ढलान में उतरने के कारण बार बार ब्रेक लग रहे थे। कार की गति कुछ कम हो गई थी। घुमावदार रास्ते को नापते कार धीरे-धीरे आगे बढ़ रही थी। मंद-मंद पवन बह रही थी। आशा जी ने गाड़ी का शीशा नीचे कर लिया। वे प्रकृति के इस सुंदर नज़ारे को बिना किसी अवरोध के करीब से महसूस करना चाहती थी और साथ में हवा के इन नरम झोंको का अहसास अपने चेहरे पर पाना चाहती थीं। शहर की आबोहवा ऐसी कहाँ…..? वहँ पर तो कई बार जाड़ों में चार-चार महीने तक मास्क लगाना आवश्यक था क्योंकि वायु प्रदूषण का स्तर काफी अधिक बढ़ जाता था। हरे भरे जंगलों से ढके पहाड़, उनके बीच में कभी-कभी दिखता सूरज का लाल गोला जो अपने दिनभर की यात्रा पूरी करने के बाद अब विश्राम की ओर बढ़ रहा था। कार के आगे बढ़ने के साथ-साथ कभी दिखता और कभी ओझल हो जाता। देवदार और बाज के ऊँचे-ऊँचे वृक्ष हरियाली की गाथा कहते, उनके बीच में लहराते बुरांश के वृक्ष जिनमें सुर्ख लाल फूल मानो अपने सौंदर्य से खुद ही प्रभावित होकर इतरा रहे हों। आशा जी का मन हुआ कि वे कार से उतरकर कुछ देर इस मनोरम दृश्य का आनंद लें।

“अरे बेटा, ज़रा गाड़ी रोकना। पैर थक गए हैं बैठे-बैठे। थोड़ी देर बाहर का ताज़ी हवा का आनंद लेती हूँ। तू भी तो इतने लंबे सफर में गाड़ी चलाते हुए थक गया होगा। थोड़ा सुस्ता ले और कुछ खा ले।” जयराम ने थोड़ी सी जगह देखकर गाड़ी किनारे लगा दी।

गाय, बैल और बकरियों के झुंड अपने छोटे-छोटे बच्चों के साथ घर को वापस लौट रहे थे। उनके साथ में कुछ चरवाहे भी थे। जो अपने स्थानीय भाषा में उन्हें अब घर चलने को आवाज़ दे रहे थे। लगता था कि कुछ जानवर अपने झुंड से बिछड़ गए थे या घास खाने में इतने तल्लीन हो गए थे कि उन्हें ध्यान ही नहीं रहा कि घर लौटने का समय हो गया है। चरवाहे एक विशेष तरह की आवाज निकाल कर उन सबको बुलाने की कोशिश कर रहे थे और अलग-अलग दिशाओं से जानवर आकर एक साथ एकत्र हो रहे थे। किसी स्त्री की बिंदी सरीखा सूरज का लाल गोला पहाड़ी पर आकर टिक गया था। मानो सकल जगत से विदा ले रहा हो और कल फिर से आने का वचन दे रहा हो। पक्षी भी अपने-अपने नीड़ की ओर जाने को आतुर थे और बड़े ही अनुशासित तरीके से झुंड के झुंड में आसमान में उड़ते दिख रहे थे।

इस अद्भुत नज़ारे में आशा जी इस कदर खो गई कि जहाँ बैठी थीं, वहाँ से उठने का नाम ही नहीं ले रही थीं। उनके घर की दूरी यहां से अभी लगभग सात किलोमीटर और थी। कुछ ही दूरी पर कार में बैठा जयराम बाहर आ गया। उनके पास आकर बोला,”माँ जी, घर नहीं चलना क्या…यहीं बैठी रहेंगी…?”

