कनाडा की कवयित्री, निबंधकार और क्लासिकल साहित्य की विदुषी एन कार्सन को 2026 के साहित्य के नोबेल पुरस्कार से सम्मानित करने की घोषणा की गई है। नोबेल समिति ने कहा कि कार्सन को उनके साहसी और नए रूप से गढ़े लेखन के लिए, जिसने क्लासिकल परंपरा के साथ दिलचस्प संवाद करते हुए समकालीन साहित्य के लिए नए रूप गढ़े हैं के लिए ये पुरस्कार दिया जा रहा है।

किन लेखकों को लेकर लगाए जा रहे थे कयास

नोबेल पुरस्कार के ऐलान से पहले कई लेखकों के नाम चर्चा में थे। सट्टा बाजार में चीन की लेखिका कैन शुए सबसे आगे चल रही थीं। लेडब्रोक्स के अनुसार, उन पर 10/1 का दांव लगाया गया था। पिछले साल वह शीर्ष पांच दावेदारों में भी शामिल नहीं थीं, लेकिन इस साल एक बार फिर सबसे मजबूत दावेदार बनकर उभरीं।

उनके अलावा जापान के मशहूर लेखक हारुकी मुराकामी भी प्रमुख दावेदारों में शामिल थे। भारत में हारुकी मुराकामी के पाठकों की बड़ी संख्या है। उन पर 14/1 का दांव लगाया गया था। वहीं, ऑस्ट्रेलिया के जेराल्ड मर्नेन और अमेरिका के थॉमस पिंचन 16/1 के साथ प्रमुख दावेदार थे। मेक्सिको की क्रिस्टीना रिवेरा गार्सा, कनाडा की मार्गरेट एटवुड, फ्रांस के मिशेल उएलबेक और रूस की ल्यूडमिला उलित्स्काया के नाम भी चर्चा में थे। इन सभी पर 20/1 का दांव लगाया गया था।

कौन हैं ऐन कार्सन

ऐन कार्सन कनाडा की प्रसिद्ध निबंधकार, अनुवादक, क्लासिकल साहित्य की विद्वान और कवयित्री हैं। उन्होंने प्राचीन यूनानी साहित्य और दर्शन को आधुनिक कविता और लेखन से जोड़ा। उनका लेखन पारंपरिक कविता से काफी अलग माना जाता है। ऐन कार्सन को प्राचीन यूनानी भाषा और साहित्य में रुचि बचपन से ही थी।

ऐन कार्सन का जन्म 21 जून 1950 को कनाडा के टोरंटो शहर में हुआ था। उनके पिता बैंक में काम करते थे। हाई स्कूल में पढ़ाई के दौरान उनके एक लैटिन भाषा के शिक्षक ने उन्हें प्राचीन यूनान की दुनिया और वहां की भाषा से परिचित कराया। इसके बाद यूनानी भाषा और साहित्य में उनकी रुचि बढ़ती गई।

कहां से पूरी की पढ़ाई

ऐन कार्सन ने टोरंटो विश्वविद्यालय के सेंट माइकल्स कॉलेज से पढ़ाई की। यहां से उन्होंने साल 1974 में बैचलर ऑफ आर्ट्स, 1975 में मास्टर ऑफ आर्ट्स और 1981 में पीएचडी पूरी की।

प्रमुख रचनाएं

कनाडाई लेखिका ऐन कार्सन ने 1990 के दशक में कई प्रसिद्ध रचनाएं लिखीं। इनमें ‘इरोस द बिटरस्वीट’, ‘ग्लास, आइरनी एंड गॉड’, ‘ऑटोबायोग्राफी ऑफ रेड’, ‘द ब्यूटी ऑफ द हसबैंड’, ‘डीक्रिएशन’, ‘रेड डॉक’, ‘फ्लोट’ और ‘एच ऑप एच प्लेबुक’ जैसी किताबें शामिल हैं।

इन पुरस्कारों से हो चुकी हैं सम्मानित

नोबेल पुरस्कार से पहले ऐन कार्सन को कई और अवॉर्ड से सम्मानित किया जा चुका है। उन्हें लैनन लिटरेरी अवॉर्ड, ग्रिफिन पोएट्री प्राइज, टीएफ एलियट, प्रिंसेस ऑप अस्तुरियास अवॉर्ड और PEN/नाबोकोव अवॉर्ड जैसे पुरस्कारों से सम्मानित किया जा चुका है।

यह भी पढ़ें
कौन हैं हेनरी कागन और केंसो सोई? केमिस्ट्री में इस खोज के लिए मिला नोबेल पुरस्कार