प्रयागराज की शिक्षा-परंपरा को केवल विश्वविद्यालयों की संख्या से नहीं समझा जा सकता। इस शहर में पढ़ाई की दुनिया कई दिशाओं में फैली हुई है। कहीं संगीत और कला की साधना है, कहीं भाषा, साहित्य और संस्कृत के अध्ययन की परंपरा; कहीं चिकित्सा और आयुष की शिक्षा है, तो कहीं इंजीनियरिंग, विज्ञान और शोध के जरिए नए सवालों के जवाब तलाशे जा रहे हैं। तकनीकी शिक्षा के राष्ट्रीय महत्व के संस्थानों से लेकर स्कूली शिक्षा के बड़े प्रशासनिक केंद्रों तक, यहां शिक्षा की कई धाराएं एक साथ दिखाई देती हैं। यही विविधता प्रयागराज को देश के शिक्षा मानचित्र पर एक अलग पहचान देती है।
इस शैक्षणिक विस्तार की एक मजबूत ऐतिहासिक नींव इलाहाबाद विश्वविद्यालय ने रखी। 23 सितंबर 1887 को स्थापित यह देश का चौथा सबसे पुराना विश्वविद्यालय है। कलकत्ता, बंबई और मद्रास विश्वविद्यालय के बाद इसकी स्थापना हुई थी। लंबे अंतराल के बाद 2005 में इसे फिर केंद्रीय विश्वविद्यालय का दर्जा मिला। इस विश्वविद्यालय ने न केवल देश को कई बड़े लेखक, वैज्ञानिक, प्रशासक और राजनेता दिए, बल्कि इलाहाबाद को एक ऐसे शहर की पहचान भी दी जहां पढ़ाई-लिखाई रोजमर्रा की जिंदगी और सार्वजनिक बहसों का हिस्सा रही है।
जब मैं इलाहाबाद विश्वविद्यालय में पढ़ता था और अक्सर वहां जाया करता था, तो परिसर की इमारतों, उनके स्थापत्य और वहां के शैक्षणिक माहौल को देखकर कई बार मन में यह भाव आता था कि मैं सचमुच दुनिया के किसी बड़े उच्च शिक्षा केंद्र में हूं। यह केवल एक विद्यार्थी का उत्साह नहीं था। विश्वविद्यालय की पुरानी इमारतों, विभागों, पुस्तकालयों और परिसर में आने-जाने वाले विद्यार्थियों के बीच एक ऐसी अकादमिक गरिमा महसूस होती थी, जो किसी शहर को सिर्फ रहने की जगह नहीं रहने देती, बल्कि उसे विचार और ज्ञान की दुनिया से जोड़ देती है। आज जनसत्ता के ‘संगम तीरे’ कॉलम के लिए इलाहाबाद की इसी शैक्षणिक पहचान पर लिखना मेरे लिए सुखद अनुभव है।
इलाहाबाद की खासियत मुझे शहर के अलग-अलग मोहल्लों में भी दिखाई देती रही है। एक तरफ चौक, लोकनाथ, शाहगंज, दरियाबाद, मुट्ठीगंज और नखास कोहना जैसे पुराने इलाके हैं, जिनकी गलियों में शहर की पुरानी कारोबारी, सामाजिक और सांस्कृतिक जिंदगी की छाप मिलती है। दूसरी तरफ विश्वविद्यालय के आसपास एलनगंज, चैथम लाइंस, मम्फोर्डगंज और मोती लाल नेहरू मार्ग जैसे इलाके हैं, जहां से गुजरते हुए उच्च शिक्षा के एक अलग संसार का अहसास होता है। एक ही शहर में इतनी अलग-अलग जीवन-शैलियों और पहचानों का साथ-साथ मौजूद होना अपने आप में खास है। मेरे लिए यह विविधता हमेशा गर्व की अनुभूति जगाती रही है।
समय के साथ इस पहचान का दायरा और बढ़ा। अब यहां शिक्षा की कोई एक धारा नहीं, बल्कि कई अलग-अलग धाराएं साथ-साथ बहती हैं। देश के अलग-अलग हिस्सों से विद्यार्थी यहां आते हैं – कोई परंपरागत विषयों में आगे बढ़ने, कोई तकनीक और विज्ञान में नई संभावनाएं तलाशने, तो कोई चिकित्सा, शोध या कला-संस्कृति के क्षेत्र में अपना रास्ता बनाने। यही वजह है कि इलाहाबाद को समझना हो तो यहां के विश्वविद्यालयों की गिनती भर काफी नहीं; उन तमाम संस्थानों और परंपराओं को भी देखना होगा, जिन्होंने इस शहर को देश के शिक्षा मानचित्र पर एक अलग जगह दी है।