उसकी आवाज़ सुनकर आशा जी की तंद्रा भंग हुई, “अरे जय राम, देख ना.. कितना सुंदर दृश्य है। वहां शहर में यह सब कहां नसीब..।”
‌”अच्छा यह बता कि घर पहुँचने में अभी कितना समय लगेगा।”

“माँजी, मुझे लगता है कि मोबाइल नेटवर्क कुछ कमज़ोर पड़ गया है लेकिन लगभग सात आठ किलोमीटर और चलना है। आधा घंटा मान लीजिए।”
लगभग सभी जानवर अब वहाँ से जा चुके थे। सूरज भी आराम करने पहाड़ी के पीछे कहीं समा चुका था मगर आसमान में पश्चिम दिशा में अभी भी लालिमा छाई हुई थी। आशा जी ने इस दृश्य को अपने कैमरे में कैद कर लिया। फिर इत्मीनान से उठकर बोली, “चल जयराम, अब आगे का सफर तय करते हैं। वहाँ भी लोग हमारा इंतज़ार कर रहे होंगे।”

लगभग दो-तीन किलोमीटर आगे बढ़े थे तो सामने से एक मोटरसाइकिल आती हुई दिखाई दी जो उनके पास आकर रुक गयी। आशा जी के कहने पर जयराम ने भी गाड़ी रोकी। एक नवयुवक बाइक से उतरा और आशा जी के सामने हाथ जोड़कर खड़ा हो गया। वह आशा जी के रिश्ते का भतीजा लगता था। बैंगलोर की किसी आईटी कंपनी में जॉब करता था, इधर कुछ दिनों के लिए गाँव आया था।

बड़ी ही विनम्रता से बोला,”गाँव में सब लोग आपका इंतज़ार कर रहे हैं। आपको आने में कुछ देर हो गई इसलिए पिताजी ने मुझे जाकर देखने को बोला।”

“हाँ बेटा, गाड़ी में बैठे बैठे पैर थक गए थे इसलिए मैंने सोचा कि थोड़ी देर बाहर उतर लिया जाए ….और बाहर मौसम इतना सुहाना था कि बैठे बैठे ही बहुत समय हो गया और अगर यह जयराम मुझे नहीं जगाता तो मैं तो इन सुंदर नज़ारों में ही खो गई थी।”
इतना कहकर आशा जी अपने चिर परिचित अंदाज़ में मुस्कुरा दी।

वे लोग आगे बढ़े। गाँव की दूरी अब लगभाग दो किलोमीटर रह गई थी। आशा जी ने देखा कि पाँच-सात लोगों का समूह पैदल उनकी ओर आ रहा है। पास आने पर पता चला ये सभी लोग उन्हीं के स्वागत में आ रहे थे। इनमें कुछ बच्चे भी थे। जिन्हें आशा जी ने अपनी गाड़ी पर बैठा लिया।

इतने वर्षों से छूटा हुआ घर रहने लायक नहीं था इसलिए यह पहले ही तय हो गया था कि आशा जी गाँव पहुंचकर कुछ दिन ग्राम प्रधान के घर में रहेंगीं जो उनकी ही बिरादरी में आते थे। गाड़ी गेट के आगे रुकी। वहाँ पर स्वागत की परंपरागत तैयारियां पहले से ही की हुई थीं। कुमाऊँनी अंदाज़ में पिठिया, अक्षत, चंदन और फूलों से सजी हुई आरती की थाली लिए हुए प्रधान जी की पत्नी सुषमा मुस्कुराते हुए वहाँ पर खड़ी थी। आशा जी के उतरते ही सब लोग उनके चरण स्पर्श करने आगे बढ़े। एक समय था जब वे खुद उस गाँव की नई-नई बहू बन कर गयीं थीं और सब सयानों के चरण स्पर्श करती थीं। आज इतने सालों बाद वे वहां पर कई बच्चों की दादी बन गई थीं। उनकी पिछली पीढ़ी के कई लोग तो इस दुनिया से विदा भी ले चुके थे।

इतने वर्षों से इधर आना जाना रहा ही नहीं तो कई लोगों ने उनकी ज़मीन पर कब्ज़ा कर लिया था। कुछ वर्ष पहले जब गाँव में सड़क पहुँचने की कवायद शुरू हुई तो इसके लिए भी ग्रामीणों की ही ज़मीन अधिग्रहित की गई जिसमें आशा जी की ज़मीन का काफी बड़ा हिस्सा चला गया हालांकि मुआवजा अभी तक नहीं मिला था।
अगली शाम वह प्रधान की पत्नी के साथ अपने खेतों की ओर भ्रमण के लिए निकली। एक पुराने टूटे हुए से मकान की ओर इशारा करते हुए प्रधान पत्नी ने बताया, “ये लोग कई वर्षों से आपकी ज़मीन पर खेती कर रहे हैं। हमने तो कई बार मना भी किया लेकिन मानते ही नहीं। आपको बताना भी चाहा था लेकिन इतने लंबे समय से आपसे कोई संपर्क ही नहीं रहा, ना कोई फ़ोन नंबर न कोई दूसरा माध्यम। अब आप आ गई हैं तो खुद ही इन लोगों से बात कर लेना।”

