पिछले कुछ समय से बुंदेली और अवधी के लोकगीतों और विभिन्न भाषाओं में बनती रीलों की लोकप्रियता ने एक महत्त्वपूर्ण सवाल सामने खड़ा किया है- क्या क्षेत्रीय भाषाओं के गीतों की लोकप्रियता हिंदी की लोकप्रियता के विरुद्ध है? क्या हिंदी के विस्तार ने क्षेत्रीय भाषाओं और उनके लोकगीतों को पीछे धकेल दिया है?
यह भारत की बहुभाषिक संस्कृति को समझने का सवाल है। बुंदेली, अवधी, मैथिली या दूसरी क्षेत्रीय भाषाओं का जीवित रहना इस बात का प्रमाण है कि हिंदी के फैलते प्रभाव के बावजूद लोकभाषाएं खत्म नहीं हुई हैं। बल्कि अब डिजिटल माध्यमों ने उन्हें अपने सीमित भौगोलिक दायरे से बाहर निकालकर नए श्रोता खोजने का अवसर दिया है।
क्षेत्रीय भाषा के लोकगीतों की लोकप्रियता ने यह साबित किया है कि जनमानस को अपनी भाषा में किसी भाव या कथानक को समझने-समझाने के लिए हर चीज को मानक हिंदी में बदलने की आवश्यकता नहीं है। अपनी माटी की भाषा में कही गई बात भी लोगों के दिलों तक पहुंच सकती है, बशर्ते उसमें जीवन की सच्चाई और संवेदना हो।
शायद अभी भी कुछ जगहों पर यह परंपरा दिखाई देती हो, जब क्षेत्रीय ट्रेनों में इकतारा जैसा छोटा वाद्ययंत्र लेकर लोकगायक या साधुओं का कोई समूह चढ़ जाता था। कभी कोई अकेला गाता था, कभी पूरा समूह।
वे लोकगीत या लोकभजन गाते हुए यात्रियों के बीच कुछ देर के लिए एक अलग ही संसार रच देते थे। वे लोकगायक वास्तव में लोकसंस्कृति के चलते-फिरते संग्रहालय थे।
लोकगीतों की पाठशाला
रेडियो, टेलीविजन और मोबाइल फोन के आने से पहले लोकगीतों की सबसे बड़ी पाठशाला लोगों की स्मृति थी। बुंदेली, अवधी, भोजपुरी, मैथिली, राजस्थानी, ब्रज और अनेक दूसरी लोकभाषाओं के ऐसे कितने ही पारंपरिक गीत और भजन थे, जो कहीं लिखे हुए नहीं थे।
कलाकारों ने उन्हें पीढ़ी-दर-पीढ़ी सुनकर, याद करके और गाकर मौखिक रूप में सुरक्षित रखा। जब ये लोकगायक एक गांव से दूसरे गांव और एक राज्य से दूसरे राज्य जाने वाली ट्रेनों में गाते थे, तब उनके साथ केवल वे लोकगीत ही यात्रा नहीं करते थे।
उनके साथ उनकी भाषा, संस्कृति और अपनी माटी की खुशबू भी दूर-दूर तक जाती थी। उन्होंने संगीत और गायन को बड़े मंचों, थिएटरों और विशिष्ट घरानों की सीमाओं से निकालकर आम आदमी की रोजमर्रा की जिंदगी से जोड़ दिया था।
इकतारा, खंजड़ी, डफली, तंबूरा या चिमटे की आवाज में कोई बनावटी स्वर नहीं थे, बल्कि उनमें आम आदमी की रोजमर्रा की जिंदगी की सीधी सच्चाई थी। यही सरलता और सच्चाई सीधे मन को छूती थी।
मगर आज सवाल यह है कि ये लोकगीत और लोककलाएं धीरे-धीरे क्यों पीछे जा रही हैं। इसके लिए केवल किसी भाषा विशेष को जिम्मेदार ठहराना आसान होगा, लेकिन सही नहीं।
डिजिटल क्रांति ने मनोरंजन के साधन तो बढ़ाए हैं, लेकिन हमारी सुनने की आदत भी बदल दी है। स्मार्टफोन, इंस्टाग्राम और संक्षिप्त वीडियो के दौर में लोगों के पास लंबे लोकगीतों को सुनने, उनके अर्थ को समझने और उनकी पृष्ठभूमि में उतरने का धैर्य कम हुआ है। लोकगीत अब लोगों को, विशेषकर युवाओं को बीते जमाने की चीज लगते हैं।
दूसरी और अधिक गंभीर समस्या आर्थिक तंगी की है। ट्रेनों, चौपालों और गांवों में गाकर इन कलाकारों को कभी भी पर्याप्त आमदनी नहीं मिलती थी। आर्थिक तंगी के कारण कलाकारों की नई पीढ़ी ने इस परंपरा को छोड़कर मजदूरी या दूसरी नौकरियां चुन लीं। लोककलाओं को सम्मानजनक आजीविका न मिलने के कारण यह स्वाभाविक भी है।
जब कला से पेट नहीं भरता, तो केवल परंपरा के नाम पर अगली पीढ़ी कितने समय तक उसे जीवित रखेगी?
