दीपावली के बाद बुंदेलखंड में एक ऐसा लोकउत्सव शुरू होता है, जिसमें कलाकारों का अंदाज एक ही दिन में बदल जाता है। पहले वे मैदान में उतरकर लाठियों से करतब दिखाते हैं, गीत गाते हैं और नृत्य करते हैं। लेकिन अगले दिन यही कलाकार मौन साध लेते हैं और गायों के साथ गांव की सीमा से बाहर निकल जाते हैं। उत्सव और मौन, शौर्य और साधना का यह अनोखा मेल ही दीवारी को खास बनाता है।

बांदा जिले के बड़ोखर खुर्द गांव के रमेश पाल इस परंपरा को करीब से जीते और नई पीढ़ी तक पहुंचाने में जुटे हैं। उनके लिए दीवारी महज एक लोकनृत्य नहीं, बल्कि बुंदेलखंड के लोकजीवन, आस्था और सामूहिक स्मृति से जुड़ी ऐसी विरासत है, जिसमें हर लाठी के साथ एक कहानी, हर गीत के साथ एक परंपरा और हर कदम के साथ पुरखों की सीख चलती है।

बांदा जिले के बड़ोखर खुर्द गांव के रमेश पाल इसी अभ्यास और परंपरा को आगे बढ़ाने में जुटे हैं। वे दीवारी नृत्य कलाकार हैं और ‘नटराज जन कल्याण समिति’ के माध्यम से इस लोककला के प्रशिक्षण और संरक्षण का काम कर रहे हैं। उनके लिए दीवारी केवल दीपावली के बाद होने वाला नृत्य नहीं, बल्कि बुंदेलखंड की सांस्कृतिक पहचान और पीढ़ियों से चली आ रही विरासत है।

दीवारी को कहीं मौनिया नृत्य तो कहीं पाई-डंडा परंपरा के साथ भी जोड़ा जाता है। इसे देखने पर सबसे पहले कलाकारों की फुर्ती और लाठियों का खेल आकर्षित करता है। लेकिन इस लोककला की दुनिया इससे कहीं बड़ी है। इसमें गीत हैं, संगीत है, शरीर को साधने का अभ्यास है, कृष्ण और ग्वाल-बालों से जुड़ी लोकमान्यताएं हैं और गायों के साथ मौन रहकर चलने की एक परंपरा भी है। रमेश पाल बताते हैं कि दीवारी की शुरुआत भादों पक्ष की पंचमी से मानी जाती है। कलाकार गांव-गांव जाकर अभ्यास करते हैं और दीपावली के आसपास इसका प्रदर्शन अपने पूरे रंग में सामने आता है।

छह फुट की लाठी और पांच सौ ग्राम का संतुलन

दीवारी में इस्तेमाल होने वाली लाठी बांस की होती है। रमेश पाल के अनुसार, इसकी लंबाई लगभग छह फुट और वजन करीब पांच सौ ग्राम रहता है। कलाकार इसे हाथ में लेकर नृत्य करते हैं। लाठी इस कला का मुख्य आधार है। इसे घुमाने, रोकने, सामने वाले की लाठी से टकराने और फिर उसी गति में अगली मुद्रा बनाने के लिए हाथ, कलाई, कंधे, गर्दन और पूरे शरीर का संतुलन जरूरी होता है।

दीवारी के दौरान कलाकार आमने-सामने आते हैं। कभी एक कलाकार वार करने की मुद्रा बनाता है तो दूसरा अपनी लाठी से उसे रोकता है। फिर दोनों की लाठियां तेजी से घूमती हैं। पैरों की गति और शरीर का झुकाव इस पूरे खेल को नृत्य का रूप देते हैं। देखने वाले को यह युद्धकौशल का प्रदर्शन लगता है, लेकिन कलाकारों के लिए यह लय और तालमेल का अभ्यास भी है। रमेश पाल इसे शौर्य, साहस और कौशल से जुड़ी कला मानते हैं।

उनके मुताबिक, दीवारी में केवल ताकत दिखाना पर्याप्त नहीं है। कलाकार को अपनी गति पर नियंत्रण रखना पड़ता है। लाठी की चोट तेज हो सकती है, लेकिन उसका संचालन अनुशासन के साथ होना चाहिए। सामने वाले कलाकार की गति को समझना और उसके साथ तालमेल बैठाना भी जरूरी है। यही वजह है कि दीवारी के अभ्यास में शारीरिक मजबूती के साथ एकाग्रता पर भी ध्यान दिया जाता है।

