‘शब्दयात्री’ में इस बार जाने-माने कथाकार अमृतलाल नागर की कहानी। आगरा में जन्मे और लखनऊ में पले-बढ़े इस लेखक ने अपने आसपास की दुनिया को इतनी बारीकी से देखा कि उनके उपन्यासों में पूरा शहर, उसका इतिहास और उसमें रहने वाले लोग जीवित हो उठे। बचपन में किस्से सुनने का शौक था। बड़े हुए तो उन्हीं किस्सों को अपने ढंग से कहने लगे। लेकिन नागर की कहानी सिर्फ एक किस्सागो की कहानी नहीं है। यह उस लेखक की कहानी है, जिसने उन लोगों को साहित्य का नायक बनाया, जिनकी ओर अक्सर समाज नजर उठाकर भी नहीं देखता।

किस्से सुनने का शौक भी किसी को लेखक बना सकता है, यह अमृतलाल नागर की जिंदगी से समझा जा सकता है। बचपन में उन्हें कहानियां सुनने की ऐसी धुन थी कि वे एक अफीमची दारोगा को पैसे देकर किस्से सुना करते थे। उस उम्र में उन्हें कहां पता रहा होगा कि जिन कहानियों के लिए वे पैसे खर्च कर रहे हैं, वही आगे चलकर उनकी अपनी लेखकीय दुनिया का हिस्सा बनेंगी। तब वे सिर्फ एक उत्सुक श्रोता थे। उन्हें कहानी सुननी थी, उसके पात्रों के साथ दूर-दूर तक जाना था और यह जानना था कि आगे क्या हुआ।

आगे चलकर यही शौक उनकी पहचान बना। अमृतलाल नागर ने हिंदी साहित्य को ऐसे उपन्यास दिए, जिनमें किस्सागोई का मजा भी है और जीवन की गहरी समझ भी। उनके यहां राजा-रानी और ऐतिहासिक पात्रों के साथ गलियों में रहने वाले साधारण लोग भी मिलते हैं। कोई तवायफ है, कोई मजदूर, कोई सफाईकर्मी, कोई छोटा दुकानदार। नागर ने इन लोगों को दूर खड़े होकर नहीं देखा। वे उनके बीच गए, उनकी बातें सुनीं और उनकी जिंदगी को समझने की कोशिश की। नागर के बारे में जानने की कोशिश करने पर पता चलता है कि वह एक ऐसे लेखक हैं, जो कल्पनाओं में नहीं जीते हैं, बल्कि हर शब्द को लिखते समय उनका उससे सामाजिक रिश्ता साफ दिखता है।

17 अगस्त 1916 को आगरा के गोकुलपुरा में जन्मे नागर का परिवार बाद में लखनऊ में बस गया। उनके दादा शिवराम नागर 1895 में लखनऊ आ गए थे। इस शहर ने अमृतलाल नागर को सिर्फ रहने की जगह नहीं दी, बल्कि उनके लेखन को एक ऐसी दुनिया दी, जो उनकी रचनाओं में बार-बार दिखाई देती है। लखनऊ के मोहल्ले, चौक की गलियां, वहां की बोलियां और लोगों का बातचीत करने का ढंग उनके साहित्य में इस तरह आया कि पाठक को लगता है जैसे वह खुद उन गलियों से गुजर रहा हो।

लखनऊ के मोहल्लों में कहानियां खोजने वाला लेखक

अमृतलाल नागर के लखनऊ को समझने के लिए उसकी पुरानी गलियों में जाना पड़ता है। वह लखनऊ, जिसकी पहचान केवल नवाबों, इमामबाड़ों और तहजीब से नहीं थी। वहां छोटे दुकानदार थे, कारीगर थे, मजदूर थे, तवायफों के कोठे थे और तरह-तरह के पेशों से जुड़े लोग थे। हर मोहल्ले की अपनी बोली थी, अपना मिजाज था और अपने किस्से थे। नागर ने इस दुनिया को बहुत करीब से देखा।

