कभी किसी शासक की असलियत जानने के लिए उसके महल में नहीं, उसके बनाए हुए संसार के बाहर जाना पड़ता है। कभी मनुष्य की महानता का भ्रम तोड़ने के लिए उसे किसी बौने संसार में विशालकाय बनाकर खड़ा करना पड़ता है। साहित्य की ताकत यही है कि वह हमारे परिचित संसार को अपरिचित बनाकर दिखाता है और तब हमें उसकी सच्चाई दिखाई देने लगती है।

अंग्रेजी साहित्य के व्यंग्यकार जोनाथन स्विफ्ट ने लगभग तीन सौ साल पहले यही किया था। 28 अक्तूबर 2026 को उनकी कालजयी कृति ‘गुलिवर्स ट्रैवल्स’ के प्रकाशन के तीन सौ वर्ष पूरे हुए। 1726 में पहली बार प्रकाशित यह पुस्तक आज भी पाठकों को आकर्षित करती है। तीन सौ साल बाद भी इसकी लोकप्रियता का कारण मनुष्य, समाज और सत्ता के बारे में उठाए गए वे सवाल हैं, जिनके उत्तर तीन सदी बाद भी हमारे पास नहीं हैं।

गुलिवर की पहली यात्रा उसे लिलिपुट ले जाती है, जहां के निवासी आकार में बेहद छोटे हैं। उनके सामने गुलिवर एक विशालकाय मनुष्य है। लिलिपुट में अंडे को किस सिरे से तोड़ना चाहिए, इस पर विवाद एक राजनीतिक और सामाजिक विभाजन का रूप ले लेता है।

अमर किरदार: सड़क पर घर खोजता रेमी की कहानी क्यों आज भी रुलाती है

देखने में यह विवाद हास्यास्पद है, लेकिन इसके भीतर स्विफ्ट एक गंभीर प्रश्न रखते हैं, मनुष्य कितनी छोटी बातों को प्रतिष्ठा, पहचान और सत्ता का प्रश्न बना सकता है? किसी मामूली अंतर को इतना बड़ा कैसे बना दिया जाता है कि उसके लिए संघर्ष करना, शत्रु पैदा करना और युद्ध तक करना उचित लगने लगे?

गुलिवर की दूसरी यात्रा उसे ब्राब्डिंगनैग ले जाती है, जहां के लोग उसके मुकाबले विशालकाय हैं। इस उलट में स्विफ्ट का व्यंग्य और गहरा हो जाता है। आकार बदलते ही शक्ति, प्रतिष्ठा और आत्मविश्वास का अर्थ भी बदल जाता है। मनुष्य जिसे अपनी महानता समझता है, वह दूसरे की दृष्टि में कितना तुच्छ हो सकता है! गुलिवर की तीसरी यात्रा उसे लापुटा और उससे जुड़े संसारों तक ले जाती है।

अमर किरदार: परिवार की खुशियों के लिए जूझता करीम कैसे ख्वाहिशों के जाल में उलझता चला जाता है | The Song of Sparrows

यहां स्विफ्ट उन विद्वानों, वैज्ञानिकों और प्रयोगकर्ताओं पर व्यंग्य करते हैं, जिनका ज्ञान वास्तविक जीवन की जरूरतों और समस्याओं से कट जाता है। उनकी बौद्धिक गतिविधियां असाधारण हो सकती हैं, लेकिन उनका व्यावहारिक उपयोग संदिग्ध दिखाई देता है।

गुलिवर की चौथी यात्रा उसे हौइनहम्स के संसार में ले जाती है। यहां बुद्धिमान घोड़ों के सामने मनुष्य जैसे जीव ‘याहू’ अपने स्वार्थ और हिंसक प्रवृत्तियों के कारण एक असहज तस्वीर प्रस्तुत करते हैं।

पोलियाना: जब एक बच्ची ने सिखाया, मुश्किलों के बीच भी उम्मीद बची रहती है | अमर किरदार

स्विफ्ट सभ्यता के उस कथित आत्मविश्वास पर चोट करते हैं, जिसके आधार पर मनुष्य स्वयं को दूसरे जीवों से श्रेष्ठ मानता है। स्विफ्ट गुलिवर की इन यात्राओं से संदेश देते हैं कि सभ्यता का संकट तब पैदा होता है, जब मनुष्य अपने विवेक का इस्तेमाल दूसरों के दुख को समझने के बजाय अपने विशेषाधिकारों को उचित और न्यायोचित साबित करने के लिए करने लगता है।