रमेश पाल योग और व्यायाम को भी इस कला की तैयारी का हिस्सा बताते हैं। उनके अनुसार, कलाकारों को प्रदर्शन से पहले शरीर को तैयार करना पड़ता है। गर्दन और मेरुदंड को सीधा रखना, कंधों को मजबूत बनाना, सांसों पर नियंत्रण और शरीर को संतुलित रखना इसके अभ्यास में मददगार है। योगासन, प्राणायाम और ध्यान की साधना भी कलाकारों को दीवारी के लिए तैयार करने में उपयोगी होती है।

बच्चों के हाथ में छोटी लाठी, आगे चलकर बड़ी जिम्मेदारी

दीवारी की परंपरा को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए बच्चों को छोटी उम्र से ही इससे जोड़ने की कोशिश की जाती है। रमेश पाल बताते हैं कि बाल्यावस्था में ग्वाल-बाल छोटे लकड़ी के डंडों के साथ नृत्य करते थे। इन्हीं छोटे डंडों के साथ किया जाने वाला नृत्य पाई-डंडा कहलाता है। बच्चे पहले छोटे डंडों को पकड़ना, घुमाना और उनके साथ कदम मिलाना सीखते हैं। उम्र और अभ्यास बढ़ने के साथ वे बड़ी लाठियों के इस्तेमाल की ओर बढ़ते हैं।

पाई-डंडा नृत्य में बच्चे गोलाकार समूह बनाकर घूमते हैं। उनके हाथों में छोटे डंडे होते हैं और वे गीतों तथा ताल के साथ अपनी गति बदलते हैं। रमेश पाल के अनुसार, यह अभ्यास बच्चों में हाथों और पैरों का तालमेल विकसित करता है। बाद में यही कौशल दीवारी के बड़े रूप में काम आता है। वे इस परंपरा को केवल नृत्य सीखने का माध्यम नहीं मानते, बल्कि बच्चों के भीतर अनुशासन, आत्मविश्वास और सामूहिकता विकसित करने का तरीका भी मानते हैं।

इस नृत्य की खासियत यह है कि इसमें कलाकारों की अलग-अलग भूमिकाएं होती हैं। कोई टेर लगाता है, कोई दीवारी गीत गाता है, कोई वाद्ययंत्र बजाता है और बाकी कलाकार नृत्य में हिस्सा लेते हैं। समूह का नायक पूरी टोली को संभालता है। इस तरह एक प्रस्तुति किसी एक कलाकार की नहीं, बल्कि पूरी टोली की मेहनत का नतीजा होती है।

लाल रंग की पोशाक, मोरपंख और घुंघरुओं की झंकार

दीवारी कलाकारों की वेशभूषा भी इसकी पहचान का अहम हिस्सा है। रमेश पाल के अनुसार, कलाकार रंग-बिरंगे जांघिये और हाफ शर्ट जैसी बंडी पहनते हैं। पोशाक में लाल रंग की प्रधानता रहती है और दूसरे रंगों की पट्टियां इसे आकर्षक बनाती हैं। सिर पर पट्टी बांधी जाती है। कमर में फुलरा और पीठ पर गलगंदा सजाया जाता है। पैरों में घुंघरुओं की पाजेब और कमर में घुंघरुओं की पेटी बांधी जाती है। कृष्ण के अनुयायी होने की लोकमान्यता के कारण कलाकार मोरपंख भी लगाते हैं।

जब कलाकार इस वेशभूषा में मैदान में उतरते हैं तो उनका पूरा समूह रंगों और गतियों का एक सुंदर दृश्य बन जाता है। लाठी घूमती है तो कमर के घुंघरू बजते हैं। पैर जमीन पर पड़ते हैं तो ढोल की थाप के साथ उनकी आवाज मिल जाती है। कलाकारों के शरीर की गति और वाद्ययंत्रों की ध्वनि मिलकर ऐसा वातावरण बनाते हैं, जिसमें दर्शक भी खुद को उस लय से अलग नहीं रख पाता।

