हिंदी साहित्य के कालजयी लेखकों में से एक जयशंकर प्रसाद हिंदी कवि, नाटककार, कहानीकार, उपन्यासकार तथा निबन्ध लेखक थे। वे हिंदी के छायावादी युग के चार प्रमुख स्तंभों में से एक माने जाते हैं। जयशंकर प्रसाद का जन्म बनारस में 30 जनवरी 1889 को हुआ और उनकी मृत्यु 15 नवंबर 1937 को हुई। वह हिंदी साहित्य के उन महान रचनाकारों में से एक हैं जिन्होंने मानवीय संवेदना, नैतिक द्वंद्व, सामाजिक बदलाव, प्रेम और इतिहास को अपनी रचनाओं का विषय बनाया। उनकी कहानियां अपने समय की सामाजिक और मानवीय सच्चाइयों को दर्ज करने के साथ-साथ पाठक को भीतर तक झकझोरती हैं। आइए जानते हैं जयशंकर प्रसाद की पांच चर्चित कहानियों के बारे में, जो हिंदी साहित्य में अपनी अलग पहचान रखती हैं और जिनके भीतर जीवन, समाज और मनुष्य को समझने का कोई न कोई गहरा संदेश छिपा है।

1- आकाशदीप

जयशंकर प्रसाद की कहानी ‘आकाशदीप’ प्रेम, त्याग, कर्तव्य और मानवीय संवेदना पर आधारित है। इसका मूल भाव यह है कि सच्चा प्रेम केवल किसी व्यक्ति को पाने का नाम नहीं, बल्कि त्याग और दूसरे के जीवन में प्रकाश लाने की भावना भी है। इस कहानी की शुरुआत समुद्र से होती है। चंपा एक साहसी युवती है, जो समुद्री जीवन और संघर्ष से जुड़ी हुई है। वह अपने अतीत की पीड़ा के कारण पुरुषों के प्रति अविश्वास और मन में प्रतिशोध भी भावना रखती है। बुधगुप्त एक शक्तिशाली समुद्री व्यक्ति है। परिस्थितियों के कारण चंपा और बुधगुप्त एक-दूसरे के करीब आते हैं। दोनों के बीच प्रेम पनपने लगता है, लेकिन चंपा के मन में अपने अतीत की घटनाओं और बुधगुप्त के प्रति संदेह का द्वंद्व बना रहता है।

2- ममता

ममता एक प्रसिद्ध ऐतिहासिक कहानी हैत। इसमें ममता नाम की विधवा स्त्री, उसका आत्मसम्मान और एक अनजान व्यक्ति के प्रति उसका मानवीय व्यवहार कहानी का केंद्र है। काहानी की पृष्ठभूमि मुगल काल से जुड़ी है। दरअसल, कहानी की नायिका ममता एक ब्राह्माण विधवा है। पिता की मृत्यु के बाद बड़े से कठिन परिस्थिति में वह अपना जीवन बिताती है। उसका परिवार और आसपास का वातावरण राजनीति उथल-पुथल से प्रभावित होता है। ममता एक स्वाभिमानी और संवेदनशील स्त्री है। एक दिन एक अजनबी व्यक्ति रात के समय उसके पास शरण मांगने आता है। वह व्यक्ति थका हुआ और परेशान होता है। ममता के मन में उसके प्रति करुणा जागती है और वह अपने घर में उसे आश्रय देती है। बाद में पता चलता है कि वह कोई और नहीं बल्कि मुगल सम्राट हुमायूं होता है, जो अपने विरोधियों से बचता हुआ वहां पहुंचा था।

3- सालवती

जयशंकर प्रसाद की ‘सालवती’ ऐतिहासिक पृष्ठभूमि पर आधारित कहानी है, जिसमें प्रेम, सैंदर्य वासना और मानवीय भावनाओं के बीच का द्वंद्व नजर आता है। कहानी की नायिका सालवती अपने समय की अत्यंत सुंदर और आकर्षक युवती है। उसका सौंदर्य लोगों के आकर्षण का केंद्र बन जाता है। लेकिन इसी सौंदर्य के कारण एक समय बाद उसके जीवन में सामाजिक और व्यक्तिगत कठिनाइयों का सिलसिला शुरू हो जाता है।

4- मधुआ

मधुआ एक मार्मिक कहानी है, जिसमें गरीबी, बाल श्रम, शोषण और मानवीय करुणा की झलक देखने को मिलती है। कहानी का मुख्य पात्र मधुआ एक गरीब और असहाय लड़का है। गरीबी ने उसके बचपन को मुश्किलों से भर दिया है। उसे छोटी उम्र में ही मेहनत-मजदूरी और जीवन के संघर्षों का समाना करना पड़ता है। कहानी के माध्यम से जयशंकर प्रसाद कहना चाहते हैं कि, गरीबी केवल पैसे की कमी नहीं होती, बल्कि यह बच्चे से उसका बचपन, सुरक्षा और कई बार उसकी इच्छाएं भी छीन लेती है।

5-पुरस्कार

जयशंकर प्रसाद की प्रसिद्ध कहानियों में से एक ‘पुरस्कार’ कहानी में प्रेम, कर्तव्य, देशभक्ति, त्याग और व्यक्तिगत भावनाओं के संघर्षों को दिखाया गया है। कहानी की नायिका मधूलिका कोशल राज्य के एक किसान की बेटी है। उसके पिता सिंहमित्र राज्य के वीर सेनानी रहे थे। इसलिए मशूलिका के मन में अपने देश और उसकी मिट्टी के प्रति गहरा लगाव है। एक अवसर पर राजा की ओर से किसानों को उनकी जमीन के बदले धन देने की परंपरा के तहत मधूलिका के खेत पर भी राजकीय अधिकार की बात आती है। उसे जमीन के बदले सोने की मुद्राएं देने की पेशकश की जाती है। लेकिन वह अपनी जमीन को केवल संपत्ति नहीं मानती, बल्कि उससे जुड़ी अपनी स्मृतियों और आत्मसम्मान के कारण राजकीय पुरस्कार स्वीकार नहीं करती है।

(सुधी पाठक हर बुधवार को ‘पढ़ो कहानी’ श्रृंखला की कहानियां जनसत्ता ऑनलाइन पर पढ़ सकते हैं।)

यह भी पढ़ें- पढ़ो कहानी: ‘मैं हार गई’ से ‘घुटन’ तक, पढ़ें मन्नू भंडारी की 5 कालजयी कहानियां

‘मैं हार हाई’ में स्त्री मन, आत्मसम्मान, प्रेम और रिश्तों में होने वाले भावनात्मक संघर्ष को दिखाया गया है। कहानी में एक स्त्री के भीतर चलने वाले द्वंद्व और अपनी भावनाओं के सामने स्वयं को असहाय महसूस करने की… आगे की कहानी यहां पढ़ें