए हैं।

ऐन कार्सन को 2026 का साहित्य का नोबेल पुरस्कार दिया गया है। कार्सन के साहित्य में शोक एक व्यक्तिगत संबंध की तरह आता है। भाषा के माध्यम से वह शोक को ऐसे लाती हैं, जैसे उसका कितना लंबा साथ रहा हो।

ऐन कार्सन का जन्म 21 जून 1950 को कनाडा के टोरंटो में हुआ था। वे कवयित्री, निबंधकार, अनुवादक और आलोचक हैं। उनके लेखन पर प्राचीन यूनानी साहित्य का गहरा प्रभाव रहा है। इस आधुनिक समय को वह प्राचीन साहित्य से समझने की कोशिश करती हैं। कार्सन किशोरावस्था में ही प्राचीन यूनानी कवयित्री सैफो की रचनाओं से प्रभावित हुई थीं।

सैफो को समझने के लिए उन्होंने प्राचीन यूनानी भाषा का अध्ययन किया। अपने लेखन में उन्होंने कई विधागत सीमाओं को तोड़ा। उनकी किसी रचना में नाटकों जैसे संवाद दिख जाते हैं, तो जब वे अपने निजी जीवन में मिथकीय चरित्र को लेकर आती हैं, तो यह कविता और उपन्यास के बीच की रचना लगती है।

उनकी रचना ‘ऑटोबायोग्राफी ऑफ रेड’ में गेरियोन नाम का लाल पंखों वाला मिथकीय राक्षसी चरित्र आता है, जो आधुनिक दुनिया में एक किशोर है। यह मिथक कार्सन की आत्मखोज की कथा बन जाता है। यहीं पाठक पहचान के द्वंद्व में भी आते हैं। क्या किसी असामान्य व्यक्ति को यह समाज राक्षस की तरह देखने लगता है? कार्सन की रचनाओं में गुजरा अतीत और आज दोनों सहोदर लगने लगते हैं।

यह भी पढ़ें: कनाडाई लेखिका ऐन कार्सन को मिला 2026 का साहित्य नोबेल पुरस्कार, जानें कौन हैं और उनकी प्रमुख रचनाएं

कनाडा की कवयित्री, निबंधकार और क्लासिकल साहित्य की विदुषी एन कार्सन को 2026 के साहित्य के नोबेल पुरस्कार से सम्मानित करने की घोषणा की गई है। नोबेल समिति ने कहा कि कार्सन को उनके साहसी और नए रूप से गढ़े लेखन के लिए, जिसने क्लासिकल परंपरा के साथ दिलचस्प संवाद करते हुए समकालीन साहित्य के लिए नए रूप गढ़े हैं के लिए ये पुरस्कार दिया जा रहा है। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां पर करें क्लिक