बुंदेली लोकनृत्य, बुंदेलखंड की लोककला, बांदा, रमेश पाल, दिवारी लोकगीत, मौन चराने की परंपरा, Bundelkhand Diwari Dance, Diwari Folk Dance
दीवारी नृत्य की झलकियां।

दीवारी में ढोल और नगाड़े के साथ उसका छोटा रूप नगड़िया बजाया जाता है। गीतों की शुरुआत सुमिरनी से होती है। इसके बाद टेर लगाई जाती है और फिर दीवारी के विशेष गीत गाए जाते हैं। रमेश पाल बताते हैं कि शुरुआत में एकल गायन होता है, लेकिन प्रस्तुति आगे बढ़ने के साथ समूह के कई गायक भी स्वर मिलाने लगते हैं। इस तरह गीत एकल आवाज से सामूहिक गायन में बदल जाता है।

गीतों में कृष्ण भी हैं, राम भी और गांव का जीवन भी

दीवारी के गीतों में बुंदेली लोकजीवन की सहजता और मिठास दिखाई देती है। इनमें धार्मिक कथाएं हैं, प्रेम और भक्ति है, परिवार के रिश्ते हैं और गांव के रोजमर्रा के प्रसंग भी हैं। रमेश पाल बताते हैं कि दीवारी में कई पारंपरिक गीत गाए जाते हैं। एक टेर में गाया जाता है –

वृंदावन बसवौ तजौ, अरे हौन लगी अनरीत। तनक दही के कारने, बहिया गहत अहीर।।

गीत में वृंदावन और दही का प्रसंग है। कृष्ण और ग्वालों से जुड़ी लोकस्मृति को बुंदेली बोली में जिस सहजता से व्यक्त किया गया है, वही इसे खास बनाती है। एक दूसरे गीत में ढोल की थाप और घर के रिश्तों का चुटीला चित्र है –

ठुमुक ठुमुक ढोलवा बाजै, जेरा लहरियां लेया रे। सास ननदिया बारे कै बैरिन, ढोलवा न देखन देया रे।।

इन गीतों में कहीं कृष्ण की लीलाएं हैं तो कहीं रामकथा के प्रसंग। कहीं राधा-कृष्ण का प्रेम है तो कहीं गांव की गलियों और परिवार के रिश्तों की झलक। एक गीत में बड़ोखर खुर्द का नाम भी आता है –

ग्राम बड़ोखर खुर्द बसौ है, तिंदवारा के पासा रे।

लोकगीतों की यही विशेषता है कि वे अपने समय और समाज को भी अपने भीतर दर्ज करते चलते हैं। उनमें केवल देवी-देवताओं की कथाएं नहीं होतीं, बल्कि गांव, खेत, पशु, रिश्ते और स्थानीय जीवन भी शामिल होते हैं। दीवारी के गीत इस लोकस्मृति को पीढ़ी-दर-पीढ़ी आगे बढ़ाते हैं।

लाठियों के खेल के बाद मौन होकर गायों के साथ निकलते हैं कलाकार

दीवारी की सबसे दिलचस्प परंपराओं में से एक है मौन चराना। यह परंपरा नृत्य के अगले दिन निभाई जाती है। रमेश पाल बताते हैं कि दीवारी के कलाकार और उनके साथ कुछ अन्य लोग मौन व्रत रखते हैं। ऐसे लोगों को मौनिहा कहा जाता है। वे मोरपंखों को एक साथ बांधकर मुठवा बनाते हैं। गाय की पूंछ से बनी रस्सी, जिसे नोई कहा जाता है, भी इस परंपरा से जुड़ी होती है।

मौनिहा गायों को लेकर गांव से बाहर निकलते हैं। इस दौरान वे मौन रहते हैं और गायों को चराते हैं। रमेश पाल बताते हैं कि इस परंपरा में पांच गांवों की सीमा तक जाकर लौटने का चलन है। उनके अनुसार, इस दिन गायों को खूंटे से बांधने के बजाय चरने के लिए छोड़ दिया जाता है। यह परंपरा भगवान कृष्ण और ग्वाल-बालों से जुड़ी लोककथाओं से भी जोड़ी जाती है।

बुंदेली लोकनृत्य, बुंदेलखंड की लोककला, बांदा, रमेश पाल, दिवारी लोकगीत, मौन चराने की परंपरा, Bundelkhand Diwari Dance, Diwari Folk Dance
नृत्य के अगले दिन मौन होकर गायों को चराने की परंपरा निभाते मौनिया कलाकार।