इलाहाबाद विश्वविद्यालय से बनी एक अकादमिक पहचान
इलाहाबाद विश्वविद्यालय की स्थापना के पीछे आधुनिक उच्च शिक्षा की एक बड़ी कल्पना थी। इसकी शुरुआत से पहले यहां म्योर सेंट्रल कॉलेज स्थापित हुआ था। आगे चलकर इसी शैक्षणिक आधार ने विश्वविद्यालय का रूप लिया। विश्वविद्यालय की पहचान केवल इसकी पुरानी इमारतों या ऐतिहासिक प्रतिष्ठा तक सीमित नहीं रही। कला, विज्ञान, वाणिज्य और विधि जैसे विषयों में अध्ययन-अध्यापन के साथ इसने देश की बौद्धिक और सार्वजनिक जिंदगी को भी प्रभावित किया।
इसी शैक्षणिक परंपरा को आगे बढ़ाने के लिए शहर और जिले में कई दूसरे विश्वविद्यालय भी स्थापित हुए। इनमें प्रो. राजेंद्र सिंह (रज्जू भय्या) विश्वविद्यालय, उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय, डॉ. राजेंद्र प्रसाद राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय, शुआट्स, नेहरू ग्राम भारती और यूनाइटेड विश्वविद्यालय शामिल हैं। इनके स्वरूप और कार्यक्षेत्र अलग-अलग हैं। कोई सामान्य उच्च शिक्षा के साथ कई विषयों में पढ़ाई का अवसर देता है, कोई दूरस्थ शिक्षा के माध्यम से उन विद्यार्थियों तक पहुंचता है जो नियमित परिसर में नहीं पढ़ सकते, तो कोई कृषि, तकनीक, कानून या दूसरे विशिष्ट क्षेत्रों पर केंद्रित है।
इस तरह इलाहाबाद और प्रयागराज में केंद्रीय, राज्य, मुक्त, निजी और मानद विश्वविद्यालयों का एक ऐसा समूह तैयार हुआ है, जो उच्च शिक्षा के अलग-अलग विकल्प उपलब्ध कराता है। सात विश्वविद्यालयों की यह मौजूदगी शहर की शैक्षणिक पहचान को व्यापक बनाती है।
कानून की पढ़ाई के लिए भी खास जगह
इलाहाबाद की पहचान लंबे समय से न्याय और कानून की दुनिया से भी जुड़ी रही है। इलाहाबाद उच्च न्यायालय की मौजूदगी ने यहां विधिक अध्ययन और न्यायिक विमर्श का वातावरण बनाया। इसी पृष्ठभूमि में डॉ. राजेंद्र प्रसाद राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय की स्थापना ने शहर को कानून की उच्च शिक्षा के क्षेत्र में एक नया संस्थागत आधार दिया।
यह विश्वविद्यालय कानून की पढ़ाई को केवल पाठ्यक्रम और परीक्षा तक सीमित रखने के बजाय न्याय व्यवस्था, संविधान, समाज और समकालीन चुनौतियों की समझ विकसित करने की दिशा में काम करता है। इससे उन विद्यार्थियों के लिए भी एक नया विकल्प बना है, जो विधि के क्षेत्र में पेशेवर शिक्षा और शोध करना चाहते हैं।
तकनीक और विज्ञान की पढ़ाई के राष्ट्रीय केंद्र
इलाहाबाद की शिक्षा व्यवस्था की एक बड़ी विशेषता यह है कि यहां पारंपरिक विश्वविद्यालयों के साथ राष्ट्रीय महत्व के तकनीकी संस्थान भी मौजूद हैं। मोतीलाल नेहरू राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (MNNIT) और भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (III-T) ने शहर को इंजीनियरिंग, कंप्यूटर विज्ञान, सूचना प्रौद्योगिकी और तकनीकी शोध के क्षेत्र में राष्ट्रीय पहचान दी है।
इन संस्थानों में देश के अलग-अलग राज्यों से विद्यार्थी पढ़ने आते हैं। तकनीकी शिक्षा के साथ यहां शोध, नवाचार और उद्योग से जुड़ी संभावनाओं पर भी काम होता है। इनकी मौजूदगी यह बताती है कि इलाहाबाद की शैक्षणिक पहचान केवल मानविकी और सामाजिक विज्ञान तक सीमित नहीं है। शहर आधुनिक तकनीक और विज्ञान की पढ़ाई के राष्ट्रीय परिदृश्य में भी अपनी जगह रखता है।
