सेल्फ-हेल्प किताबों से अक्सर एक शिकायत रहती है कि वे वही पुरानी बातें दोहराती हैं। ब्रायन ट्रेसी की ‘फ्लाइट प्लान: द रियल सीक्रेट ऑफ सक्सेस’ (हिंदी में ‘कामयाबी का असली रहस्य’) भी कोई नई बात नहीं कहती। लक्ष्य तय करो, योजना बनाओ, मेहनत करो, गिरो तो उठो। पर इसकी तरकीब अलग है। पूरी किताब एक हवाई यात्रा के सहारे चलती है, और यही इसकी सबसे बड़ी ताकत भी है।

पुस्तक के बारे में प्रकाशक का कहना है कि ब्रायन ट्रेसी ने विमान यात्रा के रूपक के जरिए सफलता को समझाने की कोशिश की है। प्रकाशक के मुताबिक, सफलता किस्मत, संयोग या किसी रहस्यमय शक्ति का नतीजा नहीं है, बल्कि विमान की उड़ान की तरह है। अनुकूल हवा विमान को तेजी से आगे बढ़ने में मदद करती है, जबकि विपरीत हवा उसकी रफ्तार धीमी कर सकती है। इसके बावजूद एक कुशल पायलट परिस्थितियों के अनुसार अपनी दिशा और उड़ान को नियंत्रित करते हुए मंजिल तक पहुंचता है। इसी तरह जीवन में भी सफलता के कुछ नियम और सिद्धांत हैं। उन्हें समझकर और अपनाकर व्यक्ति अपनी क्षमताओं का बेहतर इस्तेमाल कर सकता है और अपने लक्ष्य तक पहुंच सकता है।

विमान वाली सोच

ट्रेसी की बात सीधी है। पायलट बिना यह जाने विमान नहीं उड़ाता कि उसे कहां जाना है। फिर हम बिना मंज़िल तय किए जिंदगी क्यों उड़ाते रहते हैं? और जो बात मुझे सबसे दिलचस्प लगी, वह यह कि विमान अपने तय रास्ते पर सीधा चलता भी नहीं। हवा उसे इधर-उधर धकेलती रहती है, पायलट बार-बार दिशा सुधारता है, और विमान फिर भी मंज़िल पर पहुंच जाता है। यानी भटकना कोई असफलता नहीं, यात्रा का हिस्सा है।

किताब के कुल बारह अध्याय हैं, और उनके नाम ही पूरी कहानी कह देते हैं: ‘Choose Your Destination’ से शुरुआत, ‘Write Your Flight Plan’, ‘Prepare for Your Journey’, फिर ‘Take Off at Full Throttle’। यहां तक की बातें लगभग वही हैं जो हम सब पहले से जानते हैं। मंजिल चुनो, योजना को कागज़ पर लिखो, तैयारी करो और फिर टालना बंद करके शुरू कर दो। ट्रेसी का जोर इस पर है कि तैयारी ज़रूरी है, पर तैयारी करते रहना भी एक तरह का बहाना बन सकता है। यह बात चुभती है, क्योंकि कितनी ही योजनाएँ हमारे यहां “कल से शुरू करेंगे” पर ही दम तोड़ देती हैं।

जहां किताब सचमुच काम की लगी

मेरे लिए किताब असली मायनों में छठे अध्याय ‘Plan for Turbulence’ से शुरू होती है। ट्रेसी कहते हैं कि मुश्किलें आएंगी, यह मानकर चलो और उनके लिए पहले से तैयार रहो। पैसे की तंगी, किसी का साथ छोड़ देना, कोई उम्मीद टूट जाना, ये सब अपवाद नहीं, नियम हैं। इसके तुरंत बाद आता है सातवां अध्याय ‘Make Continual Course Corrections’, और मुझे लगता है कि पूरी किताब का निचोड़ यही है। हममें से ज़्यादातर लोग अपने पुराने फ़ैसले को सही साबित करने में इतनी ऊर्जा लगा देते हैं कि रास्ता बदलना हार जैसा लगने लगता है। किताब याद दिलाती है कि मंज़िल पर पहुंचना जरूरी है, किसी एक रास्ते की जिद नहीं।

दसवें अध्याय ‘Avoid Shortcuts and Other Mirages’ की सीख आज के दौर में और भी प्रासंगिक है। हर तरफ “तीन महीने में अमीर बनो” जैसे वादे घूम रहे हैं। ट्रेसी चेताते हैं कि दूर से चमकती हर चीज मंजिल नहीं होती। हालांकि वे यह भी मानते हैं कि हर छोटा रास्ता गलत नहीं होता। समस्या तब है जब हम बिना सोचे सिर्फ़ मेहनत से बचने के लिए कोई रास्ता पकड़ लें। यह संतुलन मुझे पसंद आया।

