2004 में ‘द पेरिस रिव्यू’ को दिए एक साक्षात्कार में ऐन कार्सन ने बताया था कि वह क्यों लिखती हैं। उन्होंने कहा था, “मैं यह जानने के लिए लिखती हूं कि किसी चीज के बारे में मैं क्या सोचती हूं।”
पिछले चार दशकों से अधिक समय से कवयित्री, प्राचीन यूनानी साहित्य की विद्वान, निबंधकार और अनुवादक के रूप में सक्रिय 76 वर्षीय कार्सन ने अपने समय की दुनिया को समझने के लिए अतीत का सहारा लिया है। उन्होंने प्राचीन यूनान के साहित्य से प्रेरणा ली, लेकिन खुद को किसी तय साहित्यिक शैली या कविता, कथा, आलोचना और संस्मरण के बीच की सीमाओं में नहीं बांधा।
इस साल साहित्य के नोबेल पुरस्कार ने ऐन कार्सन के इसी प्रयोगधर्मी लेखन को मान्यता दी है। पुरस्कार देते हुए कहा गया कि कार्सन ने ‘अपनी साहसी और नए प्रयोग करने वाली रचनाओं के जरिए प्राचीन साहित्यिक परंपरा से रचनात्मक संवाद किया और समकालीन साहित्य के लिए नए रूप गढ़े।’
यूनानी भाषा से शुरू हुआ सफर
ऐन कार्सन का जन्म जून 1950 में टोरंटो में हुआ था। उनके पिता बैंक में काम करते थे और मां घर संभालती थीं। वह अपने माता-पिता की दूसरी संतान थीं। उनका बचपन कनाडा के कई छोटे शहरों में बीता। परिवार के बार-बार शहर बदलने के कारण उन्हें कई बार स्कूल भी बदलने पड़े। लेकिन इसी दौरान उनकी मुलाकात एक ऐसी शिक्षिका से हुई, जिन्होंने उनकी जिंदगी की दिशा बदल दी।
2011 में साहित्यिक पत्रिका ब्रिक को दिए एक साक्षात्कार में ऐन कार्सन ने बताया कि पोर्ट होप हाई स्कूल में लैटिन पढ़ाने वाली उनकी शिक्षिका एलिस कोवान ने उनके साहित्यिक करियर को दिशा दी और उन्हें जीवन में खुशी पाने में मदद की।
उस समय कार्सन खुद को ऑस्कर वाइल्ड का नया जन्म मानती थीं। उन्होंने बताया, “मैंने सोचा कि अगर मैं यूनानी भाषा सीख लूं, तो और भी ऑस्कर वाइल्ड जैसी बन सकती हूं। मुझे लगा कि इसके बाद यही करना स्वाभाविक होगा।”
इसके बाद कार्सन ने दोपहर के भोजन के समय यूनानी भाषा सीखना शुरू किया। यहीं से प्राचीन यूनानी साहित्य के साथ उनका ऐसा रिश्ता बना, जो जीवन भर कायम रहा।
आगे चलकर ऐन कार्सन ने टोरंटो विश्वविद्यालय में प्राचीन साहित्य का अध्ययन किया। 1981 में उन्होंने अपनी डॉक्टरेट की शोध पूरी की। इसका विषय प्राचीन यूनानी कवयित्री सैफो थीं।
कार्सन की पहली किताब इरोस द बिटरस्वीट 1986 में प्रकाशित हुई। यह उनके अकादमिक काम पर आधारित थी और इसमें प्राचीन साहित्य के नजरिये से प्रेम और इच्छा को समझने की कोशिश की गई थी। इस किताब ने उनके लेखन की एक ऐसी सोच को सामने रखा, जो आगे भी उनकी रचनाओं का अहम हिस्सा बनी रही। उनके मुताबिक, इच्छा की भावना दूरी से पैदा होती है और उसे कल्पना आकार देती है।
ऐन कार्सन ने लिखा, “हम जो शब्द पढ़ते हैं और जो शब्द लिखते हैं, वे कभी ठीक-ठीक वह नहीं कह पाते, जो हम कहना चाहते हैं। जिन लोगों से हम प्रेम करते हैं, वे कभी पूरी तरह वैसे नहीं होते, जैसा हम उन्हें चाहते हैं। दोनों प्रतीक कभी पूरी तरह एक-दूसरे से मेल नहीं खाते। प्रेम की इच्छा इन्हीं के बीच मौजूद होती है।”
ऐन कार्सन की किताबों ने बदले साहित्य के नियम
अगर इरोस द बिटरस्वीट ने ऐन कार्सन को परंपरागत सोच को चुनौती देने वाली लेखिका के रूप में पहचान दिलाई, तो 1998 में प्रकाशित ‘ऑटोबायोग्राफी ऑफ रेड’ ने उन्हें एक बिल्कुल अलग और मौलिक साहित्यिक आवाज के रूप में स्थापित कर दिया। यह पद्य के रूप में लिखा गया उपन्यास है।
ऑटोबायोग्राफी ऑफ रेड में कार्सन ने प्राचीन यूनानी मिथक के पात्र गेरियोन की कहानी को नए ढंग से पेश किया। गेरियोन लाल पंखों वाला एक राक्षस था, जिसे हेराक्लीज ने मार डाला था। कार्सन ने इस मिथक को एक संवेदनशील किशोर की कहानी में बदल दिया, जिसे हेराक्लीज से प्रेम हो जाता है। इस तरह मिथक, किशोरावस्था, यौनिकता और दिल टूटने के अनुभव एक साथ मिलकर बड़े होने की भावनात्मक कहानी बन जाते हैं।
