|
Wednesday, 07 November 2012 20:26 |
|
नयी दिल्ली (एजेंसी) लगभग 15 महीने बाद भारतीय टेस्ट टीम में वापसी करने वाले आफ स्पिनर हरभजन सिंह इंग्लैंड के खिलाफ 15 नवंबर से होने वाली श्रृंखला को लेकर काफी उत्साहित हैं और उन्होंने कहा कि वह इसमें खेलने के लिये बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
हरभजन को पहले दो टेस्ट मैचों के लिये 15 सदस्यीय टीम में जगह दी गयी है। उनके अलावा दो अन्य विशेषज्ञ स्पिनर आर अश्विन और प्रज्ञान ओझा भी टीम का हिस्सा हैं। रणजी ट्राफी के पहले मैच में पंजाब की अगुवाई करने वाले हरभजन ने आज अपने ट्विटर पेज पर लिखा है, ‘‘हैदराबाद के खिलाफ हमारे पहले रणजी मैच में पंजाब
की जीत शानदार रही। मैं टेस्ट मैचों के लिये भारतीय टीम में वापसी करके बेहद खुश हूं। अब इंतजार नहीं कर सकता। ’’ हरभजन ने अपना आखिरी टेस्ट मैच जुलाई . अगस्त 2011 में इंग्लैंड के खिलाफ ही नाटिंघम में खेला था। इसके बाद उन्हें टीम से बाहर कर दिया गया था। इस आफ स्पिनर ने अब तक 98 टेस्ट मैचों में 406 विकेट लिये हैं और यदि उन्हें पहले दोनों टेस्ट मैच में खेलने का मौका मिलता है तो वह 100 टेस्ट मैच खेलने वाले नौवें भारतीय बन जाएंगे। हरभजन ने अपने समर्थकों का भी आभार व्यक्त किया है जिन्होंने टीम से बाहर रहने के दौरान उन पर भरोसा बनाये रखा था।
|
|
Last Updated on Wednesday, 07 November 2012 20:33 |