वे लोगों से मिलने-जुलने और उनकी बातें सुनने में दिलचस्पी रखते थे। किसी की बातचीत में इस्तेमाल हुआ कोई शब्द, कोई पुराना मुहावरा या किसी घटना को सुनाने का उसका अंदाज उनके ध्यान से नहीं बचता था। वे केवल यह नहीं देखते थे कि कोई व्यक्ति क्या कह रहा है, यह भी समझने की कोशिश करते थे कि वह ऐसा क्यों कह रहा है। उनके लिए किसी आदमी की छोटी-सी बात के पीछे उसका पूरा जीवन खुल सकता था।

इसीलिए उनके उपन्यासों में लखनऊ केवल पृष्ठभूमि बनकर नहीं आता। शहर के लोग, उनके घर, उनकी परेशानियां, उनके रिश्ते और उनके बीच चलने वाली बातचीत कहानी का हिस्सा बन जाते हैं। नागर के पात्रों की भाषा भी उनकी अपनी होती है। वे सब एक जैसी हिंदी नहीं बोलते। जिस सामाजिक दुनिया से उनका रिश्ता है, उसी के मुताबिक उनकी जुबान और बोलने का अंदाज सामने आता है।

नागर की यह खूबी अचानक नहीं बनी थी। बचपन से ही उन्हें लोगों के बीच बैठकर किस्से सुनने का शौक था। बाद में उन्होंने इस शौक को अपने लेखन की ताकत बना लिया। वे जानते थे कि किसी शहर को समझना हो तो उसकी मशहूर इमारतें देखना काफी नहीं है। उसकी असली कहानी उन लोगों के पास होती है, जो रोज उस शहर में जीते हैं।

तिलिस्म-ए-होशरुबा, गुलजार नसीम और जहर-ए-इश्क

बचपन के किस्सों का जिक्र करते हुए अमृतलाल नागर ने अज्ञेय के साथ एक बातचीत में अपने एक अफीमची किस्सागो का उल्लेख किया था। नागर के मुताबिक, वे करीब डेढ़ साल तक उस किस्सागो के संपर्क में रहे और उससे पुराने किस्से सुने। बातचीत में तिलिस्म-ए-होशरुबा, गुलजार नसीम और जहर-ए-इश्क जैसी रचनाओं के नाम भी आते हैं। उनके बचपन में सुने गए इन किस्सों ने कहानी कहने की उस पुरानी परंपरा से उनका परिचय कराया, जिसमें सुनाने वाला अपनी आवाज, हावभाव और कल्पना के सहारे श्रोता को एक दूसरी दुनिया में पहुंचा देता था।

तिलिस्म-ए-होशरुबा जैसी दास्तानों की दुनिया में जादू, तिलिस्म, रोमांच, लड़ाइयां और अनगिनत पात्र थे। एक कहानी खत्म होती तो दूसरी शुरू हो जाती। सुनने वाला आगे की घटना जानने के लिए उत्सुक रहता। गुलजार नसीम और जहर-ए-इश्क भी उस किस्सागोई की परंपरा से जुड़ी रचनाएं थीं, जिनका अपना पाठक और श्रोता वर्ग था। नागर ने इस संसार को बचपन में सुना और बाद में साहित्य में कहानी कहने की अपनी अलग शैली विकसित की।

उनके उपन्यासों में घटनाएं केवल घटती नहीं हैं, वे धीरे-धीरे खुलती हैं। पात्रों को अपनी बात कहने का पूरा मौका मिलता है। कई बार कोई छोटा-सा प्रसंग इतना विस्तार पा जाता है कि उसके साथ एक पूरा सामाजिक परिवेश सामने आ जाता है। यह अंदाज उस किस्सागोई की याद दिलाता है, जिसमें कहानी सुनने वाला बीच में उठना नहीं चाहता था। नागर के लेखन में किस्से का आकर्षण है, लेकिन उसके भीतर जीवन की सच्चाइयां भी हैं।