इसके बाद 2001 में द ब्यूटी ऑफ द हसबैंड प्रकाशित हुई। ऐन कार्सन ने इसे ‘एक काल्पनिक निबंध’ कहा था। इस किताब के लिए वह टी. एस. एलियट पुरस्कार जीतने वाली पहली महिला बनीं।
2010 में कार्सन की किताब नॉक्स आई, जबकि 2013 में प्रकाशित रेड डॉक> में उन्होंने ऑटोबायोग्राफी ऑफ रेड के पात्रों की कहानी को आगे बढ़ाया। इन रचनाओं में नॉक्स अपने अनोखे रूप और प्रस्तुति के कारण खास तौर पर ध्यान खींचती है।
कार्सन ने अपने भाई माइकल की मृत्यु के बाद ‘नॉक्स’ लिखी। भाई के साथ लंबे समय से संबंध अच्छे नहीं रहे थे। इस किताब में तस्वीरें, पत्र, अनुवाद, अधूरे अंश और हाथ से लिखी सामग्री शामिल हैं। इसे इस तरह तैयार किया गया है कि यह अकॉर्डियन की तरह खुलती और मुड़ती है। इस किताब का मुख्य विषय किसी अपने की मृत्यु के बाद महसूस होने वाला दुख है। लेकिन इसके साथ ही यह इस सवाल पर भी विचार करती है कि भाषा के सहारे किसी दूसरे व्यक्ति की यादों और उसके अस्तित्व को किस हद तक सहेजकर रखा जा सकता है।
कार्सन ने सैफो, यूरिपिडीज और प्राचीन साहित्य के दूसरे लेखकों की रचनाओं का अनुवाद भी किया है। उनके प्रमुख अनुवादों में इफ नॉट, विंटर: फ्रैगमेंट्स ऑफ सैफो और एन ओरेस्टिया शामिल हैं।
2024 में प्रकाशित उनकी किताब रॉन्ग नॉर्मा में कविता और गद्य के मेल से लिखी गई 25 रचनाएं हैं। इस किताब के लिए उन्हें 2025 में नेशनल बुक क्रिटिक्स सर्कल पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
ऐन कार्सन को खास क्या बनाता है?
कार्सन की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि वह साहित्य की अलग-अलग विधाओं के बीच आसानी से आवाजाही करती हैं। वह खुद को कवयित्री कहने से भी अक्सर बचती रही हैं। हालांकि, 2004 में द पेरिस रिव्यू को दिए साक्षात्कार में उन्होंने कहा था कि वह अपने जीवन के बड़े हिस्से में कविता में लिखती रही हैं, लेकिन अजीब-ओ-गरीब तरीके से।
ऐन कार्सन साहित्य की तय श्रेणियों और बौद्धिकता तथा भावनाओं के बीच खींची गई लकीर को स्वीकार नहीं करतीं। उनकी कविता अचानक निबंध का रूप ले सकती है, निबंध अनुवाद में बदल सकता है तथा अनुवाद आत्मकथा बन सकता है। इसी तरह प्राचीन मिथक आधुनिक प्रेम कहानी में बदल जाता है।
इन सभी प्रयोगों के बीच कार्सन अपनी भावनाओं को सीधे बयान करने से बचती हैं। वह प्रेम की इच्छा, किसी अपने के दूर चले जाने या मृत्यु से पैदा हुए दुख जैसे विषयों पर लिखती हैं, लेकिन उनका अंदाज उन विषयों पर लिखे जाने वाले आत्मकथात्मक साहित्य की तरह भावुक नहीं होता। इसके बजाय उनकी रचनाओं में ये भावनाएं सैफो की किसी अधूरी कविता, किसी पौराणिक पात्र, एक तस्वीर या लेखन के रूप में अचानक आए बदलाव के जरिए सामने आती हैं।
ऐन कार्सन का लेखन यह दिखाता है कि प्राचीन साहित्य आज भी हमारे समय से गहराई से जुड़ा हुआ है। कविता तक पहुंचने या उसमें अपनी जगह बनाने का कोई एक तय रास्ता नहीं है। या फिर, जैसा कि उन्होंने ऑटोबायोग्राफी ऑफ रेड में लिखा है, “यथार्थ एक आवाज है। आपको उसे सुनने के लिए खुद को उसके अनुरूप ढालना होगा, सिर्फ चिल्लाते रहना काफी नहीं है।”
यह भी पढ़ें-मृत्यु के 90 साल बाद भी प्रेमचंद का साहित्य प्रासंगिक क्यों है?
भारतीय साहित्य की ‘दुनिया के सबसे अनमोल रत्नों’ में शुमार प्रेमचंद को गुजरे आज 90 साल हो गए। इन नौ दशकों में साहित्य की दुनिया में बहुत कुछ बदला। उपन्यासों और कहानियों की कथावस्तु, शैली, भाषा और उद्देश्य समय के साथ बदलते गए, लेकिन एक चीज आज भी कायम है, प्रेमचंद की प्रासंगिकता और लोकप्रियता। पूरी खबर के लिए यहाँ क्लिक करें।