उन्होंने इस परंपरा का संबंध उस कथा से बताया है, जब कृष्ण ने गोवर्धन पर्वत उठाया था और ग्वाल-बालों को मौन रहकर एकाग्रचित्त रहने की सीख दी थी। इसे दीवारी से जुड़ी धार्मिक लोकमान्यता के रूप में देखा जाता है। इस परंपरा में गायों के प्रति आत्मीयता और पशुपालन से जुड़े ग्रामीण जीवन की झलक भी मिलती है।

इस दृश्य की कल्पना कीजिए – एक दिन पहले ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच लाठियां घुमाने वाले कलाकार अगले दिन मौन हैं। हाथ में मोरपंखों का मुठवा है, साथ में गायें हैं और रास्ता गांव से खेतों की ओर जाता है। उत्सव की चहल-पहल के बाद यह मौन एक अलग ही अनुभव देता है। दीवारी में शौर्य और गति के साथ संयम और एकाग्रता का यह पक्ष भी जुड़ा हुआ है।

राम से कृष्ण तक जुड़ी परंपरा की लोककथा

दीवारी की उत्पत्ति को लेकर रमेश पाल ने एक रोचक मान्यता बताई। उनके अनुसार, इस नृत्य की शुरुआत भगवान राम के समय लंका विजय के बाद अयोध्या लौटने के प्रसंग से जुड़ी मानी जाती है। उस समय अयोध्या में उत्सव का वातावरण था और लाठियों के साथ नृत्य की प्रस्तुति की गई थी। इस विशेष नृत्य को दीपावली नृत्य कहा गया और आगे चलकर इसका नाम दीवारी नृत्य पड़ा।

वे बताते हैं कि इसका क्रमिक विकास भगवान कृष्ण के समय में हुआ। उस दौर में गोवंश का ग्रामीण अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण स्थान था। गायों से दूध, दही और छाछ मिलती थी। बैलों का उपयोग खेती के काम में होता था। ग्वाल-बालों के जीवन और कृष्ण की लीलाओं से जुड़ी स्मृतियों ने इस नृत्य को नया रूप दिया। रमेश पाल इसे बुंदेलखंड की पुरानी सांस्कृतिक परंपरा के रूप में देखते हैं।

उनके मुताबिक, दीवारी के विकास को बुंदेलखंड के बांदा जनपद से भी जोड़कर देखा जाता है। इससे जुड़ी कथाओं में महाभारत के प्रसंगों और क्षेत्र के पुराने राजाओं का भी उल्लेख मिलता है। ये विवरण लोकपरंपरा और स्थानीय मान्यताओं के रूप में महत्वपूर्ण हैं। इनके जरिए यह समझा जा सकता है कि किसी लोककला के साथ समय के साथ कितनी तरह की कहानियां जुड़ती चली जाती हैं।

गांव से लाल किले और अंतरराष्ट्रीय मंचों तक

रमेश पाल का प्रयास दीवारी को गांवों तक सीमित रखने का नहीं रहा। वे इसे बड़े सांस्कृतिक मंचों तक ले जाने की कोशिश करते रहे हैं। उनके मुताबिक, उन्होंने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के कई आयोजनों में अपनी टोली के साथ प्रस्तुतियां दी हैं। वे बताते हैं कि 26 जनवरी 2005 को गणतंत्र दिवस के अवसर पर उनकी टोली ने राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम के सामने प्रस्तुति दी थी। इस प्रदर्शन की सराहना भी हुई थी।

बुंदेली लोकनृत्य, बुंदेलखंड की लोककला, बांदा, रमेश पाल, दिवारी लोकगीत, मौन चराने की परंपरा, Bundelkhand Diwari Dance, Diwari Folk Dance
बुंदेलखंड की दीवारी लोक कला को सहेजते बांदा के कलाकार रमेश पाल। तस्वीर में वे मशहूर लोक गायिका मालिनी अवस्थी के साथ हैं।

