|
Monday, 18 March 2013 14:08 |
नयी दिल्ली । राज्यसभा में आज सपा ने विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद के मुस्लिमों को चार फीसदी आरक्षण देने संबंधी बयान पर कड़ा विरोध जताते हुए प्रधानमंत्री से इस मामले में सफाई देने की मांग की।
सपा के नरेश अग्रवाल ने प्रश्नकाल के बाद व्यवस्था का प्रश्न उठाते हुए कहा कि सलमान ने उत्तर प्रदेश में जा कर यह बयान दिया है कि सरकार आंध्रप्रदेश की तर्ज पर मुस्लिमों को चार फीसदी आरक्षण देगी। उन्होंने कहा कि सलमान का यह बयान संविधान के अनुच्छेद 86 और 87 तथा उच्च सदन के नियमों एवं परंपराओं के विरूद्ध है। उन्होंने कहा कि पहली बात तो यह है कि सलमान को संसद का सत्र चलने के दौरान सदन के बाहर नीतिगत मुद्दे पर
कोई बयान नहीं देना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह एक नीतिगत मामला है और यदि सरकार को कोई घोषणा करनी ही थी तो उसका उल्लेख राष्ट्रपति के अभिभाषण में होना चाहिए था। अग्रवाल ने कहा कि इस बयान के माध्यम से खोखली लोकप्रियता पाने के लिए सदन की अवमानना की गई है। उन्होंने कहा कि सपा मुस्लिमों को आरक्षण देने के खिलाफ नहीं है लेकिन सरकार यदि ऐसा करना चाहती है तो उसे इसकी स्पष्ट घोषणा करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री इस मामले में सफाई दें और स्थिति स्पष्ट करें। पीठासीन अध्यक्ष ई एम सुदर्शन नचिअप्पन ने उनके व्यवस्था के सवाल पर अपना मत देते हुए कहा कि यह नीतिगत मामला नहीं है। (भाषा)
|
|
Last Updated on Monday, 18 March 2013 14:59 |