इंजीनियरिंग और तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड रूरल टेक्नोलॉजी (IERT) का भी उल्लेख जरूरी है। यह संस्थान लंबे समय से तकनीकी और व्यावसायिक शिक्षा के इच्छुक विद्यार्थियों के लिए एक महत्वपूर्ण विकल्प रहा है। इसके अलावा औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों और दूसरे तकनीकी प्रशिक्षण केंद्रों के जरिए कौशल आधारित शिक्षा का रास्ता भी खुलता है।
शोध संस्थान भी बनाते हैं शिक्षा का वातावरण
किसी शहर को शिक्षा का बड़ा केंद्र बनाने में केवल डिग्री देने वाले विश्वविद्यालयों की भूमिका नहीं होती। वहां मौजूद शोध संस्थान भी उसकी अकादमिक पहचान को मजबूत करते हैं। प्रयागराज में हरिश्चंद्र शोध संस्थान (HRI) गणित और सैद्धांतिक भौतिकी के क्षेत्र में उल्लेखनीय काम कर रहा है। यहां उच्च स्तरीय शोध के साथ पीएचडी और परास्नातक स्तर के शैक्षणिक कार्यक्रम भी संचालित होते हैं।
गोविंद बल्लभ पंत सामाजिक विज्ञान संस्थान (GBPSSI) समाज, अर्थव्यवस्था, ग्रामीण विकास और सार्वजनिक नीतियों से जुड़े विषयों पर शोध करता है। वहीं नेशनल एकेडमी ऑफ साइंसेज, इंडिया (NASI) का मुख्यालय भी प्रयागराज में है। विज्ञान के क्षेत्र में अकादमिक संवाद और वैज्ञानिक गतिविधियों को बढ़ावा देने में इसकी भूमिका महत्वपूर्ण है।
इन संस्थानों की मौजूदगी से शहर में पढ़ाई का अर्थ केवल परीक्षा पास करना या नौकरी के लिए डिग्री हासिल करना नहीं रह जाता। यहां ज्ञान के नए क्षेत्रों पर काम करने, सवाल उठाने और शोध के जरिए किसी विषय को गहराई से समझने का अवसर भी मिलता है।
चिकित्सा शिक्षा में आधुनिक और पारंपरिक दोनों रास्ते
चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में भी प्रयागराज की अपनी मजबूत उपस्थिति है। मोतीलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज लंबे समय से आधुनिक चिकित्सा शिक्षा का प्रमुख केंद्र रहा है। इससे संबद्ध अस्पतालों में चिकित्सा सेवाओं के साथ विद्यार्थियों को व्यावहारिक प्रशिक्षण भी मिलता है। यूनाइटेड इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (UIMS) ने भी आधुनिक चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में एक नया विकल्प जोड़ा है।
इस शहर और जिले की चिकित्सा शिक्षा केवल आधुनिक चिकित्सा पद्धति तक सीमित नहीं है। आयुर्वेद, यूनानी और होम्योपैथी की पढ़ाई के लिए भी यहां संस्थान मौजूद हैं। हंडिया स्थित श्री लाल बहादुर शास्त्री स्मारक राजकीय आयुर्वेदिक कॉलेज एवं अस्पताल, हिम्मतगंज स्थित स्टेट यूनानी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल और फाफामऊ स्थित राजकीय होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल इस क्षेत्र की महत्वपूर्ण संस्थाएं हैं।
इन संस्थानों के जरिए विद्यार्थियों को भारतीय चिकित्सा पद्धतियों में शिक्षा और प्रशिक्षण का अवसर मिलता है। इस तरह चिकित्सा के क्षेत्र में आधुनिक और पारंपरिक, दोनों तरह की पढ़ाई का विकल्प यहां उपलब्ध है।
शहर से बाहर तक पहुंचती उच्च शिक्षा