“हाँ सुषमा, मैं बात कर लूँगी। जल्दी क्या है, अभी तो कुछ समय रुकूँगी ही यहाँ।”

“अरे दीदी, आप समझेंगी नहीं इन लोगों को। पहले छोटा सा टिन का छप्पर डाल लेते हैं, फिर उस ज़मीन को कब्ज़ा कर पक्का मकान बना लेते हैं।”

“सुषमा इतनी चिंता न कर। मुझे भी क्या करना है इस ज़मीन ज़ायदाद का। राजेश जी चले गए। कुछ समय बाद मैं भी चली जाऊँगी। यह ज़मीन यहीं की यहीं पड़ी रह जाएगी।”

“पर दीदी, कोई बता रहा था कि राहुल यहाँ पर रिसोर्ट बनाना चाहता है।” बात काटते हुए सुषमा बोली।

“सुषमा, राहुल के पास कोई कमी नहीं है। वो और उसकी पत्नी अमेरिका में खूब पैसा कमा रहे हैं। दीनू की हालत देख। झोपड़ी में कितना खुश है, जैसे कि राजमहल में रहता हो। अगर उसे यह झोपड़ी खाली करने को कह दूँ तो सोच कहाँ जाएगा अपने बच्चों को लेकर। खेती से थोड़ा बहुत सब्ज़ी और अनाज उगा लेता है तो क्या बुरा है..?”

वैसे भी कौन जानता है, इस जमीन का असली हकदार कौन है। पुराने समय में ज़मीन जायदाद की इतनी कीमत ही नहीं होती थी। लेकिन समय के साथ साथ लोगों में होशियारी आ गई। जिसे जहाँ पर मिल गया उसने अपना कह दिया। इस ज़मीन के असली हकदार तो ये बेसहारा लोग ही हैं। फिर अपने ही गाँव के सीधे-साधे लोग हैं, कोई गैर तो नहीं।” आशा जी बिना रुके यह सब कह गई। फिर सुषमा के बोलने की कोई वज़ह न थी। घूम फिर कर दोनों वापस घर आ गईं।