बाकी अध्याय सीखते रहने (‘Accelerate Your Learning and Progress’), डर पर काबू पाने (‘Master Your Fears’) और आखिर में डटे रहने (‘Persist Until You Succeed’) की बात करते हैं। डर वाला हिस्सा व्यावहारिक है। उनका सुझाव है कि सीधे बड़ी चुनौती में कूदने के बजाय छोटे-छोटे कदमों से डर का सामना करो, जैसे मंच पर बोलने से डरते हो तो पहले परिवार के सामने बोलो। आखिरी अध्याय में एक अच्छी बात है कि डटे रहने का मतलब एक ही गलती को बार-बार दोहराना नहीं है। तरीका बेकार हो तो बदलना पड़ेगा।

कमियां भी हैं

अब ईमानदारी की बात। किताब कई जगह खुद को दोहराती है। विमान का उदाहरण शुरू में जितना ताजा लगता है, आगे चलकर उतना ही खिंचा हुआ लगने लगता है। जिसने पहले से ऐसी किताबें पढ़ी हैं, उसे लग सकता है कि वही सलाह नए कपड़ों में लौट आई है।

दूसरी बात ज़्यादा गंभीर है। किताब का पूरा ज़ोर व्यक्ति की योजना और मेहनत पर है, जबकि असल जिंदगी में सबके पास एक जैसा ईंधन और एक जैसा रनवे नहीं होता। किसी पर घर की ज़िम्मेदारियाँ हैं, किसी के पास पूंजी नहीं है, किसी को मौके ही कम मिले हैं। इन सबके बीच “बस योजना बनाओ और उड़ो” थोड़ा आसान सुनाई देता है। इसलिए किताब की सीख को अपने हालात के हिसाब से छानकर लेना ही ठीक रहेगा।

किसे पढ़नी चाहिए

अगर आप विद्यार्थी हैं और समझ नहीं पा रहे कि पढ़ाई की दिशा कैसे तय करें, या नौकरी में अटके हुए हैं, या कुछ अपना शुरू करना चाहते हैं पर पहला कदम नहीं उठा पा रहे, या कई बार असफल होकर थक चुके हैं, तो यह किताब आपको सोचने की एक साफ़ रूपरेखा दे सकती है। भाषा सरल है और पढ़ने में बोझ नहीं लगती। पर इसे पढ़कर ज़िंदगी बदल जाने की उम्मीद मत रखिए। किताब ज़्यादा से ज़्यादा एक नक्शा थमा सकती है, चलना आपको ही पड़ेगा।

मेरी राय में ‘फ्लाइट प्लान’ कोई क्रांतिकारी किताब नहीं है, पर एक भरोसेमंद, सलीकेदार और व्यावहारिक किताब ज़रूर है। इसकी सबसे बड़ी देन शायद यही है कि यह भटकने को शर्म की बात नहीं रहने देती।

पुस्तक: Flight Plan – The Real Secret Of Success – फ्लाइट प्लान – कामयाबी का असली रहस्य (हिंदी में)

लेखक: ब्रायन ट्रेसी (अनुवाद : डॉ. सुधीर दीक्षित)

मूल्य: 250/रुपये

प्रकाशक: मंजुल पब्लिशिंग हाउस (हिंदी संस्करण)

यह भी पढ़ें: पुस्तक समीक्षा: ‘विस्मृत नगरों की खोज’ में पढ़ें भारतीय पुरातत्व की रोमांचक दास्तान

कहते हैं कि हिन्दी पट्टी में हर कोई जन्मजात इतिहासकार और डाक्टर होता है। किसी भी रोग की चर्चा कीजिए हर किसी के पास उस रोग के दो-चार उपचार होते हैं। हर किसी के पास इतिहास का निजी संस्करण उपलब्ध रहता है। प्रमाणिक इतिहास के प्रति उदासी या लापारवाही हिन्दी समाज की आम प्रवृत्ती प्रतीत होती है। ऐसे समाज में सहज भाषा में प्रमाणिक इतिहास को प्रस्तुत करना बुद्धिजीवियों का जरूरी दायित्व है। प्रो. नयनजोत लाहिड़ी की चर्चित पुस्तक फाइडिंग फारगाटेन सिटीज का हिन्दी में अनुदित होना इस दिशा में एक सरहानीय प्रयास है। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां पर करें क्लिक