प्रयागराज की शैक्षणिक पहचान का दायरा केवल पुराने शहर या विश्वविद्यालय परिसर तक सीमित नहीं है। जिले के दूसरे हिस्सों में भी उच्च शिक्षा के संस्थान मौजूद हैं। शुआट्स (SHUATS) कृषि, तकनीक और विज्ञान के क्षेत्रों में पढ़ाई और शोध का अवसर देता है। नेहरू ग्राम भारती (NGB) विश्वविद्यालय भी उच्च शिक्षा के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान रखता है।
उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय (UPRTOU) की भूमिका इस लिहाज से खास है कि यह उन लोगों तक उच्च शिक्षा पहुंचाने का माध्यम है, जो किसी वजह से नियमित कॉलेज या विश्वविद्यालय में दाखिला लेकर पढ़ाई नहीं कर सकते। दूरस्थ शिक्षा के जरिए नौकरीपेशा लोगों, ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों और पढ़ाई दोबारा शुरू करने के इच्छुक लोगों को अवसर मिलता है।
इस तरह प्रयागराज में उच्च शिक्षा का विस्तार अलग-अलग सामाजिक और भौगोलिक पृष्ठभूमि के विद्यार्थियों तक पहुंचता है। यही किसी बड़े शिक्षा केंद्र की एक महत्वपूर्ण पहचान भी है।
भाषा, साहित्य और भारतीय ज्ञान परंपरा की अपनी दुनिया
इलाहाबाद की पहचान साहित्य और भाषा की दुनिया से भी गहराई से जुड़ी रही है। हिंदी साहित्य सम्मेलन और हिंदुस्तानी एकेडमी जैसी संस्थाएं हिंदी, उर्दू और भारतीय भाषाओं की साहित्यिक परंपरा को आगे बढ़ाने का काम करती रही हैं। यहां साहित्यिक आयोजन, व्याख्यान, शोध और प्रकाशन जैसी गतिविधियों के जरिए भाषा और साहित्य का एक अलग संसार बनता है।
संस्कृत अध्ययन के क्षेत्र में केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय का गंगानाथ झा परिसर महत्वपूर्ण है। यहां संस्कृत भाषा, दर्शन, भारतीय ज्ञान परंपरा और शास्त्रीय अध्ययन से जुड़े विषयों पर काम होता है। यह परिसर स्वतंत्र विश्वविद्यालय नहीं, बल्कि केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय का हिस्सा है। इसकी मौजूदगी शहर की उस बौद्धिक परंपरा को सामने लाती है, जिसमें आधुनिक विषयों के साथ प्राचीन भारतीय ज्ञान-विमर्श के अध्ययन को भी जगह मिली है।
संगीत की शिक्षा और प्रशिक्षण के लिए प्रयाग संगीत समिति का नाम भी उल्लेखनीय है। संगीत की परीक्षाओं, प्रशिक्षण और सांस्कृतिक गतिविधियों के जरिए इस संस्था ने शहर की कला-परंपरा को एक अलग पहचान दी है। इस तरह इलाहाबाद की शिक्षा व्यवस्था में केवल विज्ञान, तकनीक या पेशेवर पाठ्यक्रम ही नहीं, बल्कि संगीत, कला, भाषा और साहित्य की साधना के लिए भी जगह है।
स्कूलों और शिक्षा-प्रशासन का भी बड़ा आधार
किसी शहर की शैक्षणिक ताकत का आकलन केवल उच्च शिक्षा संस्थानों से नहीं किया जा सकता। स्कूली शिक्षा की व्यवस्था और उससे जुड़े प्रशासनिक संस्थान भी उतने ही महत्वपूर्ण होते हैं। प्रयागराज में उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद यानी यूपी बोर्ड का मुख्यालय है। प्रदेश में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाओं तथा उनसे जुड़ी व्यवस्थाओं के संचालन में इसकी केंद्रीय भूमिका है।
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) का क्षेत्रीय कार्यालय और सेंटर ऑफ एक्सीलेंस भी यहां मौजूद हैं। यह ध्यान रखना जरूरी है कि सीबीएसई का राष्ट्रीय मुख्यालय दिल्ली में है; प्रयागराज में उसका क्षेत्रीय कार्यालय और प्रशिक्षण केंद्र है। इनके अलावा केंद्रीय विद्यालयों और जवाहर नवोदय विद्यालय जैसी संस्थाओं के जरिए स्कूली शिक्षा के अलग-अलग विकल्प उपलब्ध हैं। जिले में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों का नेटवर्क भी बालिकाओं की शिक्षा को आगे बढ़ाने में भूमिका निभाता है।