पिछली रात तो सफर की थकान के कारण आशाजी खाना खाने के बाद तुरंत सो गई थी पर आज रात उन्हें नींद नहीं आ रही थी। आशा जी सोचने लगी कि इतने वर्ष हो गए थे उन्हें गाँव का रूख किए हुए। वे तो अपनी ज़मीन के बारे में बहुत अधिक जानती भी नहीं। विवाह के कुछ समय बाद ही पति के साथ शहर चली गई थी और फिर कभी कभी ही आना होता था वह भी जब तक सास-ससुर वहाँ रहे। उनके पति राजेश जी अपने माता-पिता की इकलौती संतान थे इसलिए सारी ज़मीन जायदाद पर उनका ही एकलौता अधिकार भी था। परंतु अपनी नौकरी की विवशता और बच्चों की शिक्षा दीक्षा की वजह से वे गांव का रुख कम ही कर पाए। इसके अलावा हो ना हो थोड़ा बहुत लापरवाही भी रही। हमारे घर गाँव में सुविधाओं के अभाव ने हमारा भी उनसे मोहभंग करा दिया है। स्वतंत्रता प्राप्ति के इतने वर्ष बीत जाने के बाद भी कई गाँवों में आज तक बिजली, पानी और सड़क की सुविधा नहीं है। जिसके के चलते लोग पढ़ाई और रोज़गार के लिए पलायन कर ही जाते हैं। एक बार जो घर से निकल गया, उसका वापस आना मुश्किल ही हो जाता है। हाँ, मेहमान के तौर पर कभी-कभी उसके दर्शन घर गाँव को हो जाते हैं। यही हुआ था आशा जी के पति राजेश जी के साथ भी। बार-बार गाँव आना संभव नहीं होता था तो वृद्धावस्था में माता-पिता को भी अपने ही साथ शहर में ले गए और फिर उन दोनों के देहांत के बाद तो गाँव जाने का मानो कोई मकसद ही ना था।
आशा जी शुरू से ही बहुत शान्त और उदार स्वभाव की मालकिन रही थी। पति प्रशासनिक अधिकारी थे अतः विभिन्न शहरों में आशा जी को घूमने का सुअवसर मिलता रहता था। हाँ, विदेश जाने की उनकी बहुत बड़ी चाहत थी। उन्होंने पासपोर्ट भी बनवाए थे। कई बार पति से इस बारे में बात भी की। वे ख़ुद भी भी आशा जी को विदेश घुमाना चाहते थे परंतु संयोग ही कुछ ऐसा बना कि जाना संभव नहीं हो पाया। और फिर इधर दो साल पहले राजेश जी का असामयिक निधन हो गया। आशा जी के दो बेटे विदेश में और एक बेटी चंडीगढ़ में थी। उनकी बचपन की सहेली नीरू जो दिल्ली में रहती थी, वह तो कई बार अपने बेटे के पास अमेरिका हो आयी थी। जब जाती तो तीन या छ महीना रुक कर ही आती और लौटने पर जब फोन पर आशा जी को वहां की बातें बताती तो उनका भी मन करता कि वह भी विदेश जायें और वहाँ की लाइफ स्टाइल को देखें, समझें। एक बार तो उन्होंने नीरू से वीडियो कॉल करके वहाँ की जगह उन्हें दिखाने को भी कहा। भोली और स्वच्छ हृदय वाली आशा जी किसी बच्चे से कम न थी। पति की मृत्यु के बाद वह थोड़ा गंभीर हो गई थी। अकेलापन उन्हें खाने लगा था। उन्होंने कई बार बेटों से ज़िक्र भी किया था कि वे खुद भी उनके पास आकर रहना चाहती हैं। परंतु दोनों ही बेटों ने कुछ न कुछ बहाना बनाकर टाल ही दिया। राजेश जी ने रिटायरमेंट के बाद मुंबई के पास के एक उपनगर में छोटा सा घर खरीदा जहाँ पर दोनों सानंद रह रहे थे परंतु इसी बीच ही ये अनहोनी हो गई। बेटी और दामाद दोनों बहुत मोह रखने वाले थे। इस बीच दामाद एक दो बार उन्हें लेने के लिए मुंबई भी पहुँचे। बेटी को माँ की बहुत फ़िक्र रहती थी। आशा जी कुछ दिनों के लिए वहां जातीं परंतु ज़ल्द ही लौटने का मन बन जाता क्योंकि बेटी के सास-ससुर भी परिवार में थे। यूँ तो दोनों बहुत भले इंसान थे पर आशा जी को थोड़ा संकोच होता जो स्वाभाविक ही था।

दिन में लगभग तीन बजे का समय था। आशा जी गाँव के ही कुछ बच्चों को लेकर उसी रास्ते पर घूमने निकल गई जहाँ से वह कल आई थी। बच्चे वहाँ पहुँचकर खेलने लगे और आशा जी दीवार के किनारे बैठ गई। उन्हें चालीस-बयालीस साल पुराना समय याद आ गया। जब विवाह के बाद पहली बार डोली में बैठकर यहाँ आई थीं। तब इस पक्की सड़क का नामोनिशान नहीं था। कच्ची पगडंडी से होते हुए जाना होता था। रास्ता टेढ़ा मेढ़ा था। कई बार भटकने का डर भी रहता था। आशा जी तो आगे चलने की होड़ में कई बार रास्ता भटक जातीं और चरवाहों के बनाए गए रास्तों की ओर मुड़ जातीं।।

फिर राजेश जी धीमे से सीटी बजा कर उन्हें पूछते, “किधर चलीं…?” आशा जी दौड़कर वापस आती थीं और बनावटी गुस्से में उनकी पीठ पर एक धप्पी देते हुए कहती,” पहले नहीं बता सकते थे…?” फिर दोनों हॅंसते हुए आगे का रास्ता नापने लगते। आशा जी को इन टेढ़े मेढ़े रास्तों में चलने का अनुभव कभी नहीं था परंतु वे बहुत ही खुशी के साथ चलतीं क्योंकि उनके लिए यह एक नया अनुभव था। रास्ते में एक पेड़ से दूसरी में छलांग लगाते बंदर दिखते। उन्हें देख आशा जी डर कर राजेश जी से लिपट जातीं। वे इधर-उधर नज़र दौड़ाते कि कहीं किसी ने उन्हें देखा तो नहीं क्योंकि आसपास के गाँवों के लोग जानवरों को चराने उसी रास्ते से आते और उनके लिए चारा लेकर जाते थे। तब गाँव में चीड़ के पेड़ थे। गर्मियों में चीड़ की पत्तियाँ सूख कर ज़मीन पर गिर जाती थी और उनमें चलने में फिसलन होती थी। कई बार वे उनमें फिसल कर गिर जातीं और राजेश जी सहारा देकर उठाते। ऐसी कई बातें थी जो उनके मन को गुदगुदा रही थी। मगर राजेश जी के साथ ना होने की बात टीस भी पैदा कर रही थी।

