मदन और महादेव गहरे दोस्त थे। दोनों एक-दूसरे के साथ खूब वक्त बिताते थे। दोनों को जासूसी कहानियां पढ़ने का भी शौक था। एक दिन दोनों पार्क में बैठे इधर-उधर की बातें कर रहे थे। तभी मदन ने कहा, ‘यार महादेव, मेरे सामने वाले घर में एक नया किराएदार आया है।’ ‘तो क्या हुआ?’ महादेव ने पूछा।

‘पता नहीं कौन है! दिन भर मकान बंद रहता है। पूरे दिन कोई आता-जाता नहीं। घर में कोई हरकत नहीं होती है। लेकिन देर रात को बत्ती जलती है और एक आदमी कार से आता है। परीक्षा के दिनों में मैं देर रात तक पढ़ता था, तभी उसे देखा था। उसकी हरकत अजीब लगती है। शायद इसलिए उसे देख कर तुम्हारा कुत्ता भी कितना भौंकता है! तुमने सुना नहीं उसका भौंकना? तुम्हें अजीब नहीं लगा?’ ‘कुत्ते का काम भौंकना ही है। तू कोई और बात कर’। महादेव ने हंसते हुए कहा। दोनों ने कुछ देर बातें कीं और फिर दूसरे दिन मिलने का वादा कर अपने-अपने घर चले गए।

घर पहुंचकर मदन ने अपने पिताजी को पड़ोसी के बारे में बताया। पिताजी बोले, ‘तुम बेकार शक कर रहे हो। मैं उनसे मिलकर आया हूं। घर में शानदार साज-सज्जा है। वे अकेले रहते हैं। उनकी पत्नी और बच्चे विदेश में हैं। देखने से ही भले आदमी लगते हैं। उन्हें किताबों का भी बहुत शौक है। मुझे तो उन्होंने बहुत अच्छी चाय भी पिलाई। साथ में विदेश से लाई कुकीज भी खिलाई थी।’

बाल कथा: चंदा मामा के साथ अंतरिक्ष घूमने निकली रोमा, फिर क्या हुआ?

मदन को उनकी बात पर विश्वास नहीं हुआ, लेकिन वह चुप रह गया। वह सोचने लगा कि उसके पिता यूं तो किसी से इतनी जल्दी प्रभावित नहीं होते हैं फिर इस आदमी से प्रभावित कैसे हो गए? जरूर दाल में कुछ काला है।

अगली सुबह गली में शोर मचा था। महादेव का प्यारा कुत्ता टामी मर गया था। किसी ने उसे जहर मिले बिस्कुट खिला दिए थे। महादेव बहुत दुखी था। मदन की आंखों में भी आंसू आ गए। टामी उनका दोस्त जैसा था। दोनों टामी को बहुत प्यार करते थे। मदन की चिंता और बढ़ गई। वह बार-बार टामी के निर्जीव शरीर को देख रहा था।

मदन ने रुंधे गले से कहा, ‘महादेव, चिंता मत कर। जिसने टामी को मारा है, उसे हम जरूर पकड़वाएंगे।’ मदन दिन में सोता और रात को देर तक जागता था। उसकी नजर सामने वाले मकान पर रहती। एक रात गली के कुत्ते जोर-जोर से भौंकने लगे। उनका यह भौंकना असामान्य था। मदन पर्दे की आड़ में खड़ा होकर देखने लगा।

बाल कथा: बच्चों की अनोखी पहल ने जरूरतमंदों को दी सर्दी से राहत

तभी एक काली कार आकर रुकी। उसमें से हैट और काला चश्मा पहने एक आदमी उतरा। नौकर ने फुर्ती से गेट खोला। उसके बाद एक दूसरा आदमी उतरा। दोनों ने मिलकर कई पेटियां घर के भीतर पहुंचाईं। कुछ देर बाद नौकर बाहर आया। उसने इधर-उधर देखा और भौंक रहे कुत्तों की ओर कुछ फेंक कर वापस चला गया।

मदन को शक हुआ कि पेटियों में कोई गैरकानूनी सामान है। अगली सुबह गली में एक और कुत्ता मरा मिला। अब उसे विश्वास हो गया कि कुत्तों को जहर देने वाला वही आदमी था। उसने महादेव को सारी बात बताई। दोनों ने तय किया कि वे पुलिस को खबर देंगे। उस रात महादेव मदन के घर रुक गया। दोनों देर रात तक जागते रहे। करीब दो बजे दो काली कारें आईं। कई पेटियां उतारी गईं। तभी पड़ोसी ने अपने साथी के कंधे पर हाथ रखकर कहा, ‘याद रखना, दो दूनी चार!’

मदन ने इस वाक्य पर गौर किया। क्या यह कोई संकेत था? उसने सोचा कि शायद रात दो से चार बजे के बीच उनका कोई खास काम होता है। अगली सुबह दोनों दोस्त पुलिस चौकी पहुंचे। उन्होंने इंस्पेक्टर को सारी बात बताई। मदन ने कहा, ‘हमारे पास ठोस सबूत नहीं हैं, लेकिन हमें पूरा संदेह है कि वह आदमी तस्करी करता है। आप आज रात हमारे घर छिपकर उनकी गतिविधियां देख सकते हैं।’ पहले तो इंस्पेक्टर को लगा कि वह बच्चों की बात पर क्यों विश्वास करे। लेकिन मदन ने उन्हें विस्तार से सारी बात बताई। खास कर यह भी बताया कि संदिग्ध व्यक्ति ने किस तरह से उसके पिताजी को कितनी जल्दी प्रभावित कर लिया था।

बाल कथा: कैसे सुधरी जंगल के डाकखाने की व्यवस्था, पढ़ें शिखर चंद जैन की कहानी

इंस्पेक्टर को उनकी बात उचित लगी। रात को वह एक सिपाही के साथ मदन के घर में छिप गया। ठीक दो बजे दोनों कारें फिर आईं। पेटियां उतारी जाने लगीं। आज भी उन्हें देख कर कुछ कुत्ते भौंकने लगे। नौकर कुत्तों को जहर देने बाहर आता उससे पहले पुलिस ने छापा मारकर किराएदार और उसके साथियों को पकड़ लिया। मकान की तलाशी में सोना, अफीम, चरस और हेरोइन बरामद हुई। नौकर ने स्वीकार किया कि कुत्तों का भौंकना उनके लिए खतरा था, इसलिए उसने उन्हें जहर मिले बिस्कुट खिलाए थे।

पुलिस इंस्पेक्टर ने मदन और महादेव की सूझबूझ की प्रशंसा की। मदन के पिताजी भी उसकी समझदारी देखकर हैरान रह गए। सरकार की ओर से मदन को पुरस्कार दिया गया। उस दिन दोनों दोस्त बहुत खुश थे। उन्होंने साबित कर दिया कि सतर्कता, साहस और समझदारी से बड़ी से बड़ी मुश्किल का सामना किया जा सकता है।