‘संगम तीरे’ स्तंभ में अन्य फीचर लेखों को पढ़ने के लिए यहां पर करें क्लिक
शिक्षा से जुड़े प्रशासनिक ढांचे में उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) का मुख्यालय भी प्रयागराज में है। यह कोई शिक्षा बोर्ड या विश्वविद्यालय नहीं, बल्कि राज्य की संवैधानिक भर्ती संस्था है। फिर भी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों और युवाओं के लिए इसकी मौजूदगी शहर के शैक्षणिक माहौल का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है।
शिक्षा की कई धाराओं का संगम
इलाहाबाद की पहचान को एक ही तरह की शिक्षा या कुछ बड़े संस्थानों तक सीमित नहीं किया जा सकता। यहां विश्वविद्यालय हैं, राष्ट्रीय महत्व के तकनीकी संस्थान हैं, शोध केंद्र हैं, चिकित्सा शिक्षा के संस्थान हैं और भाषा, साहित्य, संस्कृत तथा संगीत की परंपरा को आगे बढ़ाने वाली संस्थाएं भी हैं। स्कूली शिक्षा से लेकर उच्च शिक्षा, व्यावसायिक प्रशिक्षण से लेकर शोध तक, यहां सीखने और आगे बढ़ने के कई रास्ते मौजूद हैं।
शहर की यही विशेषता उसे एक व्यापक शिक्षा केंद्र बनाती है। इलाहाबाद विश्वविद्यालय की ऐतिहासिक विरासत ने जिस अकादमिक वातावरण की नींव रखी थी, समय के साथ उसमें तकनीक, विज्ञान, चिकित्सा, कृषि, कानून, साहित्य और कला की नई धाराएं जुड़ती चली गईं। पुराने मोहल्लों और नए शैक्षणिक इलाकों के बीच फैला यह शहर आज भी अपनी इसी बहुरंगी पहचान के साथ विद्यार्थियों को आकर्षित करता है। शायद यही वजह है कि इलाहाबाद में शिक्षा केवल संस्थानों की सूची नहीं, बल्कि शहर की पहचान और उसकी जीवन-शैली का भी हिस्सा है।
प्रयागराज के प्रमुख शिक्षा संस्थान : श्रेणीवार सूची
विश्वविद्यालय
- इलाहाबाद विश्वविद्यालय – केंद्रीय विश्वविद्यालय
- प्रो. राजेंद्र सिंह (रज्जू भय्या) विश्वविद्यालय – राज्य विश्वविद्यालय
- उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय – राज्य मुक्त विश्वविद्यालय
- सैम हिगिनबॉटम कृषि, प्रौद्योगिकी एवं विज्ञान विश्वविद्यालय (SHUATS)
- नेहरू ग्राम भारती विश्वविद्यालय
- यूनाइटेड विश्वविद्यालय – निजी विश्वविद्यालय
- डॉ. राजेंद्र प्रसाद राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय – (Law University)
राष्ट्रीय महत्व के तकनीकी संस्थान
- मोतीलाल नेहरू राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (MNNIT)
- भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान, इलाहाबाद (IIIT)
तकनीकी एवं व्यावसायिक शिक्षा संस्थान
- इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड रूरल टेक्नोलॉजी (IERT)
- औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (ITI), नैनी
शोध एवं विज्ञान संस्थान (Institute of Research and Science)
- हरिश्चंद्र शोध संस्थान
- गोविंद बल्लभ पंत सामाजिक विज्ञान संस्थान
- नेशनल एकेडमी ऑफ साइंसेज, इंडिया (NASI)
आधुनिक चिकित्सा शिक्षा
- मोतीलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज
