मनेंद्रगढ़ के सुरेश का विवाह संगीता के साथ हुआ और उसी वर्ष कुछ महीनों बाद उसके पक्के मित्र सौरभ की शादी गायत्री से हो गई। शादी के कुछ दिनों बाद दोनों दोस्त जब एक चाय की टपरी पर मिले, तो चेहरे की चमक देखते ही बनती थी। दोनों ने एक-दूसरे को गले लगाया और ठहाका मारते हुए बोले, ‘भाई, आखिरकार हम एक से दो हो ही गए!’ सुरेश ने चुटकी लेते हुए कहा, ‘चिंता मत कर, बहुत जल्दी दो से तीन भी हो जाएंगे।’ सौरभ ने भी चाय की चुस्की लेते हुए हंस कर कहा, ‘बिल्कुल, अब तो गृहस्थी की गाड़ी पूरी रफ्तार से दौड़ेगी।’
दोनों सरकारी नौकरी में थे। अचानक सुरेश का तबादला सरायपुर हो गया, तो सौरभ का विशालपुर। स्वाभाविक था कि दोनों का मिलना-जुलना कम हो गया। साल-डेढ़ साल में दोनों प्यारे से बेटे के पिता बन गए। जीवन एक बंधी-बंधाई पटरी पर चलने लगा। वक्त का पहिया घूमा और करीब पांच वर्ष बीत गए। एक दिन इतवार की शाम दोनों मित्र एक माल के खानपान परिसर में अचानक टकरा गए। सौरभ किसी काम से सरायपुर आया था। खाली समय बिताने के लिए माल में घूमने चला आया।
दोनों मित्र वर्षों बाद मिले तो बेहद प्रसन्न हुए। सुरेश के चेहरे पर एक गजब का सुकून और तृप्ति झलक रही थी, मानो उसने जीवन का कोई गूढ़ रहस्य पा लिया हो। दूसरी ओर, सौरभ का चेहरा देखकर लग रहा था जैसे वह किसी महायुद्ध से सीधा पैदल चला आ रहा हो। बढ़ी हुई अस्त-व्यस्त दाढ़ी, आंखों के नीचे काले घेरे और उतरा हुआ चेहरा। सुरेश ने चौंकते हुए पूछा, ‘अरे यार सौरभ! यह क्या हाल बना रखा है? बीमार-विमार थे क्या? तबीयत तो ठीक है ना मेरे भाई?’
सौरभ ने एक गहरी ठंडी सांस ली और बोला, ‘तबीयत तो ठीक है मेरे भाई, पर गृहस्थी के मोर्चे पर बुरी तरह पिट चुका हूं। पत्नी को मैं बोलता हूं दाएं चलो तो वह जानबूझकर बाएं मुड़ जाती है। पिछले हफ्ते की ही बात ले लो, मैं आफिस से लौटते वक्त छांट-छांट कर हरी सब्जियां लाया। उसने थैला देखा और बिफर पड़ी। कहा कि अंधे हो क्या? पूरे मोहल्ले के सड़े आलू और पिचके टमाटर तुम ही चुनकर लाते हो! अगले दिन जब वह खुद बाजार से आधी सूखी धनिया और बेस्वाद भिंडी लेकर आई, मैंने बस इतना कह दिया कि सब्जी में कुछ दम नहीं लग रहा… बस फिर क्या था! महाभारत शुरू हो गई। ताने मिलने लगे कि मेरी पसंद तो तुम्हें कभी भाती ही नहीं! मैं तो सच में त्रस्त हो चुका हूं। ऐसे एक नहीं अनेक प्रसंग हैं। मगर आश्चर्य! तुम्हारा वैवाहिक जीवन कैसे इतना मखमली चल रहा है जो चेहरे पर बहार है?’
