|
Wednesday, 27 February 2013 22:16 |
|
नयी दिल्ली (भाषा)। भाजपा ने आज कहा कि हेलिकॉप्टर खरीद घोटाले की जेपीसी जांच बमुश्किल ही प्रभावकारी होगी क्योंकि इसमें विभिन्न दलों का प्रतिनिधित्व नहीं होगा और बिना प्राथमिकी के यह कदम लोगों को ‘बेवकूफ’ बनाना होगा।
भाजपा ने यह भी कहा कि बिना प्राथमिकी दर्ज किए जेपीसी गठित करना निरर्थक और जनता को मूर्ख बनाना होगा और इससे जांच में विलंब होगा। राज्यसभा में विपक्ष के नेता अरूण जेटली ने प्रेस ट्रस्ट से कहा, ‘‘यह बमुश्किल जेपीसी होगा। यह सीडब्ल्यूसी :कांग्रेस कार्य समिति: होगा।’’ भाजपा, जद :यू:, तृणमूल कांग्रेस, भाकपा और अगप ने जेपीसी का बहिष्कार किया और संसद से उस वक्त बहिर्गमन किया जब राज्यसभा में
ध्वनि मत से इस संबंध में प्रस्ताव पारित किया गया। भाजपा प्रवक्ता प्रकाश जावडेकर ने कहा, ‘‘स्थिति की तुलना 2 जी घोटाले पर जेपीसी से करना कांग्रेस की तरफ से गलती होगी। यहां स्थिति बिल्कुल अलग है जब कोई प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है और अदालत की कोई निगरानी नहीं है। बिना प्राथमिकी के जेपीसी के बारे में बात करना बिल्कुल बेईमानी है। बिना प्राथमिकी और बिना अदालत की निगरानी के जेपीसी धोखा है।’’ उन्होंने कहा कि जब तक प्राथमिकी दर्ज नहीं की जाती है और अदालत जांच की निगरानी नहीं करती है तब तक जेपीसी गठित करना जनता को मूर्ख बनाने जैसा और जांच में विलंब का प्रयास है।
|
|
Last Updated on Wednesday, 27 February 2013 22:42 |