- यूनाइटेड इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज
आयुष चिकित्सा शिक्षा (AYUSH Medical Education)
- श्री लाल बहादुर शास्त्री स्मारक राजकीय आयुर्वेदिक कॉलेज एवं अस्पताल, हंडिया
- स्टेट यूनानी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, प्रयागराज
- राजकीय होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, फाफामऊ
नर्सिंग एवं पैरामेडिकल शिक्षा
- कॉलेज ऑफ नर्सिंग, राजकीय मेडिकल कॉलेज, प्रयागराज
- कमला नेहरू मेमोरियल अस्पताल एवं स्कूल ऑफ हेल्थ साइंसेज
- नाजरेथ अस्पताल स्कूल ऑफ नर्सिंग
प्राकृतिक चिकित्सा और योग से जुड़े संस्थान एवं केंद्र
- Institute of Industrial Sciences (IIS), प्रयागराज — योग एवं नेचुरोपैथी से जुड़े पाठ्यक्रम।
- Prakritiveda Panchkarma Ayurved & Naturopathy Center, नैनी।
- ENF Wellness Clinic, टैगोर टाउन।
- Sadafal Arogyam, झूंसी।
- Naturopathy Neuro Spine Centre, अलोपीबाग।
भाषा, साहित्य एवं संस्कृत अध्ययन संस्थान
- हिंदी साहित्य सम्मेलन
- हिंदुस्तानी एकेडमी
- केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय का गंगानाथ झा परिसर
संगीत शिक्षा
- प्रयाग संगीत समिति
स्कूल शिक्षा के प्रमुख संस्थान और उनकी संख्या
- जवाहर नवोदय विद्यालय: 1
- केंद्रीय विद्यालय: 10
- कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय: 20
शिक्षा एवं परीक्षा प्रशासन
- उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (UP Board)
- केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) का क्षेत्रीय कार्यालय, प्रयागराज
- सीबीएसई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस, प्रयागराज
प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़ी संवैधानिक संस्था
- उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC)
इलाहाबाद की शैक्षणिक पहचान किसी एक विश्वविद्यालय, संस्थान या परीक्षा बोर्ड से नहीं बनी है। यह उन असंख्य विद्यार्थियों के सपनों, शिक्षकों की मेहनत, पुस्तकालयों में बिताए गए समय और नए विचारों की तलाश में यहां आए लोगों से मिलकर बनी है। शहर की गलियों से लेकर उसके विश्वविद्यालय परिसरों तक शिक्षा की यह यात्रा आज भी जारी है। शायद यही किसी शिक्षा केंद्र की सबसे बड़ी पहचान है कि वहां से पढ़कर निकले लोग केवल अपनी मंजिल तक नहीं पहुंचते, बल्कि अपने साथ उस शहर की स्मृतियां और सीख भी लेकर जाते हैं।
यह भी पढ़ें: संगम तीरे: आइंस्टीन की ‘संस्तुति’ से मिली नौकरी, फिर इलाहाबाद विश्वविद्यालय पहुंचे नोबेल विजेता
नोबेल पुरस्कारों की घोषणा के साथ दुनिया भर के वैज्ञानिकों की उपलब्धियों पर चर्चा शुरू हो जाती है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि करीब एक सदी पहले प्रयागराज के इलाहाबाद विश्वविद्यालय का भौतिकी विभाग भी दुनिया के कई बड़े वैज्ञानिकों से जुड़ा था? यहां मेघनाद साहा जैसे वैज्ञानिक ने काम किया, जिनकी नियुक्ति में अल्बर्ट आइंस्टीन और आर्थर एडिंगटन की राय का जिक्र मिलता है। आगे चलकर इस विभाग में ऐसे वैज्ञानिक भी आए, जिन्हें नोबेल पुरस्कार मिला था। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां पर करें क्लिक
