त्योहारों का मौसम आते ही हमारे आसपास की दुनिया बदलने लगती है। विज्ञापनों की दुनिया हमें याद दिलाने लगती है कि उत्सव मनाने का समय आ गया है। इसी चमक-दमक के बीच एक दूसरा संसार भी है, जहां लोग अपनी जेब का हिसाब लगा रहे होते हैं। त्योहार दरवाजे पर खड़ा होता है, लेकिन मन बजट की चौखट पर अटक जाता है।

ऐसे में एक सवाल उठता है कि जब संसाधन सीमित हों और चारों ओर उपभोग का उत्सव चल रहा हो, तब हम अपना उत्साह कैसे बचाएं? क्या त्योहार मनाने के लिए जेब में पर्याप्त पैसे होना जरूरी है? अगर बाजार की चमक हमारे जीवन की वास्तविकता से कहीं ज्यादा हो, तो क्या हम अपने हिस्से की रोशनी पैदा कर सकते हैं?

बाजार के विज्ञापन हमारी जरूरतों और इच्छाओं के बीच की दूरी मिटा देते हैं। धीरे-धीरे हमें लगने लगता है कि जो चीज हमारे पास नहीं है, उसके बिना हमारा उत्सव अधूरा है। त्योहारों के दौरान यह दबाव और बढ़ जाता है। सोशल मीडिया पर सजे घर, महंगे उपहार, नए कपड़े, खूबसूरत पकवान और घूमने-फिरने की तस्वीरें दिखाई देती हैं।

हम दूसरों की खुशियों के उन चुनिंदा पलों को देखते हैं और अनजाने में अपने जीवन की तुलना उनसे करने लगते हैं। किसी की चमकती तस्वीर हमारे साधारण दिन को फीका कर देती है। किसी के नए घर की सजावट हमें अपने घर की कमियां दिखाने लगती है।

त्योहारों का मूल संबंध सामूहिकता, प्रकृति, ऋतुओं, आस्था और सामाजिक मेलजोल से रहा है। इसका मतलब यह नहीं कि चीजें खरीदना गलत है या बाजार से दूरी बना लेना ही उत्सव मनाने का आदर्श तरीका है। बाजार हमारी जिंदगी का हिस्सा है। समस्या तब पैदा होती है जब बाजार हमारे उत्सव का अर्थ भी तय करने लगता है।

खरीदारी उत्सव का हिस्सा हो सकती है, लेकिन उत्सव को खरीदारी का पर्याय बना देना हमारी कल्पनाशीलता को सीमित कर देता है। हमें यह समझने की जरूरत है कि त्योहार मनाने के लिए साधनों की जरूरत हो सकती है, लेकिन उत्सव महसूस करने के लिए संवेदना चाहिए।

आर्थिक सीमाओं के बीच खुश रहने की बात करना आसान है। किसी ऐसे व्यक्ति से, जिसके पास घर का किराया चुकाने के पैसे न हों या जो बच्चों की जरूरतें पूरी करने के लिए संघर्ष कर रहा हो, यह कहना कि खुशियां पैसों से नहीं खरीदी जातीं, उसकी मुश्किलों को छोटा करना होगा।

आर्थिक असुरक्षा वास्तविक है और उसका समाधान केवल सकारात्मक सोच नहीं हो सकता। इसलिए उत्सव को लेकर सबसे पहला कदम है अपनी आर्थिक स्थिति को स्वीकार करना। जितने पैसे उपलब्ध हैं, उसी के अनुसार खर्च तय करना और दूसरों की देखा-देखी कर्ज लेकर खरीदारी करने से बचना जरूरी है।

बाजार केवल वस्तुएं नहीं बेचता, वह एक आदर्श जीवन की तस्वीर भी बेचता है। जरूरत यह है कि हम अपना आदर्श खुद तैयार करें। जिंदगी हमारी है तो उत्सव का पैमाना भी हम ही तय करेंगे।