सुरेश एक रहस्यमयी मुस्कान के साथ बोला, ‘भाई, मेरी गाड़ी बिल्कुल मक्खन की तरह चल रही है। शादी की पहली रात को ही मेरे पिताजी ने मुझे एक महामंत्र कान में फूंक दिया था। वही उपाय अपना रहा हूं।’
सौरभ ने उत्सुकता से आंखें बड़ी कीं, ‘कौन-सा फार्मूला भाई? मुझे भी बता, कोई परोपकार हो जाए!’ सुरेश कुर्सी पर थोड़ा आगे झुकते हुए बोला, ‘बहुत सीधा है, पूर्ण आत्मसमर्पण और बिना शर्त हां में हां मिलाना! क्या वो गाना नहीं सुना तुमने ‘जो तुमको हो पसंद तो वही बात कहेंगे…’ खरीदारी करने जाना हो तो चुपचाप ड्राइवर बनकर जाओ, थैले उठाओ और बिल चुकाओ। पसंद उसकी, चुनाव उसका।
अगर वह भरी दोपहरी में चिलचिलाती धूप को देखकर कहे कि कितनी अंधेरी रात हो रही है ना? तो तुरंत आकाश की ओर देखते हुए कहो, हां यार, मुझे भी ऐसा ही लग रहा था, तारे भी बस निकलने ही वाले हैं! उसे कभी किसी बात पर टोकना नहीं है। कभी-कभी उसकी किसी बात पर भीतर से खून खौलता है, लगता है कि कितनी बेतुकी हरकत है, लेकिन मैं भीतर ही भीतर मुस्कुराकर उसे उपेक्षित कर देता हूं। पिताजी ने कहा था, सुख चाहिए तो बहस जीतो मत, बहस खत्म करो।’
सौरभ को लगा जैसे डूबते को तिनके का सहारा मिल गया हो। उसने तय किया कि आज से ही इस उपाय को आजमाएगा। सौरभ बिलासपुर लौट आया। उसने घर में कदम रखते ही उपाय का परीक्षण शुरू कर दिया। अगले ही दिन गायत्री ने सुबह की चाय बनाई, जिसमें चीनी डालना वह बिल्कुल भूल गई थी। सौरभ ने एक घूंट भरा तो कड़वाहट से मुंह बन गया। पुराना सौरभ होता तो कुछ तंज करता। लेकिन नया सौरभ मुस्कुराया और बोला, ‘वाह गायत्री! चीनी छोड़ना स्वास्थ्य के लिए बहुत जरूरी था। तुमने मेरी सेहत का कितना सुंदर ख्याल रखा है!’ गायत्री ने अचरज से उसे देखा और पहली बार उसके चेहरे पर संतोष की मुस्कान दिखी।
कुछ दिन बाद गायत्री ने ड्राइंग रूम का पर्दा बदल दिया। भड़कीला, चमकीला पीला पर्दा जो आंखों को चुभ रहा था, लेकिन जैसे ही गायत्री ने पूछा, कैसा लग रहा है तो सौरभ ने एक पल के लिए अपनी सौंदर्य दृष्टि की बलि दी और पूरे आत्मविश्वास से कहा, ‘अरे अद्भुत! कमरा तो जैसे एकदम चमक उठा है।’ गायत्री यह सुनकर फूलकर कुप्पा हो गई।
सौरभ ने देखा कि यह उपाय तो जादू की तरह असर कर रहा है। जिस घर में रोज बर्तनों के खड़कने जैसी आवाजें आती थीं, वहां अब मीठी बांसुरी बज रही थी। उसने अपना हर अधिकार, हर राय ताक पर रख दी थी और बदले में उसे वह अनमोल चीज मिल रही थी जिसका नाम शांति था।
लगभग तीन महीने बाद, एक शाम सौरभ ने बालकनी में बैठ कर सुरेश को फोन मिलाया। फोन उठते ही सौरभ खिलखिलाकर हंसा और बोला, ‘मित्र! तुम्हारा उपाय तो रामबाण निकला! अब मुझे सारे तनावों से मुक्ति मिल चुकी है। समझ जाओ कि मैंने अपने सारे हथियार डालकर पूरी तरह आत्मसमर्पण कर दिया है और बदले में मुझे परम शांति मिल गई है।’
दोनों दोस्त फोन पर जोर-जोर से हंस रहे थे, तभी गायत्री हाथ में चाय की ट्रे लिए बालकनी में दाखिल हुई। सौरभ को इतनी बेफिक्री से हंसते देख वह पूछने लगी कि किस बात पर इतनी जोर से हंस रहा है? सौरभ ने तुरंत चौका मारा और बात घुमाते हुए फोन काट कर बड़े संजीदा चेहरे से बोला, ‘अरे कुछ नहीं… सुरेश बेचारा अपनी पत्नी के व्यवहार से बहुत परेशान है।
मुझसे फोन पर पूछ रहा था कि मेरी गृहस्थी इतनी सुखमय और शांत कैसे चल रही है? बस मुझे इसी बात पर हंसी आ गई…भला अपनी खुशहाल शादी का राज मैं किसी दूसरे को क्यों बांटूं?’ गायत्री का चेहरा गर्व और लाड़ से खिल उठा। वह प्लेट से गरमा-गरम पकौड़ा सौरभ की ओर बढ़ाते हुए मुस्कुराकर बोली, ‘बहुत अच्छा किया! ऐसे लोगों को अपने घर की बातें कभी नहीं बतानी चाहिए। आप बैठिए, मैं आपके लिए स्पेशल अदरक वाली कड़क चाय बनाकर लाती हूं।’ सौरभ ने खिड़की से बाहर देखते हुए मन-ही-मन सुरेश के पिताजी की तस्वीर को प्रणाम किया और राहत की सांस ली।
यह भी पढ़ें: पढ़ो कहानी: पति ने खुद पत्नी के पुराने प्रेमी को बुलाया, फिर जो हुआ…
सूरज डूबने से पहले जो मरियल सा उजाला फैला होता है, वही हर ओर पसरा हुआ था। खिड़की से सटकर खड़ी हो गई कनक। कभी-कभी कनक का मन यूं ही उलझ जाता है। है क्या इस मन में जो थकता नहीं है सोचते-सोचते? थकान महसूस हुई उसे। सिरहाने को पीछे लगा पलंग पर पांव पसार कर बैठ गई। पूरी कहानी पढ़ने के लिए यहां पर करें क्लिक