चौक की गलियों से उठाए कथा के किरदार

अमृतलाल नागर की रचनाओं में चौक और लखनऊ के पुराने इलाकों की मौजूदगी खास तौर पर दिखाई देती है। उन्होंने वहां के लोगों को केवल देखा नहीं, उनके साथ समय बिताया। उनके जीवन को समझने के लिए उन जगहों तक पहुंचे, जहां जाना हर लेखक के लिए आसान नहीं होता। यही वजह है कि उनके पात्र किसी कल्पना की दुनिया से आए हुए नहीं लगते। उनकी बोली, उनके व्यवहार और उनकी परेशानियों में असली जिंदगी की पहचान मिलती है। बड़ी बात यह है कि वर्षों पहले नागर ने अपने जिस अनुभव को अपनी किताबों में जगह दी है, वह अनुभव आज भी वैसे ही दिखते हैं। मेरे लिए लखनऊ के चौक इलाके की गलियां कुछ उसी तरह से लगती हैं, जैसे एक लेखक के रूप में अमृतलाल नागर को लगती रही होंगी।

इसका एक महत्वपूर्ण उदाहरण है ये कोठेवालियां। इस पुस्तक में नागर ने तवायफों के जीवन को समझने की कोशिश की। उस दुनिया को बाहर से देखने पर अक्सर सिर्फ नाच-गाने, शानो-शौकत और रंगीन महफिलों की तस्वीर बनती है। लेकिन नागर ने उसके भीतर मौजूद महिलाओं की जिंदगी, उनके संघर्ष, उनकी सामाजिक स्थिति और उनके अनुभवों को जानना चाहा। उन्होंने उन महिलाओं से बातचीत की और उनकी बातों को दर्ज किया। इस तरह यह किताब केवल एक खास पेशे से जुड़ी महिलाओं का विवरण नहीं रह जाती, बल्कि उस समाज की कहानी बन जाती है, जिसे अक्सर देखने और समझने से बचा जाता है। कोठेवालियां जिंदगी के उस संघर्ष की प्रतीक हैं, जो उन्हें समाज से बिन मांगे मिला है। नागर ने उनकी जिस पीड़ा को सार्वजनिक किया है, मुझे लगता है कि उसे आज भी महसूस किया जा सकता है।

अमृतलाल नागर के उपन्यास, नाच्यौ बहुत गोपाल, ये कोठेवालियां, गदर के फूल, मानस का हंस
अमृतलाल नागर की रचनाएं।

लखनऊ के अतीत को जानने की उनकी दिलचस्पी गदर के फूल में भी दिखाई देती है। 1857 के विद्रोह से जुड़ी यादों और घटनाओं को जुटाने के लिए उन्होंने अवध के अलग-अलग इलाकों में जाकर लोगों से बातचीत की। इस काम में उन्हें समझ आया कि इतिहास सिर्फ सरकारी कागजों और किताबों में दर्ज नहीं होता। कई बार किसी परिवार में पीढ़ियों से चली आ रही एक कहानी भी उस दौर की कोई महत्वपूर्ण जानकारी बचाए रखती है। ऐसी स्मृतियों को जुटाकर उन्होंने 1857 की घटनाओं को आम लोगों की नजर से देखने का रास्ता बनाया।

नागर के लिए शोध का मतलब सिर्फ किताबों और दस्तावेजों से जानकारी जुटाना नहीं था। वे लोगों के पास जाते थे, उनकी बातें सुनते थे और फिर उन्हें अपने लेखन में जगह देते थे। यही वजह है कि उनके साहित्य में किसी समाज का चित्रण ऊपर-ऊपर से किया हुआ नहीं लगता। वे जिस दुनिया के बारे में लिखते थे, उसे जानने की कोशिश भी करते थे।

जिसने आम लोगों को बनाया साहित्य का नायक

अमृतलाल नागर के साहित्य की एक बड़ी खूबी यह है कि उसमें उन लोगों को भी जगह मिली, जिन्हें आमतौर पर साहित्य का मुख्य पात्र नहीं बनाया जाता था। वे किसी व्यक्ति की सामाजिक हैसियत देखकर यह तय नहीं करते थे कि उसकी कहानी महत्वपूर्ण है या नहीं। उनकी नजर में हर इंसान की जिंदगी में एक कहानी थी। इस सोच का सबसे बड़ा उदाहरण उनका उपन्यास नाच्यौ बहुत गोपाल है।