पहले ट्रेनों में इन कलाकारों को गाने की जगह मिल जाती थी और यात्रियों का एक वर्ग उन्हें सदिच्छा से सुनता था। बाद में रेलवे के नियमों, सुरक्षा संबंधी चिंताओं और यात्रियों के बदलते व्यवहार के कारण वास्तविक लोककलाकारों के लिए भी परिस्थितियां कठिन होती गईं।
चुनौती की कड़ियां
लोकगीतों के सामने एक दूसरी चुनौती आधुनिक पीढ़ी से जोड़ने के नाम पर उनका ‘फ्यूजन’ के तौर पर प्रस्तुतीकरण भी है, जिनमें डीजे, इलेक्ट्रॉनिक संगीत और दूसरे वाद्ययंत्रों का इतना ज्यादा प्रभाव होता है कि उस गीत की मूल सादगी, मिट्टी की खुशबू, लोकवाद्यों की आवाज और उस गीत में छिपी पीढ़ियों की स्मृति धीरे-धीरे पीछे चली जाती है, खो जाती है।
आज की युवा पीढ़ी क्षेत्रीय बोलियों को भूल ही गई है और जो समाज अपने भाषाई संसार, अपनी क्षेत्रीय भाषा पर ही गर्व नहीं करता, वह उसको बचाएगा कैसे? इसलिए यह कहना कि किसी भाषा विशेष ने लोकगीतों को खत्म कर दिया, पूरी तस्वीर नहीं है।
कभी यह मान लिया गया था कि किसी क्षेत्रीय भाषा को व्यापक समाज तक पहुंचने के लिए पहले उसे हिंदी में बदलना होगा, क्योंकि वह एक व्यापक संपर्क भाषा है। मगर आज डिजिटल माध्यमों ने यह संभव किया है कि कोई भी क्षेत्रीय भाषा अपनी पहचान बचाए रखते हुए दूर तक पहुंच सके।
और यहीं हिंदी की भूमिका भी बदलती दिखाई देती है। अगर कोई क्षेत्रीय गीत हिंदी में अनुवादित होकर लोकप्रिय होता है, तो कहा जा सकता है कि हिंदी ने उसे व्यापक समाज तक पहुंचाया, लेकिन जब वही गीत अपनी क्षेत्रीय भाषा में रहकर ही लोकप्रिय होता है, तब हिंदी की भूमिका अनुवादक से अधिक एक सेतु की हो सकती है।
न तो हिंदी ने लोकगीतों को खत्म किया है, न हिंदी अकेले लोकभाषाओं के कमजोर होने के लिए जिम्मेदार है। बल्कि भारतीय भाषाओं का विकास एक-दूसरे से संवाद करते हुए हुआ है। हिंदी की अपनी समृद्धि में भी अनेक क्षेत्रीय भाषाओं और बोलियों का योगदान है।
भाषा का जीवन
समस्या यह है कि आधुनिकता को हमने कई बार अपनी लोकभाषाओं से दूरी बनाने के रूप में समझ लिया। किसी भाषा को बचाने का सबसे अच्छा तरीका उसे संग्रहालय में सुरक्षित रखना नहीं, बल्कि उसे जीवन में बोलना और सुनना है।
भारत को एकभाषी बनाने की आवश्यकता नहीं है। इस देश की बहुभाषिकता ही यहां की सांस्कृतिक विरासत और जीवन वायु है। जरूरत है कि इन क्षेत्रीय भाषाओं को एक-दूसरे तक पहुंचाने वाले संवाद के पुल बनाए जाएं।
हिंदी आगे बढ़े, लेकिन भोजपुरी, मैथिली, राजस्थानी, ब्रज, अवधी, असमिया, बोडो, तमिल, तेलुगू और दूसरी अन्य भारतीय भाषाओं को पीछे छोड़कर नहीं। जिस दिन बुंदेली, अवधी और देश की दूसरी लोकभाषाओं के गीतों को लोकप्रिय होने के लिए बदलने की जरूरत नहीं पड़ेगी, उस दिन भारतीय भाषाओं की सामूहिक जीत होगी।
