|
Wednesday, 13 March 2013 15:33 |
|
हैदराबाद (भाषा)। राष्ट्रीय जांच एजेंसी :एनआईए: ने 2007 के मक्का मस्जिद विस्फोट मामले के आरोपी राजेन्द्र चौधरी से हिरासत में पूछताछ आज लगातार तीसरे दिन भी जारी रखी।
गौरतलब है कि मक्का मस्जिद विस्फोट के सिलसिले में यहां की एक स्थानीय अदालत ने इससे पहले 11 मार्च को चौधरी को 15 दिनों के लिए :26 मार्च तक: एनआईए की हिरासत में दे दिया था। एनआईए सूत्रों ने बताया, ‘‘राजेंन्द्र चौधरी से पूछताछ अभी जारी है।’’ दरअसल, एनआईए मक्का मस्जिद में एक बम रखे जाने में उसकी कथित भूमिका को लेकर उससे पूछताछ करना चाहती थी। चौधरी को एक ट्रांजिट वारंट पर
हरियाणा से यहां लाया गया था। चौधरी समझौता एक्सप्रेस विस्फोट मामले में मुख्य आरोपी है। दक्षिण पंथी आतंकवादियों के बीच उसे समुंदर सिंह के नाम से भी जाना जाता है। उसे एनआईए ने पिछले साल दिसंबर में उज्जैन से गिरफ्तार किया था। यहां स्थित ऐतिहासिक मक्का मस्जिद में मोबाइल फोन के जरिए 18 मई 2007 को शुक्रवार की नमाज के दौरान एक बम विस्फोट को अंजाम दिया गया था जिसमें नौ लोगों की मौत हो गई थी। वहीं विस्फोट के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे लोगों पर पुलिस की गोलीबारी में पांच अन्य लोगों की मौत हो गई थी।
|
|
Last Updated on Wednesday, 13 March 2013 16:24 |