इस उपन्यास में उन्होंने मेहतर समुदाय के जीवन को केंद्र में रखा। इस समाज के लोगों के बारे में बाहर से राय बना लेना आसान था, लेकिन उनके जीवन की असली परिस्थितियों को समझना अलग बात थी। नागर ने इस उपन्यास को लिखने से पहले करीब ढाई-तीन साल तक इस समुदाय के बीच जाकर काम किया। उन्होंने अलग-अलग बस्तियों में लोगों से मुलाकात की, बातचीत की और उनके जीवन से जुड़ी जानकारियां जुटाईं। इस मेहनत का असर उपन्यास में दिखाई देता है। वहां पात्र किसी सामाजिक बहस के उदाहरण भर नहीं हैं। वे अपनी इच्छाओं, दुखों, रिश्तों और संघर्षों के साथ मौजूद हैं। मैं इसे एक उपन्यास की तरह पढ़कर उसका आनंद ले सकता हूं, पर आज के दौर में ऐसे कितने लेखक हैं, जो कई बरस तक वास्तविक शोध करके जीवंत रचना तैयार करना पसंद करेंगे?

नाच्यौ बहुत गोपाल के जरिए नागर ने उस सामाजिक दूरी को सामने रखा, जो जाति और पेशे के आधार पर लोगों के बीच बनी हुई थी। उन्होंने ऐसे लोगों की जिंदगी को साहित्य के केंद्र में रखा, जिनके बारे में समाज का बड़ा हिस्सा जानना भी जरूरी नहीं समझता था। यह काम केवल किसी उपेक्षित समुदाय पर लिख देने से पूरा नहीं होता। उसके लिए उसके बीच जाना और उसकी बात को सुनना पड़ता है। नागर ने यही किया।

शब्दयात्री के अन्य लेखकों के बारे में यहां पढ़ें

उनकी दूसरी महत्वपूर्ण रचनाओं में बूंद और समुद्र, शतरंज के मोहरे, अमृत और विष, मानस का हंस और खंजन नयन शामिल हैं। इनकी दुनिया एक-दूसरे से अलग है। बूंद और समुद्र में शहर और समाज का विस्तृत जीवन दिखाई देता है। शतरंज के मोहरे में अवध के नवाबी दौर और उसके बदलते राजनीतिक-सामाजिक हालात का चित्रण है। मानस का हंस में तुलसीदास के जीवन और उनके समय को आधार बनाया गया है, जबकि खंजन नयन में सूरदास के जीवन और भक्ति परंपरा की दुनिया सामने आती है।

इन रचनाओं को पढ़ते हुए नागर की एक और विशेषता सामने आती है। वे इतिहास को केवल तारीखों और घटनाओं के रूप में नहीं देखते। उनके लिए इतिहास में जीने वाले लोग भी उतने ही महत्वपूर्ण हैं। उनकी आदतें, डर, इच्छाएं और आपसी रिश्ते किसी समय को समझने में मदद करते हैं। शायद इसी कारण उनके ऐतिहासिक उपन्यास भी केवल अतीत का ब्यौरा नहीं बनते, उनमें जीवन की हलचल बनी रहती है।

फिल्म और रेडियो की दुनिया से साहित्य तक

अमृतलाल नागर का लेखकीय जीवन केवल किताबों तक सीमित नहीं रहा। उन्होंने फिल्म और रेडियो की दुनिया में भी काम किया। 1940 से 1947 के बीच वे फिल्म उद्योग से जुड़े रहे। बंबई, कोल्हापुर और मद्रास में उन्होंने पटकथा और संवाद लेखन का काम किया। उस दौर में फिल्मों के लिए लिखना उनके लिए एक नया अनुभव था। कहानी को पर्दे पर दिखाने के लिए संवाद, दृश्य और पात्रों की गतिविधियां किस तरह काम करती हैं, यह सब उन्होंने करीब से सीखा।

फिल्मों में काम करने के बाद वे लखनऊ लौट आए। दिसंबर 1953 से मई 1956 तक उन्होंने आकाशवाणी लखनऊ में ड्रामा प्रोड्यूसर के रूप में काम किया। रेडियो नाटक की दुनिया में कहानी को केवल आवाज के सहारे श्रोता तक पहुंचाना होता है। संवाद, ध्वनि और कलाकारों की आवाज के जरिए दृश्य रचना पड़ती है। नागर के लिए यह भी कहानी कहने का एक अलग माध्यम था। लेकिन नियमित नौकरी के साथ वे अपने लेखन को पूरा समय नहीं दे पा रहे थे। आखिरकार उन्होंने आकाशवाणी की नौकरी छोड़कर स्वतंत्र लेखन का रास्ता चुना।

