हर परिवार में बच्चे सबसे पहली जरूरत होते हैं। बच्चों की महिमा का बखान किया जाता है। लेकिन जब बच्चे बड़े होने लगते हैं तो बचपन पर सख्त पाबंदियां भी लगा दी जाती हैं। बचपन गुजरने से पहले ही उनसे बड़े लोगों की तरह व्यवहार करने की उम्मीद की जाने लगती है।
ऐसे में कुछ संवेदनशील बच्चों को महसूस होने लगता है कि किसी को उनकी जरूरत ही नहीं है। ऐसा ही है गुस क्वायर के उपन्यास, ‘द बुक ऑफ एवरीथिंग’ का नौ साल का किरदार थामस क्लापर। थामस अपने घर में पिता के सख्त अनुशासन से मायूस रहता है। कब, क्या, कैसे और क्यों बोलना है जैसे निर्देशों के कारण वह खुद से ज्यादा बातें करने लगता है।
खुद से बातें करने का यह फायदा है कि उसकी बातों को अनुशासन के आधार पर नहीं आंका जाता है। एक बच्चे को आम तौर पर खाने-पीने की अच्छी चीजें या खिलौनों की चाहत होती है। लेकिन थामस को बचपन से ही उस चीज को पाने की तमन्ना थी जो उसे अपने घर में नहीं दिखती थी। खुद से बात करते हुए एक दिन उसका मन एलान करता है, ‘जब मैं बड़ा हो जाऊंगा तो, खुश रहूंगा।’
पोलियाना: जब एक बच्ची ने सिखाया, मुश्किलों के बीच भी उम्मीद बची रहती है | अमर किरदार
थामस के पिता अति धार्मिक हैं। उन्हें यह पसंद नहीं कि परिवार का कोई सदस्य धार्मिक नियमों का पालन नहीं करे। नियमों का उल्लंघन करने वालों के प्रति वे अत्यंत कठोर हो जाते हैं। मुश्किल यह है कि वे अपनी कठोरता को भी ईश्वरीय गुण मानते हैं। थामस को अपने पिता की कठोरता से भय होने लगता है। अपने भय पर काबू पाने के लिए वह अपनी कल्पना की दुनिया का विस्तार करता है। वह अपनी देखी-सुनी चीजों को एक कॉपी में दर्ज करने लगता है। उसकी कॉपी में दर्ज होते शब्द उसके भावों का विस्तार करने लगते हैं। थामस के लिए यही कॉपी और लेखन उसका ‘बुक ऑफ एवरीथिंग’ है।
लेखक थामस के सोचने-समझने व लेखन में राजनीतिक संभावना भी देखते हैं। उपन्यास में थामस के पिता को सत्ता के रूपक की तरह दिखाया गया है। जिस तरह से सत्ता जनता के दिमाग को नियंत्रित करना चाहती है, उसी तरह थामस के पिता अपने घर के सदस्यों की सोच और समझ पर अपना नियंत्रण चाहते हैं। थामस अपने पिता की सीमाओं को पहचान गया है। पिता ऐसा इसलिए करते हैं कि उन्हें लगता है, ऐसा ही करने से उनके पिता होने का रुतबा बना रहेगा। थामस को एहसास है कि पिता के इसी व्यवहार के कारण उसकी मां दुखी रहती है। वह मारने को पिता का अधिकार नहीं, उनका अत्याचार मानता है।
अमर किरदार: संग्रहालय में छिपकर रहने वाली बच्ची ने कैसे खोजा अपना वजूद
थामस के बाल-मन के जरिए पाठक भी समझते हैं कि जब धर्म नियंत्रण का औजार बन जाता है तो वह व्यक्ति के विकास का सबसे बड़ा बाधक होता है। पिता से आहत थामस खुद ही ईश्वर से बात करने की कोशिश करता है। वह पाता है कि ईश्वर जरा भी कठोर नहीं है। थामस का किरदार बच्चों से बड़ों तक को बताता है कि खुद से संवाद करना कितना जरूरी है। इससे हमारे लिए कई दरवाजे खुलते हैं।