वे वर्ष 2004 में जालंधर में अखिल भारतीय रचनात्मक समाज की ओर से आयोजित कार्यक्रम में प्रस्तुति, वर्ष 2005 में गोवा के लोक महोत्सव में भागीदारी और वर्ष 2009 में भोपाल में सम्मान मिलने का भी जिक्र करते हैं। वे अपनी टोली के साथ मॉरीशस में भी प्रस्तुति दे चुके हैं। उनके पास बंगलुरु के अंतरराष्ट्रीय कला महोत्सव और देश के कई सांस्कृतिक आयोजनों से जुड़ी तस्वीरें भी हैं।

रमेश पाल बताते हैं कि अब तक उनकी संस्था के माध्यम से करीब दो हजार छात्र-छात्राओं को दीवारी नृत्य का प्रशिक्षण दिया जा चुका है। यह संख्या उनके लिए केवल उपलब्धि नहीं, बल्कि इस बात की उम्मीद भी है कि लोककला को सीखने और आगे बढ़ाने वाले लोग मौजूद हैं। उनकी संस्था ‘नटराज जन कल्याण समिति’ इसी उद्देश्य से काम कर रही है।

उन्हें विभिन्न संस्थाओं और मंचों से सम्मान भी मिले हैं। उनके पास राष्ट्रपति सचिवालय से प्राप्त पत्र, सांस्कृतिक आयोजनों के प्रमाणपत्र और अन्य प्रशस्ति पत्र भी हैं। इन सम्मानों के बीच उनके लिए सबसे बड़ी उपलब्धि शायद यह है कि दीवारी को सीखने वाले बच्चों और युवाओं की एक टोली तैयार हो रही है।

अगली पीढ़ी के हाथों में थमेगी विरासत की लाठी

लोककलाओं के सामने सबसे बड़ी चुनौती यह होती है कि उन्हें देखने वाले तो मिल जाते हैं, लेकिन सीखने और नियमित अभ्यास करने वाले कम होते जाते हैं। दीवारी जैसी कला में यह चुनौती और बड़ी है, क्योंकि इसमें केवल गीत या नृत्य याद कर लेना पर्याप्त नहीं। कलाकार को शरीर साधना पड़ता है, लाठी पर नियंत्रण सीखना पड़ता है और समूह के साथ तालमेल बनाना पड़ता है।

रमेश पाल इसी वजह से बच्चों को छोटी उम्र से प्रशिक्षण देने पर जोर देते हैं। उनका मानना है कि दीवारी को जीवित रखने के लिए गांवों में अभ्यास की परंपरा बनी रहनी चाहिए। बच्चों को यह पता होना चाहिए कि उनके अपने क्षेत्र में ऐसी लोककला मौजूद है, जिसे सीखकर वे अपनी सांस्कृतिक विरासत से जुड़ सकते हैं।

दीवारी की खूबसूरती इसी में है कि यह किसी एक व्यक्ति की कला नहीं है। इसमें गायक है, वादक है, नृत्य करने वाला कलाकार है, टोली का नायक है और वह बच्चा भी है जो पहली बार छोटा डंडा हाथ में लेकर कदम मिलाने की कोशिश कर रहा है। हर किसी की अपनी भूमिका है। यही सामूहिकता इसे जीवंत बनाती है।

जब अगली बार बुंदेलखंड के किसी गांव में दीपावली के बाद ढोल और नगड़िया की आवाज सुनाई दे और रंग-बिरंगे परिधानों में सजे कलाकार लाठियां लेकर मैदान में उतरें, तो उस दृश्य को केवल एक लोकनृत्य का प्रदर्शन समझकर आगे न बढ़ जाइएगा। उन लाठियों के पीछे पीढ़ियों का अभ्यास है, गीतों में गांवों की स्मृति है और मौन चराने की परंपरा में प्रकृति और पशुओं के साथ जुड़ा जीवन है।

रमेश पाल जैसे कलाकार इसी पूरी दुनिया को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं। उनकी उम्मीद है कि छोटे हाथों में थमे डंडे एक दिन दीवारी की लंबी लाठियां बनेंगे, बच्चे गीतों की टेर सीखेंगे और गांवों में फिर वही सामूहिक स्वर गूंजेगा। किसी लोककला के लिए इससे सुखद अंत और क्या होगा कि उसे बचाने की चिंता करने वाली पीढ़ी के बाद उसे आगे बढ़ाने वाली नई पीढ़ी भी तैयार हो जाए।