फिल्म और रेडियो के इन अनुभवों ने उनके लेखन को कई तरह से समृद्ध किया। उनके पात्रों के संवाद सहज लगते हैं और कई दृश्य आंखों के सामने घटते हुए महसूस होते हैं। लेकिन उनकी सबसे बड़ी ताकत वही रही, जो बचपन से उनके साथ थी—लोगों की बातें सुनना और उनमें छिपी कहानी को पहचानना।

पुरस्कारों से बड़ी रही पाठकों के बीच पहचान

अमृतलाल नागर को उनके साहित्यिक योगदान के लिए कई सम्मान मिले। उनके उपन्यास अमृत और विष के लिए 1967 में उन्हें साहित्य अकादेमी पुरस्कार दिया गया। 1981 में उन्हें पद्म भूषण से सम्मानित किया गया। लेकिन नागर की पहचान को केवल इन पुरस्कारों से नहीं समझा जा सकता। उनकी किताबों में दर्ज समाज, शहर और लोगों की दुनिया ही उनकी सबसे बड़ी पहचान है।

23 फरवरी 1990 को लखनऊ में उनका निधन हो गया। उनके जाने के बाद भी उनकी रचनाएं उस शहर और समाज की आवाज सुनाती हैं, जिसे उन्होंने इतने करीब से देखा था। आज ये कोठेवालियां पढ़ें या नाच्यौ बहुत गोपाल, गदर के फूल पढ़ें या बूंद और समुद्र—हर जगह एक ऐसा लेखक मिलता है, जो अपने पात्रों को ध्यान से सुनता है और उन्हें अपनी बात कहने देता है।

बचपन में एक किस्सागो से कहानियां सुनने के लिए पैसे देने वाला वह लड़का आगे चलकर खुद हिंदी का बड़ा किस्सागो बना। फर्क इतना था कि उसने केवल सुनी हुई कहानियां आगे नहीं सुनाईं। उसने अपने आसपास के लोगों की जिंदगी को कहानी बनाया। उन लोगों की, जिनके पास कहने के लिए बहुत कुछ था, लेकिन जिन्हें सुनने वाला कम मिलता था। अमृतलाल नागर ने उन्हें सुना, समझा और साहित्य में जगह दी। शायद यही वजह है कि उनकी किताबों में आज भी लखनऊ की गलियां, वहां के लोग और उनकी आवाजें सुनाई देती हैं। मुझे लगता है कि अगर नागर को बहुत करीब से और ध्यान से पढ़ना है, तो उनके बारे में कोई राय बनाने से पहले कुछ समय समाज के साथ उसी तरह रिश्ते बनाकर जीने की कोशिश करनी होगी।

यह भी पढ़ें: बांग्ला ने कहा ‘हमसे ज्यादा अनुप्रास कहीं नहीं’, तो हिंदी के लेखक ने अपना परिचय ही अनुप्रास में दे दिया

कलकत्ता में एक साहित्यिक सभा हुई। वहां बांग्ला भाषा में अनुप्रास की विशेषता बताने वाला एक निबंध पढ़ा गया। बात केवल इतनी नहीं थी कि बांग्ला में सुंदर शब्दों और ध्वनियों का मेल होता है। बांग्ला को कविता की भाषा बताते हुए यह दावा भी किया गया कि उसमें जितना अनुप्रास है, उतना किसी दूसरी भाषा में नहीं। हिंदी के लेखक पंडित जगन्नाथ प्रसाद चतुर्वेदी को यह बात खटक गई। उन्हें लगा कि हिंदी में भी अनुप्रास की कमी नहीं है। फिर यह साबित क्यों न किया जाए? उन्होंने तय किया कि इसका जवाब बहस से नहीं, उदाहरणों से दिया जाएगा। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां पर करें क्लिक