|
Wednesday, 27 February 2013 16:01 |
मुंबई। महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) प्रमुख राज ठाकरे के काफिले पर पथराव के बाद मुंबई के कई हिस्सों और निकटवर्ती ठाणे जिले में तनाव फैल गया है।
राज के काफिले पर अहमदनगर जिले में पथराव किया गया है। इसके लिए राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी :राकांपा: के कार्यकर्ताओं पर आरोप लगाया गया है। मनसे कार्यकर्ताओं ने ठाणे के अम्बरनाथ में राकांपा कार्यालय पर हमला किया। मनसे कार्यकर्ताओं ने बंद का आह्वान किया है। आक्रोशित मनसे कार्यकर्ताओं ने राज्य के उप मुख्यमंत्री और राकांपा नेता अजित पवार का पुतला जलाया और यहां कई जगहोंं पर उनके पोस्टर पर कालिख भी पोती गई । पुलिस के अनुसार मुंबई उनगरीय इलाकों चेम्बूर, कुर्ला और बांद्रा में भी पथराव किए जाने की खबर है। ठाणे के अम्बरनाथ में मनसे कार्यकर्ताओं ने राकांपा के दफ्तर पर हमला किया और जबरन बंद
कराने का प्रयास किया। उधर, राकांपा प्रवक्ता महेश तपसे ने दावा किया कि उनकी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जबरन बंद करवाने की मनसे कार्यकर्ताओं की कोशिश को नाकाम कर दिया। कई स्थानों पर मनसे और राकांपा कार्यकर्ताओं के बीच मामूली झड़पों की भी खबर है, हालांकि इसकी आधिकारिक रूप से पुष्टि नहीं हुई है। मनसे समर्थकों ने कुछ वाहनों में तोड़फोड़ भी की है। राकांपा के कथित कार्यकर्ताओं ने अहमदनगर के भींगड़ इलाके में राज ठाकरे के कार्यकर्ताओं पर पथराव किया और काले झंडे दिखाए। यह घटना कल शाम की है। राज वहां पार्टी संबंधी काम के लिए पहुंचे थे। राकांपा कार्यकर्ता राज ठाकरे द्वारा अजित पवार की आलोचना से नाराज थे। राज ठाकरे ने आरोप लगाया था कि शरद पवार के भतीजे अजित राज्य के कई हिस्सों में सूखे के लिए जिम्मेदार हैं। (भाषा)
|
|
Last Updated on Wednesday, 27 February 2013 18:06 |