अगले दिन सुबह वे घर से लगभग एक किलोमीटर दूर अपने खेतों की और गयीं जहाँ अपने विवाह के अवसर पर उन्होंने अपने पति के साथ बरगद का एक पौधा लगाया था जो अब एक बूढ़े वृक्ष के रूप में परिवर्तित होकर अपनी शाखाएं दूर-दूर तक फैलाता हुआ मानो कह रहा हो कि आ जाओ, मेरी आगोश में समा जाओ।

तभी अचानक यादों का एक झोंका न जाने किधर से आया। वो फिर यादों में डूब गईं। कितना बड़ा घर परिवार था उनका बिल्कुल इस बरगद के पेड़ की तरह। राजेश जी के माता पिता, चाचा-चाची, ताऊ- ताई और उन सब के बच्चे। फिर कुछ वर्ष बाद खुद उनके तीन बच्चे। परंतु धीरे-धीरे सब अपने अपने रास्ते चले गए। किसी ने इस दुनिया से विदा ले ली और कोई इसी दुनिया के अन्दर एक छोटी दुनिया बनाकर वहाँ व्यस्त हो गया। जीवन का ताना-बाना ध्वस्त हो गया था मगर यह बरगद आज भी वहीं है। उन बुजुर्गों की प्रतिमूर्ति बनकर सभी को छांव और सहारा दे रहा है।

आशा जी को इस बात का भी बहुत फख्र था कि पूरा गाँव उन्हें आदर देता है और अपने परिवार का हिस्सा मानता है। मुंबई जैसे महानगरों में इतनी आत्मीयता कहाँ? कहने को तो आमने सामने छोटे छोटे फ्लैट्स होते हैं पर सभी के दरवाज़े एक दूसरे के लिए बंद। एक दूसरे के सुख दुख की भनक भी कहाँ लगती है वहां ….?

तभी उनके मन में एक विचार ने जन्म लिया। उन्होंने अपने पुश्तैनी घर की मरम्मत करवाकर यही रहने का फैसला कर लिया। अपने पिता की मृत्यु के बाद उनका बड़ा बेटा उनसे गाँव की ज़मीन के बारे में जानकारी ले रहा था। उसका इरादा वहाँ पर रिजॉर्ट बनाने का था। तब तो आशा जी ने उसे सहमति दे दी थी परंतु अब उन्होंने अपना मन बदल लिया था। जून का महीना था। अवसर भी उपयुक्त था अतः उन्होंने दीनू की झोपड़ी को सुरक्षित रखते हुए बरगद, नीम, पीपल और ऑंवले के कुछ और वृक्ष लगवाने की योजना बनाई ताकि गाँव की हरियाली बनी रहे और पंछियों को भी बसेरा मिलता रहे। ये गाँव पशु पक्षियों को आश्रय देने के लिए ही उपयुक्त हैं। कंकरीट के जंगल तो शहरों में ही अच्छे लगते हैं।

(जनसत्ता के पाठक हर बुधवार को ‘पढ़ो कहानी’ श्रृंखला की कहानियां जनसत्ता ऑनलाइन पर पढ़ सकते हैं।)

यह भी पढ़ें: ‘मैं हार गई’ से ‘घुटन’ तक, पढ़ें मन्नू भंडारी की 5 कालजयी कहानियां

मंन्नू भंडारी की कहानी ‘एक प्लेट सैलाब’ में आधुनिक शहर का ऐसा जीवन दिखाया गया है, जहां लोग बाहर से बहुत व्यस्त, आधुनिक और सामाजिक नजर आते हैं… पूरी कहानी यहां पढ़ें